{"_id":"61872efa71571507dd5fa03b","slug":"corona-patients-are-getting-less-than-20-thousand-daily-for-past-29-days-and-alpha-variant-of-covid-19-found-in-dogs-and-cats","type":"story","status":"publish","title_hn":"राहत : बीते 29 दिन से रोज 20 हजार से कम मिल रहे मरीज, कुत्ते-बिल्लियों में मिला कोरोना का अल्फा वैरिएंट","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
राहत : बीते 29 दिन से रोज 20 हजार से कम मिल रहे मरीज, कुत्ते-बिल्लियों में मिला कोरोना का अल्फा वैरिएंट
Sun, 07 Nov 2021 07:12 AM IST
Jeet Kumar
एजेंसी/अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली/लंदन।
एजेंसी/अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली/लंदन।
Published by: Jeet Kumar
Updated Sun, 07 Nov 2021 07:12 AM IST
सार
देश में अब कुल मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 3,43,44,683 हो गया है। जबकि, सक्रिय मामले 1,48,922 से घटकर 1,46,950 हो गए हैं। बीते 24 घंटे में 392 मरीजों ने दम तोड़ दिया। कुल मौतों का आंकड़ा 4,60,265 हो गया है।
विज्ञापन
कोरोना जांच करता स्वास्थ्यकर्मी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
विस्तार
देश में कोरोना संक्रमण के मामले में उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। राहत की बात यह है कि बीते 29 दिनों से रोजाना मिलने वाले कोरोना के नए मरीजों की संख्या 20 हजार से कम है। इसी तरह 132 दिन से देशभर में 50 हजार से कम दैनिक मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि बीते 24 घंटे में 10,929 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जो शुक्रवार की तुलना में 14 फीसदी कम है। तब 12,729 संक्रमित मिले थे।
विज्ञापन
जिन राज्यों में संक्रमण की रफ्तार तेज वहां जांच दर बढ़ाने के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में टीके की 108 करोड़ से अधिक खुराक लग चुकी है। बीते 24 घंटे में 8,10,783 सैंपल की जांच हुई है। कुल 61,39,65,751 से अधिक जांच हो गया है। जिन राज्यों में संक्रमण की रफ्तार तेज है वहां जांच दर बढ़ाने को कहा गया है।
विज्ञापन
98.23 फीसदी हुई स्वस्थ होने की दर
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर बढ़कर 98.23% हो गई है। पिछले साल मार्च के बाद स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर सबसे अधिक है। अब तक मिले कुल मामलों में से सिर्फ 0.43 फीसदी ही सक्रिय केस हैं।
विज्ञापन
कोवाक्सिन : 18 साल से कम वालों के टीके के लिए अमेरिका में मांगी मंजूरी
भारत बायोटेक द्वारा 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के लिए विकसित कोवाक्सिन टीके के आपात इस्तेमाल के लिए अमेरिका के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन से मंजूरी मांगी गई है। भारत बायोटेक की अमेरिकी साझेदार कंपनी ऑक्यूजेन ने मंजूरी के लिए आवेदन दिया है।
कंपनी के क्लिनिकल हेड डॉक्टर राचेस इल्ला ने ट्वीट कर ये जानकारी दी। बड़ों के इस्तेमाल वाले कोवाक्सिन को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बुधवार को ही आपात इस्तेमाल की मंजूरी दी है।
राहत : देश में स्वस्थ होने की दर हुई 98 फीसदी के पार
देश में कोरोना महामारी की तीसरी लहर की आशंका के बीच स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर बढ़कर 98.23 फीसदी हो गई है। पिछले साल मार्च के बाद स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर सबसे अधिक है। सक्रिय मामलों की बात करें तो अब तक मिले कुल मामलों में से सिर्फ 0.43 फीसदी ही सक्रिय केस हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में कोरोना की दैनिक संक्रमण दर 1.35 फीसदी है जो बीते 33 दिनों से दो फीसदी से कम पर है। इसी तरह साप्ताहिक संक्रमण दर 1.27 फीसदी है जो बीते 43 दिनों से दो फीसदी पर बनी हुई है। लोग सावधानी बरतें और सभी नियमों का पालन करें तो स्थिति और बेहतर हो सकती है।
पश्चिम बंगाल में वायरस हुआ धीमा
पश्चिम बंगाल में वायरस की रफ्तार धीमी पड़ती दिख रही है। बीते 24 घंटे में राज्य में 763 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है जो बीते दिन की तुलना में 155 कम है। 13 मरीजों की मौत के बाद राज्य में कुल मौतों का आंकड़ा बढ़कर 19,201 हो गया है। कुल मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 15,97,095 हो गया है।
कुत्ते-बिल्लियों में अल्फा वैरिएंट : ब्रिटेन में हुए अध्ययन में खुलासा
कोरोना वायरस का अल्फा वैरिएंट भी पालतू जानवरों को अपना शिकार बनाने लगा है। ब्रिटेन में हुए एक अध्ययन में कुत्ते और बिल्लियों में अल्फा वैरिएंट की पुष्टि हुई है। शोध के अनुसार, दो बिल्लियों और एक कुत्ते में आरटी-पीसीआर जांच में अल्फा वैरिएंट से कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
इसी तरह दो बिल्लियों और एक कुत्ते में हृदय संबंधी तकलीफ के दो से छह सप्ताह बाद एंटीबॉडीज का पता चला है। कई पालतू जानवरों के मालिकों ने बताया कि उनके जानवर गंभीर रूप से बीमार होने से पहले सांस संबंधी तकलीफ से जूझते नजर आए थे। हालांकि उन्हें कोरोना संक्रमण का अंदेशा बिलकुल नहीं था।
पशुओं में हृदय संबंधी तकलीफ देखी गई
शोध के अनुसार, सभी पशुओं में हृदय संबंधी तकलीफ देखी गई है। इसके अलावा कुछ जानवरों में मायोकार्डिआइटिस की समस्या भी देखने को मिली है जिसमें उनके हृदय की कोशिकाओं में सूजन का पता चला है। ब्रिटेन के राल्फ वेटेरनरी रेफरल सेंटर की डॉ. लुका फेरासिन का कहना है कि पशुओं में कोरोना के अल्फा वैरिएंट की पुष्टि पहली बार हुई है। ऐसे में सचेत रहना होगा।