महाराष्ट्र : स्कूल-कालेज बंद होने के बाद परीक्षाएं भी टली, मंत्रालय में नागरिकों का प्रवेश बंद
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसके मद्देनजर स्कूल-कालेज बंद होने के बाद अब परीक्षाएं भी मार्च तक टल गई हैं। मंत्रालय में नागरिकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। शहर के साथ ग्रामीण इलाकों के स्कूल-कालेज भी बंद करने के आदेश दिए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोमवार को राज्य में पांच नए मामले सामने आए जिससे महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित कोविड-19 पीड़ितों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। नए पांच कोरोना पॉजिटिव मरीजों में मुंबई में तीन, नई मुंबई में एक और यवतमाल में एक की पहचान हुई है।
महाराष्ट्र में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले पुणे में आए हैं लेकिन मुंबई में भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। कोरोना आपदा से निपटने के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने सोमवार को मुख्य सचिव व विभागीय सचिवों संग मैराथन बैठक की।
इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट से वीडियो कांफ्रेंसिंग कर स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बताया कि सरकार एहतियातन हरसंभव कदम उठा रही है। मुंबई पुलिस ने पहले ही धारा 144 लागू कर समूह में टूर पर पाबंदी लगा दी है। वहीं, फिल्म इंडस्ट्री में भी शूटिंग बंद हो चुकी है।
मंत्रालय में प्रवेश बंद, नहीं जारी होंगे पास
कोरोना के मद्देनजर मंत्रालय में आम लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। सोमवार को गृह विभाग की तरफ से परिपत्र जारी किया गया कि केवल मंत्री, राज्यमंत्री के यहां आने वाले महत्वपूर्ण व्यक्तियों और मुख्य सचिव-सचिव के यहां आने वाले को ही प्रवेश पास जारी किया जाएगा। साथ ही मंत्रालय कर्मचारियों की हाजिरी के लिए बॉयोमेट्रिक प्रक्रिया को भी बंद कर दिया गया है।
महाराष्ट्र में अब तक 39 मामले सामने आए
महाराष्ट्र में सोमवार तक कोरोना पॉजिटिव के 39 मामले सामने आए हैं। इनमें पिम्परी चिंचवड़ नौ, पुणे में सात, मुंबई में छह, नागपुर में चार, रायगढ़ में एक, नई मुंबई में तीन, यवतमाल में तीन, ठाणे में एक, कल्याण में तीन, औरंगाबाद में एक और अहमदनगर में एक मरीज पाया गया है। यवतमाल के जिलाधिकारी एमडी सिंह ने बताया कि जिले में एक और व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वह हाल ही में दुबई से लौटा है।
पीएम मोदी ने की उद्धव से बात
महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से टेलिफोन पर बात की। पीएम ने राज्य के हालात की जानकारी ली और ठाकरे को भरोसा दिलाया कि कोरोना से निपटने के लिए केंद्र सरकार की ओर से महाराष्ट्र को हरसंभव मदद की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ठाकरे ने उन्हें राज्य में कोरोना से निपटने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
तुलजा भवानी, सिद्धिविनायक मंदिर के कपाट बंद
कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते महाराष्ट्र के कोल्हापुर की तुलजा भवानी का मंदिर और मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए हैं। सिद्धिविनायक मंदिर में दो दिन पहले से श्रद्धालुओं को सैनिटाइजर से हाथ धुलाकर मंदिर में प्रवेश दिया जाता था, लेकिन अब वह एक सप्ताह के लिए बंद किया गया है। मुंबई के प्रसिद्ध रानी बाग और संजय गांधी नेशनल पार्क में भी लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई है।