फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Coronvirus News In Hindi : Migrant labor or Workers raging amid lockdown, attacked on police in three states, many injured in stone pelting

लॉकडाउन के बीच भड़के मजदूर, तीन राज्यों में पुलिस पर हमले, पथराव में कई घायल

Wed, 29 Apr 2020 03:49 AM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/सूरत/कोलकाता/औरंगाबाद।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/सूरत/कोलकाता/औरंगाबाद। Published by: योगेश साहू Updated Wed, 29 Apr 2020 03:49 AM IST
विज्ञापन
Coronvirus News In Hindi : Migrant labor or Workers raging amid lockdown, attacked on police in three states, many injured in stone pelting
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला

कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए देश में लॉकडाउन के नियमों का पालन करा रही पुलिस पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार को भी गुजरात के सूरत, पश्चिमी बंगाल के हावड़ा और महाराष्ट्र के औरंगाबाद में लॉकडाउन तोड़ने का प्रयास कर रहे मजदूरों व स्थानीय लोगों ने पुलिस पर हमला और पथराव भी किया। सूरत में एक, बंगाल में कई और औरंगाबाद में 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। 

विज्ञापन


सूरत के पुलिस उपायुक्त आरपी बरोट के मुताबिक, डिंडोली क्षेत्र में लोगों द्वारा लॉकडाउन उल्लंघन की सूचना मिली थी। इस पर वहां एक पीसीआर वैन को भेजा गया था। पीसीआर वैन में मौजूद पुलिसकर्मियोंने प्रवासी मजदूरों से घरों में जाने के लिए कहा तो वे भड़क गए और पथराव चालू कर दिया। इस पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।
विज्ञापन


बाद में अतिरिक्त पुलिस बल भेजकर हालात को काबू करते हुए 5 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। हावड़ा जिले के टिकियापाड़ा क्षेत्र में संक्रमण का तेज फैलाव होने के चलते रेड जोन घोषित है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम को एक पुलिस पेट्रोल स्थानीय बाजार में भारी संख्या में लोगों के खरीदारी को  एकत्र होने पर टिकियापाड़ा पहुंची।
विज्ञापन
विज्ञापन


नियम उल्लंघन होते देखकर पुलिस ने लोगों को घर वापस जाने के लिए कहा तो पथराव कर उनकी पिटाई भी कर दी। उपद्रवियों ने दो पुलिस वाहन भी तोड़ दिए। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी बीच भारी संख्या में आरएएफ जवानों समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और लाठीचार्ज करते हुए भीड़ को तितरबितर कर हालात काबू किए।

औरंगाबाद शहर में करीब 40 लोगों के एक साथ एकत्र होकर नमाज पढ़ने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया। इन लोगों को थाने ले जाने की कोशिश करने पर भीड़ ने पुलिस दल पर पथराव कर दिया।

पथराव में 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए। एसपी औरंगाबाद देहात मोक्षादा पाटिल ने कहा कि मौके पर पहुंचे अतिरिक्त बल ने भीड़ को खदेड़कर हालात काबू कर लिए। करीब 31 लोगों को इस घटना में गिरफ्तार किया गया है।

औरंगाबाद: हजूर साहिब गुरुद्वारा से लौटे 8 श्रद्धालु पॉजिटिव
नांदेड़ स्थित हजूर साहिब गुरुद्वारा से लौटे पंजाब के आठ श्रद्धालुओं के कोरोना पॉजिटिव आने पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति अलर्ट हो गई है। गुरुद्वारा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पूरे प्रांगण को सैनिटाइज कराया जा रहा है और सामाजिक दूरी के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। आठ संक्रमितों में से पांच तरण तारण के और तीन कपूरथला के रहने वाले थे।

मुंबई : मजदूरों को उकसाने के आरोपी को जमानत
लॉकडाउन के दौरान बांद्रा में प्रवासी मजदूरों की भीड़ जुटाने के आरोपी विनय दुबे को जमानत मिल गई है। मंगलवार को बांद्रा की एक अदालत ने 15 हजार के निजी मुचलके पर जमानत दी। बीते 14 अप्रैल को बांद्रा में प्रवासी मजदूरों की भीड़ जुटाने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया था। बता दें कि 14 अप्रैल को डेढ़ हजार से अधिक प्रवासी मजदूर लॉकडाउन की धज्जियां उड़ाते हुए बांद्रा रेलवे स्टेशन के नजदीक बेस्ट डिपो परिसर में इकट्ठा हुए थे।

