'पवार ही नेता, सुप्रिया सुले नहीं': कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने परिसीमन विधेयक पर उठाए सवाल, भाजपा को भी घेरा
परिसीमन विधेयक पर सुप्रिया सुले के रुख से कांग्रेस नेता हुसैन दलवई क्यों नाराज हैं? उन्होंने शरद पवार को पार्टी का असली नेता बताते हुए सुले पर क्या तंज कसा? दलवई क्यों चाहते हैं कि विधेयक संसद में पेश होने से पहले विपक्ष से चर्चा हो? संविधान दिवस पर उन्होंने भाजपा सरकार को क्यों घेरा? यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन और 26 सीटों के प्रस्ताव पर उनका क्या कहना है? आइए, विस्तार से जानते हैं दलवई ने क्या कुछ कहा...
विस्तार
कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सुले के रुख पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि जब विधेयक का पूरा मसौदा सामने नहीं आया और विपक्षी दलों के साथ इस पर चर्चा भी नहीं हुई, तो सुले इसके समर्थन की बात कैसे कर सकती हैं। दलवई ने इस मुद्दे पर शरद पवार की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी के नेता अब भी पवार ही हैं, सुप्रिया सुले नहीं।
दरअसल, सुप्रिया सुले ने कहा था कि प्रस्तावित संविधान संशोधन पर कोई फैसला लेने से पहले विधेयक का पूरा पाठ सांसदों को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले विधेयक पेश होने दिया जाए, फिर उसके प्रावधानों को पढ़कर और उन पर चर्चा करके फैसला किया जा सकता है। सुले ने यह भी कहा था कि राष्ट्रीय हित के मामलों में सत्ता पक्ष और विपक्ष पहले भी मिलकर काम करते रहे हैं। उनके इसी रुख पर दलवई ने आपत्ति जताई और कहा कि संविधान में बदलाव करने वाले विधेयक पर चर्चा पहले होनी चाहिए।
विपक्ष से चर्चा किए बिना विधेयक का समर्थन क्यों?
दलवई ने कहा कि परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर सरकार को संसद में विधेयक लाने से पहले विपक्षी दलों, खासकर इंडी गठबंधन से बातचीत करनी चाहिए। सभी दलों को एक साथ बैठकर तय करना चाहिए कि विधेयक में क्या प्रावधान होने चाहिए और क्या इसे लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संसद में पेश होने से पहले सहमति बनाने की बात हो रही है, लेकिन यह सहमति बनी भी है या नहीं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उनके मुताबिक, सत्र शुरू होने से पहले इंडी गठबंधन के भीतर और फिर सरकार के साथ चर्चा होनी चाहिए।
शरद पवार को लेकर दलवई ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता ने सुप्रिया सुले पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या उन्होंने इस मुद्दे पर शरद पवार से सलाह ली है। दलवई ने कहा, "पवार साहब ने क्या कहा है? वह अब भी पार्टी के नेता हैं, है ना? नेता वह हैं, सुप्रिया सुले नहीं।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा का सुप्रिया सुले पर किस तरह का प्रभाव पड़ा है, यह समझना मुश्किल है। दलवई का कहना है कि जब विधेयक के प्रावधान ही स्पष्ट नहीं हैं, तब उसके समर्थन की बात करना उचित नहीं है।
संविधान दिवस और 26/11 हमले पर क्या बोले दलवई?
26 नवंबर को संविधान दिवस और मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर दलवई ने दोनों घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने पाकिस्तान से आए आतंकियों के हमले को बेहद जघन्य बताया। साथ ही कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का संविधान भारतीय समाज को एकजुट रखता है। उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर विभाजन पैदा करने वाली राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि देश में समाज को बांटने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर क्या बोले?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर दलवई ने कहा कि दोनों दल साथ चुनाव लड़ें तो भाजपा को चुनौती दे सकते हैं। हालांकि, उन्होंने सपा को कांग्रेस की राजनीतिक ताकत कम आंकने से बचने की सलाह दी। कांग्रेस को 26 सीटें देने के सपा के प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि इतनी कम सीटों पर कोई सहमत नहीं होगा। दलवई ने आरोप लगाया कि सपा की ओर से ऐसा प्रस्ताव देकर गठबंधन में दरार पैदा करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने दोनों दलों के नेतृत्व से आपसी सहमति से सीट बंटवारा तय करने की अपील की।
