Kejriwal Arrest: केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर विपक्ष हमलावर, राहुल गांधी ने परिवार से की बात
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा केजरीवाल को किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा देने से इनकार करने के कुछ घंटों बाद ईडी ने यह कार्रवाई की। केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी दल भाजपा पर हमलावर हो गए हैं।
विस्तार
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी दल भाजपा पर हमलावर हो गए हैं। इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार देर रात सीएम केजरीवाल के परिवार से बात की। और उन्हें कांग्रेस पार्टी के समर्थन का आश्वासन दिया। सूत्र ने बताया कि राहुल शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल या उनके परिवार से मिलकर कानूनी मदद दिलाने की कोशिश करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि रोज जीत का झूठा दंभ भरने वाली अहंकारी भाजपा विपक्ष को हर तरह से चुनाव के पहले गैर कानूनी तरीके से कमजोर करने की कोशिश कर रही है। अगर सच में जीत का भरोसा होता तो सांविधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके विपक्षी पार्टियों के नेताओं को ठीक चुनाव से पहले निशाना नहीं बनाया जाता।
उन्होंने कहा कि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी का खाता फ्रीज नहीं किया जाता। सच यह है की भाजपा आने वाले चुनाव परिणाम से पहले ही डर गई है और बौखलाहट में विपक्ष के लिए हर तरह की मुश्किलें पैदा कर रही है। वक्त है बदलाव का! अबकी बार …सत्ता के बाहर!
केजरीवाल पर असंवैधानिक कार्रवाई के खिलाफ 'इंडिया' गठबंधन एकजुट...
महाराष्ट्र के नेता शरद पवार ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की कड़े शब्दों में निंदा की। एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष पवार ने कहा कि इससे पता चलता है कि भाजपा सत्ता के लिए किस हद तक गिर सकती है। पवार ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, बदले की भावना से विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग की कड़ी निंदा करता हूं, खासकर जब लोकसभा चुनाव नजदीक हैं। यह गिरफ्तारी दर्शाती है कि भाजपा सत्ता के लिए किस हद तक गिर सकती है। अरविंद केजरीवाल के खिलाफ इस असंवैधानिक कार्रवाई के खिलाफ 'इंडिया' गठबंधन एकजुट है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, जो खुद हैं शिकस्त के खौफ में कैद, ‘वो’ क्या करेंगे किसी और को कैद। भाजपा जानती है कि वह फिर दोबारा सत्ता में नहीं आने वाली, इसी डर से वह चुनाव के समय विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ्तारी तो बस बहाना है। ये गिरफ्तारी एक नई जन-क्रांति को जन्म देगी।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, दिल्ली की मंत्री आतिशी का कहना है कि अरविंद केजरीवाल एक व्यक्ति नहीं, विचार हैं। मुझे कहना चाहिए कि वह एक बुरा विचार हैं। पात्रा ने कहा, अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा चल रहा है। भ्रष्टाचार का जश्न चल रहा है। यदि उनकी आबकारी नीति इतनी अच्छी थी तो उसे रद्द क्यों किया? आपने शराब खरीद की पूरी प्रक्रिया में गुटबाजी क्यों और कैसे शुरू की? उन्होंने अपने करीबियों को ठेके क्यों दिए? शुरुआत में 5 फीसदी कमीशन दिया जाता था जिसे बढ़ाकर 12 प्रतिशत कर दिया गया। यहां तक 7 फीसदी अतिरिक्त कमीशन उन्हें काले धन के रूप में मिला।
इनका जाना एकदम तय है...
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कहा कि हार के डर में गिरफ्तार ये लाचार मोदी सरकार लोकतंत्र को तार तार करती आई है और करती रहेगी। इनका जाना एकदम तय है, इसलिए इनमें इतना भय है।
जांच एजेंसियों की मदद से चुनाव लड़ना चाहती है भाजपा...
वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से साफ जाहिर है कि विपक्ष से लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने की बजाय बीजेपी जांच एजेंसियों एवं अन्य संवैधानिक संस्थानों की आड़ और पुरजोर मदद से चुनाव लड़ना चाहती है। राजनीतिक, लोकतांत्रिक व संवैधानिक नैतिकता एवं मर्यादाओं को एनडीए सरकार ने तार-तार कर देश पर अघोषित आपातकाल थोप दिया है। उन्होंने आगे कहा, हम सभी मजबूती से दिल्ली के लोगों की लोकप्रिय सरकार के साथ खड़े हैं। जैसा कि हम सब ने पटना और मुंबई से खुलकर एलान किया था - हम डरने वाले नहीं बल्कि लड़ कर जीतने वाले लोग हैं।