असम : पत्रकारों के लिए 50 लाख का बीमा कवर 

कोविड-19 के संकट को देखते हुए असम सरकार ने पत्रकारों के लिए 50 लाख रुपये के बीमा कवर की घोषण की है। सीएम सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को पत्रकार रिपोर्टिंग के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर हम तक कोरोना से जुड़ी खबरें पहुंचा रहे हैं। ऐसे में इनका ख्याल रखना हमारी जिम्मेदारी है। असम में भी एक 16 साल की लड़की कोरोना पॉजिटिव मिली है। असम में अब 36 कोरोना पीड़ित हो गए हैं।

लॉकडाउन उल्लंघन में जवान की गिरफ्तारी पर जांच के आदेश
कर्नाटक पुलिस ने लॉकडाउन उल्लंघन के लिए सीआरपीएफ जवान की गिरफ्तारी की जांच के आदेश दिए हैं। सीआरपीएफ जवान के अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ बुरे व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद डीजीपी प्रवीण सूद ने जांच के आदेश दिए हैं।

संचालन शुरू करने और उत्पादन बढ़ाने की योजना तैयार करें रक्षा पीएसयू : राजनाथ 
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को रक्षा क्षेत्र के पीएसयू को लॉकडाउन के बाद संचालन शुरू करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। ताकि हुए नुकसान की भरपाई की जा सके। रक्षामंत्री लॉकडाउन के दौरान पीएसयू और आयुध निर्माणियों के काम की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कोविड-19 से लड़ाई में मदद के लिए नए उत्पादों और डिवाइस बनाने के रक्षा पीएसयू के दिखाए गए नवाचार के लिए प्रशंसा भी की।

मुंबई के धारावी में 42 नए संक्रमित, संख्या पहुंची 330

देश की आर्थिक राजधानी में कोरोना संक्रमण महामारी थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को मुंबई में एक ही दिन में 25 लोगों की मौत दर्ज की गई, जबकि संक्रमण का आंकड़ा 393 नए मरीजों के साथ 6 हजार के करीब पहुंच गया है। महानगर में मौजूद एशिया की सबसे बड़ी स्लम बस्ती धारावी में भी 42 नए पॉजिटिव पाए गए हैं। मुंबई में अब इस जानलेवा महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 244 पर पहुंच गई है, वहीं धारावी में यह आंकड़ा मंगलवार को 4 नई मौत से बढ़कर 18 हो गया है। महानगर में अब 5982 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 219 लोगों के ठीक होने के साथ ही कुल 1234 घर जा चुके हैं।

20 हजार कर्मियों को दिए मल्टी विटामिन 
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जवानों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए करीब 20 हजार कर्मियों को मल्टी विटामिन और प्रोटीन सप्लीमेंट दिए गए हैं। इसे अलावा करीब 12 हजार पुलिस वालों को डॉक्टरों की सलाह पर हाईडोक्सीक्लोरोक्विन दवा भी दी गई है। वहीं, पुलिसकर्मियों के लिए विशेष अस्पतालों को तैयार किया गया है। 

कांस्टेबल की मां, पत्नी भी आए पॉजिटिव
नवी मुंबई में रहने वाले एक कांस्टेबल की 73 वर्षीय मां और उसकी पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। कांस्टेबल की रिपोर्ट पहले ही पॉजिटिव आ चुकी है। साथ ही नवी मुंबई के अस्पताल में मरने वाले दिल के रोगी की जांच भी पॉजिटिव आई है। 

गुजरात : 19 की मौत 226 नए मामले

गुजरात में मंगलवार को संक्रमण के 226 नए मामले रिपोर्ट किए गए, जिनमें से 164 अकेले अहमदाबाद के है। यहां 19 और लोगों की मौत हो गई। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 3774 हो गई और 181 की मौत हो चुकी है। 

राजस्थान: 102 नए मरीज
राजस्थान में मंगलवार को 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 102 नए संक्रमित मिले हैं। राज्य में 52 मौतें हो चुकी हैं, कुल 2364 मामले हो गए हैं।

तमिलनाडु में भी 2 हजार पार 
तमिलनाडु में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि 121 लोगों में संक्रमण की पुष्टि के बाद आंकड़ा 2058 पर पहुंच गया।

