Ladakh Protest: लद्दाख हिंसा पर विपक्ष का केंद्र सरकार पर निशाना, केजरीवाल बोले- सत्ता के नशे में चूर है भाजपा
Congress-AAP Slams Govt On Ladakh Protest: लद्दाख में तनावपूर्ण हालात के बीच तमाम राजनीतिक दलों की तरफ से केंद्र सरकार पर निशाना साधा गया है। इसमें कांग्रेस नेता जयराम रमेश और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार सत्ता के नशे में चूर है।
विस्तार
'लद्दाख के लोगों की जमीन और रोजगार के अधिकार खतरे में'
जयराम रमेश ने कहा कि लद्दाख के लोगों की पीड़ा और गुस्सा सरकार की अंतरात्मा को झकझोरना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि लद्दाख के लोगों की जमीन और रोजगार के अधिकार खतरे में हैं। स्थानीय प्रशासन का पूरा नियंत्रण उपराज्यपाल और नौकरशाही के हाथों में है। उन्होंने कहा, 'छह साल पहले जब लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया था, तब लोगों की बड़ी उम्मीदें थीं। लेकिन आज निराशा और असंतोष है। चीन ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर एकतरफा बदलाव किए हैं और प्रधानमंत्री ने 19 जून 2020 को चीन को क्लीन चिट दी थी, जिससे स्थिति और अस्थिर हुई है।'
सरकार उनकी मांगें जल्द से जल्द पूरी करे- रमेश
उन्होंने यह भी कहा कि लद्दाख सांस्कृतिक, आर्थिक, पारिस्थितिक और रणनीतिक दृष्टि से बेहद अहम है और यहां के लोग हमेशा से गर्वित भारतीय रहे हैं। सरकार को सिर्फ बैठकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनकी मांगें पूरी तरह और जल्द से जल्द पूरी करनी चाहिए।
Six years ago, the people of Ladakh had great expectations when the Union Territory of Ladakh was created.
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) September 26, 2025
But there has been massive disappointment and disenchantment as they have seen
1. Their land and employment rights under severe threat
2. The local administration and…
सत्ता के नशे में चूर भाजपा सरकार- अरविंद केजरीवाल
वहीं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सत्ता के नशे में चूर भाजपा सरकार जनता की आवाज को दबा रही है और लोकतंत्र की बुनियाद को कमजोर कर रही है। लद्दाख के लोग किसी विशेषाधिकार की नहीं बल्कि सिर्फ अपने संवैधानिक अधिकार- वोट देने और अपनी सरकार चुनने की मांग कर रहे हैं, लेकिन भाजपा बार-बार वादे करने के बावजूद उनका हक नहीं दे रही।
एक्स पर केजरीवाल ने किया पोस्ट
केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि भारत ने अंग्रेजों से आजादी इसलिए नहीं ली थी कि जनता अंग्रेजों की जगह भाजपा की गुलाम बन जाए। भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों ने लोकतंत्र के लिए बलिदान दिया था, लेकिन आज भाजपा राज्यों को केंद्र शासित प्रदेश बनाकर जनता से उनके अधिकार छीन रही है। अगर आज लद्दाख की आवाज को अनसुना किया गया, तो कल यह पूरे देश की आवाज बन जाएगी।
आज लद्दाख में जो हो रहा है, वो बेहद चिंताजनक है। हर सच्चे देशभक्त को लद्दाख के लोगों का साथ देना चाहिए।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) September 25, 2025
हमने अंग्रेज़ों से इसलिए आज़ादी थोड़ी ली थी कि जनता अंग्रेज़ों की बजाय बीजेपी की गुलाम बन जाए?
भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद जैसे क्रांतिकारियों ने लोकतंत्र के लिए अपना बलिदान…
इधर, लेह में धारा 163 के तहत पाबंदियां जारी हैं। पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने, रैली और मार्च पर बैन है। किसी भी कार्यक्रम के लिए पहले से लिखित अनुमति लेना जरूरी है।