अमर उजाला नहीं करा रहा कोई सर्वे, ठगों से रहें सावधान
पहड़िया में कारोबारी से हुई ठगी, कैंट पुलिस से की शिकायत
440 रुपये का चेक मांगा और खाते से निकाल लिए 28 हजार
विस्तार
पीड़ित ने कैंट पुलिस से शिकायत करने के साथ ही अमर उजाला के प्रसार विभाग से जुड़े अधिकारियों को ठगी की जानकारी दी है। बता दें कि अमर उजाला ऐसा कोई सर्वे नहीं करा रहा है और उसने ऐसे ठगों से लोगों को सावधान किया है। ठगी का शिकार हुए अजय पहड़िया में रहते हैं और गौरव ट्रेडर्स के नाम से उनकी एक फर्म है।
अजय ने बताया कि एक युवक कल उनके घर पर आया और खुद को अमर उजाला का सर्वेयर बताया और कहा कि महज 440 रुपये के भुगतान के एवज में एक साल तक अमर उजाला अखबार घर पर फ्री मिलेगा साथ ही साल भर में उनके प्रतिष्ठान का 12 वर्गीकृत विज्ञापन भी अखबार में फ्री छपेगा। पहले तो अजय ने मना कर दिया मगर बाद में वह राजी हो गए।
440 रुपये के चेक से निकाल लिया 28 हजार
अजय ने पंजाब नेशनल बैंक की पहड़िया ब्रांच का चेक काटकर पूरा ब्यौरा भरने के लिए युवक को दे दिया। बुधवार की सुबह जब उनके मोबाइल पर बैंक का एसएमएस आया तो वे भौचक रहे गए। जिस नंबर के चेक पर उन्होंने 440 रुपये की धनराशि भरी थी, उस नंबर के चेक से 28 हजार रुपये निकाल लिए गए थे।
जब वे शिकायत लेकर बैंक पहुंचे तो उन्हें खुद के ठगे जाने का पता चला। पड़ताल में पता चला कि ठगी में मैजिक पेन का इस्तेमाल हुआ है। कारोबारी के सामने चेक पर अमर उजाला और एमाउंट 440 रुपये भरा गया और जब वह चेक बैंक पहुंचा तो अमर उजाला की जगह मुकेश कुमार नाम था औा एमाउंट 28 हजार रुपये अंकित था।
जब अजय ने अमर उजाला के कार्यालय में संपर्क किया तो पता चला कि अमर उजाला की ओर से ऐसा कोई सर्वे नहीं हो रहा है कि और न ही ठग ने जो स्कीम बताई है वैसी कोई स्कीम ही है। बहरहाल, कारोबारी की लिखित शिकायत के बाद कैंट पुलिस जांच में जुट गई है।