आज कोरोना से राहत: कल के मुकाबले 18.7 फीसदी कम मामले, 20 लोगों की मौत, दिल्ली में सबसे अधिक मरीज
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी मंगलवार के आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के 2,568 मामले सामने आए जो कि कल के आंकड़ों की तुलना में 18.7 फीसदी कम हैं।
विस्तार
देश में कोरोना में मामलों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी मंगलवार के आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के 2,568 मामले सामने आए जो कि कल के आंकड़ों की तुलना में 18.7 फीसदी कम है। इस दौरान 20 मरीजों की मौत भी हुई है। बीते 24 घंटों में 2,911 लोग स्वस्थ भी हुए। देश में सक्रिय मरीजों की संख्या भी बढ़कर 19,137 हो गई जो कि आने वाले समय के लिए खतरे की घंटी है। महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक कुल 5,23,889 लोगों की मौत हुई है। बता दें कि सोमवार को जारी आंकड़ों में बीते 24 घंटों में 3,157 केस मिले थे और 26 लोगों की मौत हुई थी। वहीं सबसे बड़ी चिंता की बात ये है कि नए मामलों में से 40 फीसदी मामले राजधानी दिल्ली से मिल रहे हैं।
देश में दिल्ली में कोरोना के सबसे अधिक मामले
देश में कोरोना के सबसे अधिक मामले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ही मिल रहे हैं। सोमवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक 24 घंटों के दौरान 1076 नए मामले सामने आए हैं। दिल्ली में कुल सक्रिय मरीज की बात करें तो यह संख्या 5744 हो गई। वहीं कोरोना संक्रमण दर बढ़कर 6.42 फीसदी हो गई है।
मुंबई में बीते 24 घंटों में कोरोना के 56 नए मामले
मुंबई में बीते 24 घंटों में कोरोना के 56 नए मामले सामने आए हैं जबकि पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो यहां कुल 92 संक्रमित मरीज मिले हैं। इस दौरान एक मरीज की मौत कोरोना के चलते हो गई है। इसके साथ ही राज्य में कुल 1016 एक्टिव केस हैं।
कोरोना के बाद देश में बढ़ी मृत्युदर
देश में वर्ष 2020 में पहला मामला सामने आने के बाद से मंगलवार सुबह तक 5,23,889 लोग कोरोना महामारी के कारण जान गंवा चुके हैं। वर्ष 2020 में 81.2 लाख लोगों की मौत हुई थी, जिनमें से 1.48 लाख की जान कोरोना ने ली थी। इससे मृत्यु दर में वर्ष 2019 के 76.4 लाख से 6.2 प्रतिशत का इजाफा हुआ था।
देश के रजिस्ट्रार जनरल की ओर से वर्ष 2020 के लिए जारी रिपोर्ट ‘नागरिक पंजीकरण प्रणाली पर आधारित भारत के महत्वपूर्ण आंकड़े’ के मुताबिक, कुछ राज्यों जैसे महाराष्ट्र, बिहार, गुजरात, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान असम और हरियाणा में 2019 के मुकाबले 2020 में मौतों की संख्या काफी बढ़ी। इनमें से काफी मौतों का कारण कोरोना बना। 2021 में 3.32 लाख लोगों ने इसके कारण जान गंवाई।
कम हुई जन्म दर
इस साल जन्मदर कम हुई। 2019 के 2.48 करोड़ से घटकर जन्म पंजीकरण 2020 में 2.42 करोड़ रह गए। इसमें 2.4 फीसदी की कमी आई। बिहार, हरियाणा, मप्र, राजस्थान, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, जम्मू-कश्मीर व लद्दाख को छोड़कर राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में जन्म कम दर्ज हुए।