कांग्रेस कार्यसमिति की पहली बैठक गुजरात में 28 को, राहुल-प्रियंका बनाएंगे जीत की रणनीति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक 28 फरवरी को गुजरात के अहमदाबाद में होगी। भाजपा का गढ़ माने जाने वाले गुजरात में कांग्रेस कम से कम आठ सीट जीतना चाहती है, जिसको लेकर इस बैठक में रणनीति तय की जाएगी। खास बात यह है कि इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, महासचिव प्रियंका गांधी समेत राष्ट्रीय स्तर के 85 नेता शामिल होंगे।
गुजरात के अहमदाबाद में कांग्रेस की पहली राष्ट्रीय कार्यसमिति की यह बैठक 26 फरवरी को होने वाली थी, जिसे बढ़ाकर 28 फरवरी तय किया गया। कांग्रेस इसमें आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अहम रणनीतिक पहलुओं पर चर्चा करेगी।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के बयान के अनुसार इस बैठक में मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य और लोकसभा चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में हुई प्रगति पर चर्चा की जाएगी।
सीडब्ल्यूसी की पहली बैठक अहमदाबाद में ही क्यों?
दरअसल, गुजरात के कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी से गुजरात में ही कार्यसमिति की बैठक करने का आग्रह किया था। कांग्रेस को उम्मीद है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति होने से राज्य में पार्टी के प्रति माहौल बनाने में सहयोग मिल सकता है। इसलिए यह बैठक अहमदाबाद में होने वाली है।
मालूम हो कि गुजरात की 26 लोकसभा सीट पर हाल भाजपा का कब्जा है। कांग्रेस इस चुनाव में आठ सीट जीतने की उम्मीद कर रही है, लेकिन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पिछले दिनों ''मेरा परिवार, भाजपा परिवार'' के दौरान कार्यकर्ताओं से सभी 26 सीट जीतने का संकल्प कराया है।