कोविड-19: महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में 10 हजार से अधिक मामले, जानें बाकी राज्यों का हाल
देशभर में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। यहां रोजाना 60 से 70 हजार नए मामले सामने आ रहे हैं। राज्यों में भी स्थिति बिगड़ती जा रही है और महाराष्ट्र समेत कुछ राज्यों में एक दिन में दस हजार से अधिक मामले दर्ज हो रहे हैं।
महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 14,492 नए मामले सामने आए। यह एक दिन में सामने आए सर्वाधिक मामले हैं और दो दिन पहले भी इतनी ही संख्या में नए मामले सामने आए थे। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आज सामने आए मामलों के साथ ही राज्य में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 6,71,942 हो गई है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा महामारी से 297 और लोगों की मौत हो गई जिससे मृतक संख्या बढ़कर 21,995 हो गई है।
राज्य में 20 अगस्त को भी संक्रमण के 14,492 मामले सामने आए थे और आज भी इतने ही मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में अब तक सामने आए मामलों की सर्वाधिक संख्या है। महाराष्ट्र में इस समय 1,69,516 मरीज उपचाराधीन हैं और 4,80,114 लोगों को ठीक होने के बाद छुट्टी मिल चुकी है।
आंध्र प्रदेश में एक दिन में संक्रमण के 10,000 से अधिक नए मामले
आंध्र प्रदेश में 13 दिन के अंतराल के बाद पुनः एक दिन में कोरोना संक्रमण के 10,000 से अधिक मामले सामने आए. इसकी वजह से शनिवार को संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3,45,216 हो गई। राज्य के चार जिलों में संक्रमण के हजार से अधिक मामले सामने आए जिससे राज्य में कोविड-19 संक्रमण के एक दिन में 10,276 नए मामले दर्ज हुए।
इसके अलावा, शनिवार की सुबह नौ बजे तक पिछले चौबीस घंटों में कोविड-19 से 97 और लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब तक कोविड-19 के 3,189 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां पिछले चौबीस घंटे में कोविड-19 के 8,593 मरीज ठीक हो गए। राज्य में अभी 89,389 मरीजों का इलाज चल रहा है और अब तक 2,52,638 मरीज ठीक हो चुके हैं।
मध्य प्रदेश में एक दिन में सर्वाधिक 1226 नए मामले
मध्य प्रदेश में शनिवार को कोविड-19 संक्रमण के एक दिन में 1226 नए मामले सामने आए. इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या अब 51,866 हो गई है। इसके अलावा राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 21 और व्यक्तियों की मौत हुई है जिससे इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 1,206 हो गयी है।
राज्य के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना संक्रमण से भोपाल में चार, इंदौर व ग्वालियर में तीन-तीन, बैतूल में दो और अलीराजपुर, बड़वानी, दमोह, जबलपुर, खरगोन, सागर, सीहोर, शिवपुरी और विदिशा में एक- एक मरीज की मौत हुई है।’ उन्होंने बताया, ‘राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 356 मौत इंदौर में हुई हैं। भोपाल में 259, उज्जैन में 76, सागर में 45, जबलपुर में 60, ग्वालियर में 31, बुरहानपुर में 25, खंडवा में 21 एवं खरगोन में 25 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।’
अधिकारी ने बताया कि राज्य में शनिवार को कोविड-19 के सबसे अधिक 181 नए मामले इंदौर जिले में आए है, जबकि भोपाल में 135, ग्वालियर में 159, बैतूल में 48, खरगोन में 39 एवं जबलपुर में 111 नए मामले आए।
बिहार में कोरोना संक्रमण के मामले बढकर 119909 हुए
बिहार में संक्रमण के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान 13 और लोगों की मौत हुई है। इसके बाद इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर शनिवार को 601 हो गई जबकि संक्रमित लोगों की संख्या बढकर 119909 पहुंच गयी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण से भागलपुर में छह, मुजफ्फरपुर में तीन तथा सीतामढ़ी एवं वैशाली जिले में दो-दो व्यक्ति की मौत हुई है. इसकी वजह से इस रोग से संक्रमित होकर मरने वालों की संख्या शनिवार को बढकर 601 हो गयी।
तमिलनाडु में संक्रमण के 5,980 नए मामले, 80 की मौत
स्वास्थ्य विभाग ने अपने बुलेटिन में बताया गया कि 5,603 संक्रमितों को उपचार के बाद ठीक होने पर विभिन्न स्वाथ्य केंद्रों से छुट्टी दी गई जिसके साथ स्वस्थ्य होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,13,280 हो गई। राज्य में फिलहाल 53,710 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। अब तक राज्य में कुल 41,36,490 नमूनों की जांच हो चुकी है, जिनमें से 73,547 नमूनों की जांच आज हुई। संक्रमण के जो नए मामले सामने आए हैं उनमें से 1,294 मामले चेन्नई में हैं, यहां संक्रमण के कुल मामले 1,24,071 हो गए हैं।