{"_id":"617b3a2299ec0f0b341c1128","slug":"controversial-pakistani-journalist-aroosa-alam-said-my-soul-relationship-with-captain-amrinder-singh","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाल-ए-दिल: विवादों में घिरी पाकिस्तानी पत्रकार अरूसा आलम ने कहा, कैप्टन साहब से मेरे रूह के रिश्ते","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
हाल-ए-दिल: विवादों में घिरी पाकिस्तानी पत्रकार अरूसा आलम ने कहा, कैप्टन साहब से मेरे रूह के रिश्ते
Fri, 29 Oct 2021 05:32 AM IST
देव कश्यप
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: देव कश्यप
Updated Fri, 29 Oct 2021 05:32 AM IST
सार
पंजाब कांग्रेस की सियासत में इस तरह घसीटे जाने से निराश अरूसा ने भी अपना पक्ष रखना शुरू किया है। भारतीय मीडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अमरिंदर को अपना करीबी दोस्त बताते हुए कहा, मेरे उनसे रूह के रिश्ते हैं।
विज्ञापन
अरूसा आलम
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
पाकिस्तानी पत्रकार अरूसा आलम का नाम पंजाब की राजनीति में हंगामा मचाए हुए है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ उनके करीबी रिश्तों को लेकर कांग्रेस का एक खेमा लगातार हमलावर है जबकि अमरिंदर सिंह अरूसा के साथ कांग्रेस के बड़े नेताओं की तस्वीरें जारी कर जवाबी हमला कर रहे हैं।
विज्ञापन
पंजाब कांग्रेस की सियासत में इस तरह घसीटे जाने से निराश अरूसा ने भी अपना पक्ष रखना शुरू किया है। भारतीय मीडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अमरिंदर को अपना करीबी दोस्त बताते हुए कहा, मेरे उनसे रूह के रिश्ते हैं। अरूसा कहती हैं, 2004 में मेरी कैप्टन साब से पहली बार मुलाकात हुई थी। तब मैं 56 की और वह 66 की उम्र के थे। इस उम्र में आप प्रेमी नहीं तलाशते।
विज्ञापन
इसलिए हमारे रिश्ते में रोमांस जैसा कुछ तलाशना बेकार है। हां, हमारा बौद्धिक स्तर एक जैसा है, जिसके कारण दोस्त बने। कैप्टन साहब ने पूरी दुनिया में सिर्फ मुझे अपनी दोस्ती के लायक समझा, इसका मुझे फख्र है। जब हम मिले, तो हमें एक दूसरे की कुछ चीजें पसंद आईं, जैसे कि मुझे उनकी बागवानी और खाना बनाने की कला, जबकि उन्हें मेरा लेखन। हमें एक-दूसरे का ‘सोलमेट’ कह सकते हैं। मैं सिर्फ कैप्टन साहब की ही नहीं, उनके परिवार की भी दोस्त हूं। उनकी पत्नी महारानी साहिबा परणीत कौर, उनकी बहनें, बहनोई, पूरा परिवार, सब मेरे दोस्त हैं। उनसे दोस्ती के बाद 16 साल से मैं भारत आ रही हूं मगर पिछले एक साल से मैं पाकिस्तान में ही हूं।
विज्ञापन
नवजोत कौर के आरोपों पर पलटवार
नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने आरोप लगाया है कि पंजाब में पुलिस वालों की ट्रांसफर पोस्टिंग में अरूसा ने जमकर पैसा कमाया है और सारा पैसा लेकर पाक भाग गई। इस पर अरूसा ने कहा, जब मेरी व कैप्टन की दोस्ती हुई थी, कैप्टन विपक्ष में थे। क्या नवजोत यह कहना चाहती हैं कि हिंदुस्तान में ट्रांसफर पोस्टिंग में विपक्षी नेताओं की सुनी जाती है? दूसरी बात, कैप्टन साहब को जानने वाले जानते हैं कि सरकारी फैसले लेने में वह किसी की नहीं सुनते। मैं तो एक साल से भारत नहीं आई हूं। क्या इतने दिन पंजाब में ट्रांसफर-पोस्टिंग नहीं हो रहे थे?
वहीं, पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अमरिंदर सिंह पर अरूसा आलम से प्रेम संबंधों का आरोप लगाते हुए कहा, ‘सिख धर्म’ में इस तरह का प्रेम संबंध स्वीकार्य नहीं है।
जनरल याह्या खां की करीबी रानी जनरल की बेटी हैं
अरूसा पाक में रक्षा मामलों से जुड़ी पत्रकार हैं। हालांकि उनका एक और परिचय है। वो पाकिस्तान के तानाशाह रहे जनरल याह्या खां की करीबी रानी जनरल की बेटी हैं। खां के दौर में पाकिस्तानी सियासत में रानी जनरल की तूती बोलती थी। जाहिर है, सियासत से अरूसा का नाता नया नहीं है। अरूसा शादीशुदा हैं और दो बेटों की मां भी।