{"_id":"6af34ed9da535a2cba08d34a","slug":"cpcb-explains-difference-between-its-aqi-data-and-private-apps-denies-underreporting-2026-11-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"निजी एप्स के एक्यूआई आंकड़ों में अंतर क्यों?: बोर्ड ने बताई वजह, डेटा कम दिखाने के आरोपों को किया खारिज","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
निजी एप्स के एक्यूआई आंकड़ों में अंतर क्यों?: बोर्ड ने बताई वजह, डेटा कम दिखाने के आरोपों को किया खारिज
Tue, 10 Nov 2026 10:35 PM IST
राहुल कुमार
पीटीआई, नई दिल्ली।
पीटीआई, नई दिल्ली।
Published by: राहुल कुमार
Updated Tue, 10 Nov 2026 10:35 PM IST
सार
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के स्तर को लेकर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) और निजी एप्स के आंकड़ों में अंतर सामने आने के बाद सवाल उठने लगे हैं। कई रिपोर्टों में आरोप लगाया गया कि सीपीसीबी प्रदूषण का वास्तविक स्तर कम दिखा रहा है। अब बोर्ड ने इन आशंकाओं पर सफाई दी है।
विज्ञापन
AQI
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को लेकर निजी एप्स और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के आंकड़ों में अंतर पर विवाद के बीच बोर्ड ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। सीपीसीबी ने मंगलवार को कहा कि दोनों के आंकड़ों में अंतर की वजह प्रदूषण मापने के तरीकों और उनकी कार्यप्रणाली में भिन्नता है, न कि आंकड़े कम दिखाना। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि निजी एप्स कुछ परिस्थितियों में अधिक एक्यूआई दिखा सकते हैं, लेकिन कम प्रदूषण के स्तर पर उनके आंकड़े राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एनएक्यूआई) से कम भी हो सकते हैं।
विज्ञापन
सीपीसीबी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी बयान में उन मीडिया रिपोर्टों का जवाब दिया, जिनमें दिवाली के दौरान और उसके बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक की रिपोर्टिंग को लेकर सवाल उठाए गए थे। इन रिपोर्टों में एक्यूआई का अधिकतम स्तर 500 तक सीमित रहने, दिल्ली के कुछ निगरानी केंद्रों पर आंकड़े उपलब्ध नहीं होने और दूसरे मंचों पर दिखाए जा रहे आंकड़ों से अंतर होने पर चिंता जताई गई थी।
विज्ञापन
निजी एप्स कभी ज्यादा तो कभी कम दिखाते हैं एक्यूआई
सीपीसीबी ने कहा कि आमतौर पर यह माना जाता है कि निजी एप्स एक्यूआई का स्तर अधिक दिखाते हैं। ऐसा तब हो सकता है, जब प्रदूषण का स्तर अचानक बहुत बढ़ जाता है और कुछ समय के लिए अत्यधिक ऊंचाई पर पहुंच जाता है। हालांकि, प्रदूषण का स्तर कम होने पर ये ऐप्स राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एनएक्यूआई) की तुलना में कम एक्यूआई दिखा सकते हैं। बोर्ड के मुताबिक, इसकी वजह यह है कि एनएक्यूआई पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदूषण के संपर्क में रहने के स्तर को ध्यान में रखता है।
विज्ञापन
2015 में शुरू हुआ था राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक
सीपीसीबी ने बताया कि राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एनएक्यूआई) की शुरुआत वर्ष 2015 में की गई थी। इसका उद्देश्य आम लोगों तक वायु गुणवत्ता की स्थिति की जानकारी आसान और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है। इसके तहत हवा में मौजूद अलग-अलग प्रदूषकों से जुड़े जटिल आंकड़ों को एक संख्या, श्रेणी और रंग के रूप में प्रदर्शित किया जाता है। इससे लोगों को वायु गुणवत्ता की स्थिति समझने में आसानी होती है। बोर्ड ने कहा, "एनएक्यूआई प्रदूषकों के लगातार संपर्क में रहने से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का सटीक और विश्वसनीय संकेत देता है। सार्वजनिक स्वास्थ्य संबंधी सलाह जारी करने के लिए यह वैज्ञानिक रूप से सबसे उपयुक्त पैमाना है।"
एक हजार माइक्रोग्राम तक की सीमा के लिए तय किए गए थे उपकरण
सीपीसीबी ने वायु गुणवत्ता के आंकड़ों में कमी को लेकर भी सफाई दी। बोर्ड के मुताबिक, जब 2015 में एनएक्यूआई की शुरुआत हुई थी, तब लगाए गए सूक्ष्म कण मापने वाले उपकरणों को शून्य से एक हजार माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक की सीमा के लिए निर्धारित किया गया था। इसका मतलब है कि उपकरणों को इसी तय सीमा के भीतर प्रदूषण के कणों की मात्रा मापने के लिए तैयार किया गया था।सीपीसीबी ने बताया कि उसकी स्वचालित आंकड़ा सत्यापन प्रणाली इस तय सीमा से बाहर आने वाली प्रति घंटे की रीडिंग को अमान्य मान लेती है। ऐसी रीडिंग का इस्तेमाल एक्यूआई की गणना में नहीं किया जाता।
पटाखों से अचानक बढ़ता है प्रदूषण तो दिख सकती है आंकड़ों में कमी
बोर्ड ने कहा कि दिवाली पर पटाखे फोड़ने जैसी घटनाओं के दौरान प्रदूषण का स्तर अचानक बहुत बढ़ सकता है। ऐसे में संबंधित निगरानी केंद्र पर आंकड़ों में कमी यानी अंतर दिखाई दे सकता है। सीपीसीबी के अनुसार, जिन घंटों की रीडिंग निर्धारित सीमा से बाहर होती है, उन्हें उस केंद्र पर संबंधित प्रदूषक के 24 घंटे के औसत की गणना में शामिल नहीं किया जाता।
निगरानी उपकरणों में लगातार हो रहा सुधार
सीपीसीबी ने बताया कि वर्ष 2015 के बाद से वायु गुणवत्ता की निगरानी करने वाले उपकरणों में काफी सुधार हुआ है। इसके साथ ही पुराने उपकरणों को बदलने और निगरानी केंद्रों के नेटवर्क का विस्तार करने का काम भी लगातार किया जा रहा है। बोर्ड ने कहा, "सीपीसीबी वायु गुणवत्ता की पारदर्शी, वैज्ञानिक और विश्वसनीय रिपोर्टिंग के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, विशेषज्ञों की सलाह से निगरानी नेटवर्क और कार्यप्रणाली में लगातार सुधार करने के लिए भी काम कर रहा है।"