कोरोना : लॉकडाउन में शादी.. 11 पर मुकदमा दर्ज, कैंसर मरीज इलाज के लिए परेशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉकडाउन के बावजूद शादी समारोह आयोजित करने पर नवविवाहित जोड़े समेत 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इस बीच महाराष्ट्र में 12 और लोगों के कोरोना वायरस संक्रमित मिलने के साथ ही राज्य में कोविड-19 के मरीजों की संख्या 203 पहुंच गई है। हालांकि केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में 186 संक्रमितों की ही पुष्टि की है।
इस बीच देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1100 पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और तेलंगाना में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जेलों में भीड़ कम करने के उद्देश्य से गुजरात सरकार ने कहा कि वह 1200 विचाराधीन कैदियों को दो महीने के लिए पैरोल पर रिहा करेगी।
कैंसर का इलाज कराने आए मरीज मुंबई में फंसे
देश के विभिन्न राज्यों से कैंसर का इलाज कराने मुंबई आए लोग अपने तीमारदारों के साथ कोरोना वायरस के चलते लागू लॉकडाउन में मुंबई में फंस गए हैं। इन मरीजों का कहना है कि उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि बस, ट्रेन नहीं चलने के कारण वह घर भी नहीं जा पा रहे हैं और पैसों की तंगी के चलते कमरे का किराया नहीं सकते। इसके चलते सड़क किनारे रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। इन लोगों का कहना है कि स्थानीय लोग उनके रहने और खाने-पीने का इंतजाम कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश में पांच नए मामले
मध्य प्रदेश में रविवार को पांच नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। नए मामलों से एक उज्जैन और चार इंदौर से कोरोना संक्रमित मिले हैं। सरकारी महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज से जारी बयान के अनुसार, उज्जैन में 17 वर्षीय लड़की जबकि इंदौर में 21, 38, 40 और 48 वर्षीय शख्स कोरोना से संक्रमित पाए गए। लड़की का इलाज उज्जैन में जबकि अन्य चार व्यक्तियों का इलाज इंदौर में चल रहा है। इस पांचों मरीजों ने कभी विदेश यात्रा नहीं की।
अहमदाबाद में एक की मौत...
गुजरात के अहमदाबाद में रविवार सुबह 45 वर्षीय कोविड-19 मरीज की मौत हो गई। राज्य में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मृतक को डायबिटीज भी थी। अहमदाबाद में कोरोना वायरस से मृतकों की संख्या तीन हो गई है।
कश्मीर में विदेश से लौटे संदिग्धों के लिए ‘तलाश’ एप और वेबसाइट
कश्मीर में कोरोना के बढ़ते मामले की गंभीरता को समझते हुए प्रशासन ने अब विदेश से लौटे संदिग्ध लोगों की जानकारी लेने के लिए ‘तलाश’ एप और वेबसाइट शुरू कर दी है। ट्रेवल हिस्ट्री छिपाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देने के साथ- साथ प्रशासन लोगों से ऐसे मामलों की तत्काल सूचना देने की अपील की जा रही है। कोट श्रीनगर के उपायुक्त डा. शहीद इकबाल चौधरी ने बताया, कारोना के जो मामले सामने आए हैं, उनमें ज्यादातर पहले से संक्रमित लोगों के करीबी हैं।
स्पाइसजेट का पायलट भी संक्रमित, दिल्ली तक उड़ाया था विमान
विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने रविवार को बताया कि उनका एक पायलट भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। हालांकि उसने मार्च में कोई अंतरराष्ट्रीय उड़ान नहीं भरी थी। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि स्पाइसजेट में एक फर्स्ट ऑफिसर की भी कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
यह रिपोर्ट 28 मार्च को आई। संबंधित पायलट ने आखिरी घरेलू उड़ान 21 मार्च को चेन्नई से दिल्ली के बीच भरी थी। इसके बाद से उसने खुद को क्वारंटीन कर लिया था। प्रवक्ता ने कहा कि एहतियातन, उस पायलट के सीधे संपर्क में आने वाले सभी क्रू और स्टाफ को अगले 14 दिन तक घर पर रहने को कहा गया है।
सशस्त्र बल के 450 नए डॉक्टरों को तुरंत ज्वाइन करने के निर्देश
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल में मेडिकल ऑफिसर के तौर पर नव नियुक्त डॉक्टरों को कोरोना वायरस से लड़ने के लिए बनाए गए स्वास्थ्य केंद्रों पर तुरंत पहुंचने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सेवा से रिटायर डॉक्टरों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
बिहार में प्रवासी श्रमिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर
लॉकडाउन में फंसे प्रवासी श्रमिकों की मदद के लिए बिहार सरकार ने तीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए है। दिल्ली स्थित बिहार भावन में स्थापित हेल्पलाइन पर आई कॉल से रविवार शाम तक एक लाख से अधिक लोगों की समस्या का समाधान किया गया। तीन हेल्पलाइन नंबर 011-23792009, 011-23014326, 011-23013884 लगातार काम कर रहे हैं।