एटीएम में सुधार के लिए टास्क फोर्स का किया गठन
आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने कहा, ‘2000 रुपये के नोट निकालने वाले एटीएम की प्रणाली में सुधार करने के साथ ही इनकी संख्या भी बढ़ाई जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए आरबीआई के डिप्टी गवर्नर की अध्यक्षता में टास्क फोर्स का गठन किया गया है।
इस टीम को बैंकों और विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर काम करने का निर्देश है ताकि कैश का वितरण और एटीएम नेटवर्क के हार्डवेयर व सॉफ्टवेयर को नए सिरे से सुधारने में तेजी लाई जा सके।’
इसकी पहली बैठक मंगलवार तक संभव है
उन्होंने कहा कि यह टास्क फोर्स सुनिश्चित करेगी कि एटीएम नेटवर्क सबसे कम समय में सुचारू हो जाए। इसकी पहली बैठक मंगलवार तक संभव है। आठ सदस्यीय इस टास्क फोर्स में वित्त मंत्रालय, गृह मंत्रालय और बैंकों के अधिकारियों को शामिल किया गया है और उन्हें सभी एटीएम को तेजी से सक्रिय करने की रणनीति पर काम करने का निर्देश है।
इसके अलावा इस टीम में नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) के सदस्य, डिपार्टमेंट ऑफ पेमेंट एंड सेटलमेंट सिस्टम्स (डीपीएसएस) के मुख्य महाप्रबंधक तथा आरबीआई में करेंसी मैनेजमेंट विभाग अधिकारी भी शामिल हैं।