पश्चिम बंगाल में संक्रमण से एक और डॉक्टर की मौत
पश्चिम बंगाल में संक्रमित एक और डॉक्टर की मौत हो गई है। 69 वर्षीय अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. शिशिर मंडल ने कोलकाता के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। बीते सप्ताह उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इससे पहले सहायक स्वास्थ्य निदेशक डॉ. बिप्लब कांति दास की भी कोरोना से मौत हो गई थी। अब तक 60 से ज्यादा कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं। सरकार ऐसे लोगों के लिए अलग अस्पताल स्थापित करने का प्रयास कर रही है।

उम्मीद: 90 साल से ज्यादा के बुजुर्ग हुए ठीक

संक्रमण के बढ़ते आंकड़े के बीच उम्मीद की किरण भी दिखाई दे रही है। गुजरात व राजस्थान में 90-90 साल की उम्र के दो बुजुर्ग ठीक होकर घर लौट आए हैं। इसके अलावा एक महिला 10 बार पॉजिटिव मिलने के बाद आखिरकार संक्रमण से जंग जीत चुकी हैं। मंगलवार को उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। गुजरात के भावनगर में 90 साल के बुजुर्ग को 5 अप्रैल को पॉजिटिव आने पर भर्ती किया था और ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। वहीं, गुजरात के कच्छ की बुजुर्ग महिला भी 36 दिन से अस्पताल में भर्ती थी। उनके 10 टेस्ट पॉजिटिव मिले। आखिरकार 11वें टेस्ट में रिपोर्ट निगेटिव आई।

रांची: लालू के उपचार में जुटी मेडिकल टीम का सदस्य संक्रमित
राजद सुप्रीमो लालू यादव का उपचार कर रही मेडिकल टीम का एक सदस्य कोरोना संक्रमित पाया गया है। सजा काट रहे लालू का अभी रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि तीन हफ्ते पहले मेडिसिन विभाग में भर्ती सदस्य मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। उसका इलाज डॉ. उमेश यादव की टीम कर रही थी। उसी टीम के डॉ. उमेश यादव लालू का भी उपचार कर रहे हैं। यूनिट के सभी डॉक्टरों व स्टाफ ने नमूना जांच के लिए दे दिया है।

अहमदाबाद में तीन डॉक्टर पॉजिटिव
अहमदाबाद के एसवीपी अस्पताल के दो डॉक्टरों कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया की दो दिन पहले दोनों डॉक्टरों में संक्रमण की पुष्टि हो गई थी। अहमदाबाद नगर निगम आयुक्त विजय नेहरा ने कहा, कोविड अस्पतालों में डॉक्टरों के वायरस की चपेट में आने की संभावनाएं अधिक हैं। एसवीपी अस्पताल के डॉक्टरों के नमूने ले लिए गए हैं। एहतियात के तौर पर डॉक्टरों को क्वारंटीन रहने को कहा गया है। एसपीपी अस्पताल में कोरोना के करीब 500 मरीज भर्ती हैं। 

सर्वाधिक मामले वाले 20 देशों से भारत बेहतर

भारत में कुल मरीज और मौत के मामले में दुनिया में उन 20 देशों से काफी बेहतर हैं, जिनकी कुल आबादी भारत के बराबर है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया, भारत में एक मरीज की तुलना में इन देशों में 84 मरीज मिले हैं। वहीं, भारत में अगर एक मरीज की मौत हुई है तो इन देशों में 200 मरीजों की मौत हुई। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक दुनिया के 20 देशों में जहां सबसे ज्यादा मामले आए हैं, उनकी आबादी करीब-करीब भारत के बराबर है। 

मोदी ने इंडोनेशियाई पीएम से की चर्चा
पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कोरोना संकट को लेकर इंडोनेशिया के प्रधानमंत्री जोको विडोडो से चर्चा की। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, कोरोना महामारी को लेकर अपने दोस्त जोको विडोडो से चर्चा की। करीबी समुद्री पड़ोसी व व्यापक रणनीतिक साझेदार होने के नाते कोरोना संकट के कारण पैदा हुई स्वास्थ्य व आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए भारत और इंडोनेशिया के बीच अहम सहयोग होगा।

निर्देश न मानना खतरनाक
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया, कोविड उपचार के दिशा-निर्देश सभी राज्यों को दिए जा चुके हैं। दिल्ली एम्स के विशेषज्ञों की टीम भी देशभर के डॉक्टर, नर्सों के प्रशिक्षण में जुटी है। अगर इनका पालन सही तरीके से नहीं होता, तो संक्रमण निश्चित ही खतरनाक हो सकता है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed