चुनाव चिन्ह के दावे पर सपा के दोनों धड़ों से आयोग ने 9 जनवरी तक मांगा जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साइकिल पर मचे घमासान के बीच चुनाव आयोग ने अखिलेश और मुलायम धड़ों से अपने अपने दावों को लेकर जवाब मांगा है। दोनों पक्षों को नौ जनवरी तक जवाब देने के लिए कहा है। वहीं रामगोपाल खेमे ने चुनाव आयोग को जवाब देने के लिए कमर कस ली है। रामगोपाल खेमा शुक्रवार को चुनाव आयोग से मुलाकात कर आयोग को अपने दावे को पुख्ता करने के लिए दस्तावेज देगा।
अखिलेश खेमे की आयोग को 200 से ज्यादा विधायकों के हस्ताक्षर के साथ समर्थन वाले हलफनामे आयोग को सौंपने की तैयारी है। विधायकों ने हलफनामे में अखिलेश का समर्थन करते हुए साइकिल पर दावा ठोका है। दूसरी तरफ दिल्ली में होने के बावजूद मुलायम खेमा शांत है। दोनों पक्षों की दावेदारी को लेकर दस्तावेज मांगे जाने के बाद संभावना यह भी जताई जा रही है कि आयोग दोनों में से किसी एक को साइकिल का चुनाव निशान दे सकता है।
'साइकिल का निशान अखिलेश को ही मिलेगा'
अखिलेश खेमे के प्रमुख नेता नरेश अग्रवाल ने अमर उजाला को बताया कि चुनाव आयोग ने नौ जनवरी तक जवाब देने के लिए कहा है। हमारी ओर से शुक्रवार को चुनाव आयोग जाकर जवाब दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अखिलेश के समर्थन में 200 से ज्यादा विधायकों, सांसदों और विधान परिषद के नेताओं के हस्ताक्षर वाले दस्तावेज चुनाव आयोग को सौंपे जाएंगे।
उन्होंने कहा, हमें उम्मीद है कि साइकिल का निशान अखिलेश को ही मिलेगा। उत्तर प्रदेश में पहले चरण का मतदान 11 फरवरी से शुरू हो रहा है, जबकि पहले चरण की अधिसूचना 17 जनवरी से है। पहले चरण के नामांकन की अंतिम तारीख 24 जनवरी है। आयोग को इससे पहले कोई भी फैसला लेना है।