कांग्रेस वॉर रूम में बनी अगले वार की रणनीति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के वॉर रूम (बंगला नंबर 15, गुरुद्वारा रकाबगंज) में केंद्र सरकार के खिलाफ लंबी लड़ाई की रणनीति तैयार हुई है। बुधवार शाम पार्टी के सभी महासचिवों और सांसदों को बुलाकर पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अगले वार के लिए पार्टी नेताओं को कमर कसने को कहा है।
पार्टी नोटबंदी के मामले में अब खुलकर जनता के बीच जाएगी और उन्हें हो रही परेशानियों की सच्चाई और कथित घोटाले से अवगत कराएगी। कांग्रेस अभी तक नोटबंदी को लेकर सड़क पर उतरने से परहेज कर रही थी, लेकिन अब उसे लगता है कि जनता केंद्र सरकार के आश्वासनों और तर्कों से ऊब चुकी है।
राहुल गांधी ने सभी सांसदों से कहा कि संसद सत्र समाप्त होने के बाद अपने क्षेत्र में जाकर लोगों को बताएं कि नोटबंदी का किसको लाभ हुआ है और किसे परेशानी उठानी पड़ रही है।
कांग्रेस यूपी और पंजाब में इस मुद्दे को लेकर जन आंदोलन छेड़ना चाहती है और नोटबंदी को चुनावी मुद्दा बनाने जा रही है। आने वाले दिनों में राहुल गांधी खुद विभिन्न राज्यों का दौरा कर लोगों से बातचीत करेंगे।
कांग्रेस कालाधन के खिलाफ है
बैठक में तय हुआ है कि कांग्रेस कार्यकर्ता निचले स्तर पर खासकर ग्रामीण इलाकों में नुक्कड़ सभाएं कर लोगों को हुए नुकसान और कांग्रेस के विरोध के कारण बताएं।
नेताओं से कहा गया है कि यह स्पष्ट करें कांग्रेस कालाधन के खिलाफ है, लेकिन जिस तरह से नोटबंदी और कैशलेस को थोपा जा रहा है उससे उनका कितना नुकसान होगा। सरकार ने जिस उद्देश्य को लेकर फैसला लिया था, उसमें कितना सफल हुई है।
बैठक के संबंध में मीडिया विभाग के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बताया कि पूरे देश में जनता की पीड़ा और लोगों की परेशानियों पर चर्चा हुई। लोगों को परेशानी से निजात दिलाने के लिए कांग्रेस सरकार पर दबाव बनाएगी।
कांग्रेस उपाध्यक्ष, सांसद और पार्टी नेताओं ने संकल्प लिया है कि इस परेशानी के दौरान हम जनता के साथ खड़े होंगे। सरकार पर दबाव बनाएंगे कि जनता की मेहनत की कमाई का पैसा उसे बैंक से मिले।