{"_id":"5b300b094f1c1bb0318b88a1","slug":"dri-send-arrest-warrent-to-mirav-modi-by-email","type":"story","status":"publish","title_hn":"डीआरआई ने नीरव मोदी को ई-मेल से भेजा गिरफ्तारी वारंट","category":{"title":"India News","title_hn":"भारत","slug":"india-news"}}
डीआरआई ने नीरव मोदी को ई-मेल से भेजा गिरफ्तारी वारंट
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Mon, 25 Jun 2018 04:33 AM IST
विज्ञापन
राजस्व खुफिया एजेंसी डीआरआई ने पंजाब नेशनल बैंक से 13,000 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोपी फरार हीरा कारोबारी नीरव मोदी को कर चोरी के एक मामले में ई-मेल से गिरफ्तारी वारंट भेजा है। गुजरात के सूरत की एक अदालत में पेश नहीं होने पर नीरव के खिलाफ यह वारंट जारी किया गया। डीआरआई ने मार्च में नीरव मोदी और सूरत के विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) में स्थित उसकी तीन कंपनियों के खिलाफ उत्पाद शुल्क मुक्त आयातित उत्पादों को बेचने के आरोप में मामला शुरू किया था।
विज्ञापन
नियमों के मुताबिक, एसईजेड में मौजूद कंपनियों को शुल्क मुक्त वस्तुओं के आयात की अनुमति तभी मिलती है, जब सिर्फ उनका कच्चा माल आयात किया जाए और तैयार कर निर्यात कर दिया जाए।
विज्ञापन
डीआरआई ने पाया कि नीरव मोदी ने 890 करोड़ रुपये के हीरे और मोतियों को एसईजेड की कंपनियों के जरिये खुले बाजार में बेचा और 52 करोड़ के उत्पाद शुल्क की चोरी की। आयात शुल्क से बचने के लिए उसने कम गुणवत्ता वाले हीरे और मोती निर्यात कर दावा किया कि ये आयात करने के बाद तैयार किए गए थे।
विज्ञापन
मुकदमा शुरू होने के बाद सूरत के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने नीरव मोदी को समन भेजा, लेकिन न तो वह खुद हाजिर हुआ और न ही उसका प्रतिनिधि कोर्ट पहुंचा। इसके बाद उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।