कांग्रेस ने की हेगड़े पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग, कहा- पीएम भी मांगें माफी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर भाजपा सांसद अनंत हेगड़े के बयान पर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने के साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किए जाने की मांग की है। कांग्रेस ने कहा कि इस विषय पर प्रधानमंत्री स्वयं संसद में स्थिति स्पष्ट करें। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा कि गांधी को भाजपा से देशप्रेम का सर्टिफिकेट नहीं चाहिए।
कांग्रेस सांसद आनंद शर्मा ने कहा कि हमें ऐसी बयानबाजी पर प्रधानमंत्री की नाराजगी और अप्रसन्नता से कोई लेना देना नहीं है हम देखना चाहते हैं कि इस बार वह कार्रवाई क्या करते हैं। पहले भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर महात्मा का अपमान कर चुकी हैं और अब जब हम राष्ट्रपिता की 150वीं जयंती मना रहे हैं तो उन्हें अपमानित किया जा रहा है।
आनंद शर्मा ने कहा कांग्रेस पार्टी मंगलवार तक समय दे रही है प्रधानमंत्री को खुद स्पष्ट करना चाहिए। भाजपा नेताओं की सोच ही ऐसी है गांधी के हत्यारों के उत्तराधिकारी हैं लिहाजा महात्मा गांधी और भारत छोड़ों आंदोलन के शहीदों का अपमान कर रहे हैं। इन्हीं लोगों ने आजादी के लड़ाई के दौरान पंजाब और बंगाल में कांग्रेस की वैकल्पिक सरकार बनाई और हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग साथ आए। ये लोग चुनाव में कुछ वोटों के लिए भारत की आत्मा में घाव कर रहे हैं।
दिल्ली चुनाव में योगी के बयान पर जताई आपत्ति
आनंद शर्मा ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के दिल्ली की चुनावी सभा में दिए बयान पर चिंता जताते हुए कहा कि इस पर अंकुश लगना चाहिए। भाजपा के मुख्यमंत्री कानून से ऊपर नहीं हैं। चुनाव की राजनीति के लिए तनाव टकराव और बंटवारा ठीक नहीं है।बजट भाषण और चलता तो सांसद मूर्छित हो जाते: आनंद शर्मा
कांग्रेस सांसद आनंद शर्मा ने बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की तबीयत बिगड़ने पर चुटकी लेते हुए कहा कि अगर उनका भाषण थोड़ी देर और चलता तो कुछ सांसद भी मूर्छित हो जाते हैं। उनका कहना है कि अगर बजट में कुछ होता उससे और देर तक सुनने का कष्ट उठाना भी उचित होगा। बजट में ऐसा कुछ नहीं था जिसे इतनी देर तक सुना जाता।'अंग्रेजों के चमचों के कार्यकर्ताओं से गांधी को नहीं चाहिए सर्टिफिकेट'
वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा, 'महात्मा गांधी को देशप्रेम का सर्टिफिकेट उस पार्टी से नहीं चाहिए जो गोरों की सरकार के चमचे थे, अनंत हेगड़े उस संगठन से आते हैं जिन्होंने तिरंगे का विरोध किया, संविधान का विरोध किया, जिन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन का विरोध किया।'
उन्होंने आगे कहा, 'जिस तरह से गोडसे भक्तों की संख्या भाजपा में बढ़ती जा रही है, भाजपा को अपना नाम बदलकर नाथू राम गोडसे पार्टी रख लेना चाहिए।' कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जिन्होंने लगातार महात्मा गांधी का अपमान किया और अब एक और भाजपा नेता बापू के खिलाफ बोल रहे हैं। यही समय है प्रधानमंत्री को साबित करना होगा कि उनकी निष्ठा गोडसे के प्रति है या महात्मा गांधी के प्रति।
PM did not take action against Pragya Thakur who consistently insults Mahatma Gandhi & now another BJP joins “hate Bapu” chorus.
It is time for PM to prove whether his loyalty lies towards Godse or Mahatma Gandhi #AnantKumarHegde pic.twitter.com/Px2YSk61My
— Jaiveer Shergill (@JaiveerShergill) February 3, 2020
बता दें कि बंगलूरू में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेगड़े ने कहा था कि कैसे ‘ऐसे लोग’ भारत में महात्मा पुकारे जाते हैं। उन्होंने कहा, 'पूरा स्वतंत्रता आंदोलन अंग्रेजों की सहमति और समर्थन से खेला गया एक बड़ा ड्रामा था। सत्याग्रह और भूख हड़ताल भी ड्रामा था। ये तथाकथित नेता एक बार भी पुलिस द्वारा नहीं पीटे गए।'
उत्तर कन्नडड से सांसद ने कहा कि यह वास्तविक लड़ाई नहीं बल्कि तालमेल से किया स्वतंत्रता आंदोलन था। उन्होंने कहा कि लोग कांग्रेस का यह कहते हुए समर्थन करते हैं कि अनशन और सत्याग्रह के कारण देश को आजादी मिली, लेकिन यह सत्य नहीं है। ब्रिटिश शासक सत्याग्रह नहीं बल्कि निराशा और कुंठा के कारण देश छोड़कर गए।
भगवा दल के लोग ही ऐसे बयान दे सकते हैं : गहलोत
वहीं राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि हेगड़े का बयान निंदनीय है। भगवा दल के लोग ही ऐसे बयान दे सकते हैं, क्योंकि इन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में न तो हिस्सा लिया और न ही देश के लिए बलिदान दिया। इस तरह के बयान उनकी मानसिकता को दर्शाते हैं और गांधी जी के प्रति उनके मन में कोई सम्मान नहीं हैं।