महाराष्ट्र सरकार समझती है कि कोरोना से जंग खत्म, केवल कंगना से बची है लड़ाई : फडणवीस
महाराष्ट्र में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को राज्य सरकार पर निशाना साधा। फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार समझती है कि कोरोना वायरस के खिलाफ उसकी जंग समाप्त हो गई है और अब केवल अभिनेत्री कंगना रणौत के खिलाफ ही जंग लड़ने को बची है।
उन्होंने कहा, जितना समय आप (राज्य सरकार) कंगना के खिलाफ लड़ने में लगा रहे हैं उसका कम से कम आधा कोरोना वायरस को नियंत्रित करने में लगाइए। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह बात बिहार जाने से पहले नई दिल्ली में कहीं। उन्हें भाजपा ने बिहार में चुनाव संबंधी जिम्मेदारी दी है।
उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट में मराठा आरक्षण मामला पेश करते समय राज्य सरकार ने रणनीतिक गलती की। कोर्ट ने शिक्षा और रोजगार में मराठा समुदाय के लिए आरक्षण का प्रावधान करने संबंधी महाराष्ट्र सरकार के 2018 के कानून के अमल पर बुधवार को रोक लगा दी थी।
फडणवीस ने कहा, 'सरकार समझती है कि कोरोना के खिलाफ उसकी जंग समाप्त हो गई है और लड़ने के लिए उसके पास केवल कंगना के खिलाफ जंग बची है। पूरी सरकारी मशीनरी कंगना से लड़ने में शामिल है। वे जो करना चाहें कर सकते हैं लेकिन उन्हें कोरोना की स्थिति को संभालने पर ध्यान लगाना चाहिए।'
कंगना के ड्रग्स लेने के आरोपों की जांच का निर्देश
महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को मुंबई पुलिस को कहा है कि वह कंगना रणौत के खिलाफ ड्रग्स का इस्तेमाल करने के आरोपों की जांच करे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस को राज्य गृह विभाग से कहा गया है कि वह उन दावों की जांच करे जिनमें कहा गया है कि कंगना ने प्रतिबंधित नशीले पदार्थों का सेवन किया था।
अधिकारी ने बताया कि क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच करेगी। इससे पहले राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने मंगलवार को कहा था कि मुंबई पुलिस अभिनेता शेखर सुमन के बेटे अध्ययन सुमन के उन आरोपों की जांच करेगी जिसमें उन्होंने कहा था कि कंगना रणौत ने ड्रग्स का सेवन किया था।