कोरोनावायरस: चीन ने भारतीयों को बाहर निकालने के लिए दो विमानों के परिचालन की मांगी अनुमति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दूसरी ओर, विदेश मंत्रालय ने बताया कि चीन सरकार ने वुहान प्रांत से भारतीयों को बाहर निकालने के लिए दो विमानों के परिचालन की अनुमति मांगी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि चीनी सरकार ने चीन के हुबेई प्रांत से हमारे नागरिकों को वापस लाने के लिए दो उड़ानों के संचालन की अनुमति का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि बीजिंग में भारतीय दूतावास चीनी अधिकारियों के साथ मिलकर आवश्यक चीजों को लेकर कार्य कर रहा है।
एयरलाइंस ने कंबल, अखबार देने किए बंद
ताइवान से चीन जाने वाले कई यात्रियों को बिना खाने, कंबल और अखबार के बिना ही यात्रा करना पड़ रहा है। विमानन कंपनियों ने अपने यात्रियों व केबिन सदस्यों को संक्रमण से बचाने के लिए यह कदम उठाया है। यात्रियों को पानी की बोतल भी अपनी ही लानी पड़ रही है। विमानन कंपनियां अधिकतर उत्पादों को डिस्पोजेबल सामग्री से बदलने की कोशिश में हैं।
बीजिंग में भारतीय दूतावास ने मदद के लिए जारी की ईमेल आईडी
वहीं, बीजिंग में स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह हुबेई प्रांत से भारतीय नागरिकों की सुगम निकासी सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है। दूतावास ने कहा कि वह हुबेई में भारतीय छात्रों सहित भारतीय समुदाय के साथ संपर्क साधे हुए हैं।
साथ ही दूतावास ने ईमेल आईडी और हॉटलाइन जारी कर हुबेई में रह रहे भारतीयों से अनुरोध किया है कि वह उनसे संपर्क करें। दूतावास ने कहा है कि हम हुबेई से उन सभी भारतीय नागरिकों से आग्रह करते हैं जिन्होंने अभी तक हमारे हॉटलाइन (+8618610952903, +8618612083629, +8618612083617) या ईमेल आईडी helpdesk.beijing@mea.gov.in पर संपर्क नहीं किया है वे जल्द से जल्द हमसे संपर्क करें।
स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेष सचिव ने राज्यों के स्वास्थ्य सचिवों, 21 हवाई अड्डो के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, नेपाल और सीमावर्ती राज्यों के स्वास्थ्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की अध्यक्षता की। इस कॉन्फ्रेंसिंग में उन्होंने कोरोनावायरस की रोकथाम और प्रबंधन के लिए उनकी तैयारियों की समीक्षा की।
मोहाली में भर्ती कोरोनावायरस मरीज की रिपोर्ट नेगेटिव
27 जनवरी को चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, में कम्युनिकेबल डिजीज वार्ड (आइसोलेशन वार्ड) में भर्ती 28 वर्षीय मोहाली के निवासी की कोरोनवायरस की जांच रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। उसकी हालत स्थिर है और उसे जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी।
दुनिया की इन विमान कंपनियों ने बंद की चीन के लिए उड़ान
ब्रिटेन की एयरलाइन ब्रिटिश एयरवेज, जो लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से शंघाई और बीजिंग के लिए दैनिक उड़ानें संचालित करती है, ने 31 जनवरी तक उड़ानों के निलंबन की घोषणा की है। एयरलाइंस ने कहा है कि हम ग्राहकों से असुविधा के लिए माफी मांगते हैं, लेकिन हमारे ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा हमेशा हमारी प्राथमिकता है।
यूनाइटेड एयरलाइंस, एयर कनाडा, कैथे पैसिफिक एयरवेज, लायन एयर सहित अन्य एयरलाइंस पहले ही चीन के लिए कुछ उड़ानें रद्द कर चुकी हैं।
भारत की एयरलाइन एयर इंडिया ने दिल्ली से शंघाई के बीच संचालित होने वाली उड़ानों को 31 जनवरी से 14 फरवरी तक निलंबित कर दिया है। साथ ही इंडिगो एयरलाइंस ने भी कोरोनावायरस को देखते हुए बंगलूरू-हांग कांग रूट और दिल्ली- चेंगडू रूट के विमानों का संचालन एक फरवरी से 20 फरवरी तक निलंबित कर दिया है।
कोलकाता पोर्ट ने जहाजों के क्रू सदस्यों की जांच अनिवार्य किया
कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट ने बुधवार को कोरोनोवायरस के डर को देखते हुए दो बंदरगाहों पर आने वाले नौवहन लाइनरों के चालक दल की जांच शुरू कर दी है। भारत में अब तक कोरोनावायरस मामले की कोई भी रिपोर्ट पॉजीटिव नहीं आई है। साथ ही हवाई अड्डों पर यात्रियों की स्क्रीनिंग सहित निवारक उपायों को अपनाया गया है।
कोलकाता पोर्ट के प्रवक्ता संजोय कुमार मुखर्जी ने कहा कि सभी विदेश जाने वाले जहाजों की 100 प्रतिशत अनिवार्य स्कैनिंग कोलकाता और हल्दिया के दोनों डॉक पर शुरू की गई। विदेशी आवक जहाजों के चालक दल की भी जांच की जा रही है और उन्हें केवल थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही आने की अनुमति दी जाएगी।