Election Commission: मैं भारत हूं...वोटरों को लुभाने के लिए ECI का नया गीत, कई मशहूर हस्तियों ने दी हैं आवाजें
Election Commission: हिंदी संस्करण में प्रसिद्ध गायक सुखविंदर सिंह, कविता कृष्णमूर्ति, सोनू निगम, हरिहरन, अलका याज्ञनिक, जावेद अली, केएस चित्रा, कौशिकी चक्रवर्ती, उस्ताद राशिद खान ने अपनी आवाजें दीं हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय चुनाव आयोग ने इस साल होने वाले नौ राज्यों के विधानसभा चुनाव और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोग की पूरी कोशिश है कि इन चुनावों में मतदान का प्रतिशत बढ़े। आम लोगों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आयोग ने हाल ही में सुभाष घई फाउंडेशन के साथ मिलकर एक गाना 'मैं भारत हूं, हम भारत के मतदाता हैं' तैयार किया है। इस गीत को फिल्म निर्माता सुभाष घई ने ही लिखा है। देशभर के कई गायकों और अभिनेताओं ने इसमें भागीदारी की है। गीत में मतदाताओं से वोट डालने और अपना संवैधानिक कर्तव्य पूरा करने की अपील की गई है।
13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी, 2023 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में इस गीत को प्रदर्शित किया गया था। इसके बाद से ही यह गाना मीडिया पर लोकप्रिय हो रहा है। इसके लॉन्च होने के एक हफ्ते के भीतर, गाने के हिंदी और बहुभाषी संस्करण को पहले ही 3.5 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है और चार प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर और यूट्यूब पर 5.6 लाख इंप्रेशन मिल चुके हैं। इस बीच चुनाव आयोग ने सभी राज्यों के मुख्य चुनाव आयुक्तों को राज्यों में गाने को प्रमोट करने का निर्देश दिया है।
सुभाष घई की टीम ने गीत को दिया है अंतिम रूप
यह गीत चुनाव आयोग के व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी कार्यक्रम की ऐसी पहलों में से एक है। जो चुनाव आयोग के आदर्श वाक्य कोई मतदाता पीछे न छूटे के तहत सभी श्रेणियों के मतदाताओं से भागीदारी बढ़ाने के लिए समावेशी रणनीतियों और कार्य योजनाओं पर केंद्रित प्रमुख मतदाता शिक्षा कार्यक्रम है। गीत का उद्देश्य न केवल मतदाताओं को लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए उनके अधिकारों और जिम्मेदारी के बारे में शिक्षित करना है, बल्कि उन्हें चुनावी प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए उत्साहित करना भी है। चुनाव आयोग के अधिकारियों के अनुसार मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग के साथ सुभाष घई के नेतृत्व वाली टीम से कई बातचीत के बाद गीत को अंतिम रूप दिया गया।
यह हैं इस गीत की विशेषताएं
गीत के प्रेरक पंक्तियां प्रसिद्ध फिल्म निर्माता सुभाष घई द्वारा व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल स्कूल ऑफ म्यूजिक, मुंबई के सहयोग से लिखी और संगीतबद्ध की गयी हैं। इसे हिंदी और 12 क्षेत्रीय भाषाओं, यथा बंगाली, मराठी, गुजराती, पंजाबी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम, असमिया, उड़िया, कश्मीरी, संथाली में गाया गया है। सभी भाषाओं के गीत में 'मैं भारत हूं' का कोरस एक समान है।
हिंदी संस्करण में प्रसिद्ध गायक सुखविंदर सिंह, कविता कृष्णमूर्ति, सोनू निगम, हरिहरन, अलका याज्ञनिक, जावेद अली, केएस चित्रा, कौशिकी चक्रवर्ती, उस्ताद राशिद खान ने अपनी आवाजें दीं हैं। जबकि गीत के क्षेत्रीय संस्करण में प्रसिद्ध गायक कौशिकी चक्रवर्ती, वैशाली सामंत, भूमि त्रिवेदी, मीका सिंह, के.एस. चित्रा, मनो, विजय प्रकाश, विजय येसुदास, पापोन, दीप्ति रेखा पाधी, मेहमीत सैयद, पंकज जल हैं।
गीत में विविध मतदाता समूहों को दर्शाया गया है, जिनमें महिला मतदाता, युवा मतदाता, सौ वर्ष की आयु के मतदाता, पीडब्ल्यूडी मतदाता आदि शामिल हैं, जो समावेशी और आसान चुनाव प्रक्रिया को रेखांकित करते हैं। यह गीत, देश की क्षेत्रीय विविधता तथा सांस्कृतिक, सामाजिक-आर्थिक और भौगोलिक पहलुओं को केंद्र में रखते हुए तैयार किया गया है और इसलिए मतदाता की शक्ति का प्रतिनिधित्व करता है।
इस गीत के वीडियो में भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के आइकन पंकज त्रिपाठी के साथ-साथ अनिल कपूर, सिद्धार्थ मल्होत्रा, आर. माधवन, सुबोध भावे, प्रोसेनजीत चटर्जी, मोहनलाल, कपिल बोरा, सूर्या, गिप्पी ग्रेवाल, शुभमन गिल, हर्षल पटेल, इशान किशन, हार्दिक पांड्या, युजवेंद्र चहल, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर जैसी प्रसिद्ध हस्तियां भी ‘एक वोट के महत्व’ पर जोर देती नजर आती हैं।
इस गीत के बोल इस भावना से प्रेरणा लेते हैं कि हर भारतीय भारत से प्यार करता है। उनकी आत्मा, दिल, दिमाग और शरीर गर्व के साथ भारत की बात करते हैं, क्योंकि दुनिया के एक मजबूत लोकतंत्र के रूप में इसकी जड़ें बेहद प्राचीन हैं और यह अपने उज्ज्वल भविष्य के साथ प्रगतिशील व आधुनिक है। प्रत्येक भारतीय को यह कहने में गर्व महसूस होता है कि ‘मैं भारत हूं’, क्योंकि वे हमारे देश में शासन करने और इस देश का निर्माण करने के लिए सर्वश्रेष्ठ कार्यपालिका का चुनाव करने में एक व्यक्ति के वोट की शक्ति को जानते हैं।
इस गीत को प्रत्येक मतदाता को आधुनिक भारत के सर्वश्रेष्ठ वास्तुकारों में से एक बनने की आकांक्षा रखने के लिए तैयार किया गया है, जो अपने कर्तव्य के साथ-साथ अपने देश के लिए मतदान करने के अधिकार को समझते हैं। भले ही उनकी हैसियत, वर्ग, धर्म, जाति, स्थान, भाषा और लैंगिक पहचान कुछ भी हो। यही कारण है कि वे एक साथ गाते हुए गर्व महसूस करते हैं जैसा कि इस गीत में कहा गया है – “मैं भारत हूं- भारत है मुझसे - हम भारत के मतदाता हैं- मतदान देने जाएंगे भारत के लिए...।”