यूपी में कांग्रेस-बसपा-सपा गठबंधन के संकेत, कांग्रेस बोली- भाजपा को हटाने वालों का स्वागत है
यूपी में भले ही सपा, बसपा और कांग्रेस के बीच तनातनी वाली बयानबाजी सामने आ रही है, मगर पर्दे के पीछे महागठबंधन की कवायद भी जारी है। कांग्रेस पार्टी की सोच है कि यूपी में जो भी दल भाजपा को हटाना चाहता है, उसका स्वागत है। यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर ने यह संकेत दे दिया है कि भाजपा को हराने के लिए वे किसी का भी साथ लेने को तैयार हैं। सपा-बसपा की ओर से आ रही कठोर टिप्पणियों बाबत उन्होंने कहा, ये उनकी भावनाएं हैं। इसे महागठबंधन से जोड़कर न देखा जाए।
शनिवार को 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस पार्टी के दफ्तर में राज बब्बर ने कहा, लोगों ने मोदी राज देख लिया है। लोगों ने बड़ी उम्मीदों के साथ 2014 में मोदी को सत्ता सौंपी थी, मगर अब उनके सामने धोखा आ रहा है। यूपी में तो कानून व्यवस्था और सुरक्षा, ये शब्द ही बेमानी से लगते हैं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाए, उल्टा रेप पीड़िताओं के परिजनों पर पुलिस का डंडा चलता है। पुलिस अफसरों को गोली मारी जा रही है, तो कहीं उन्हें थप्पड़ या धमकी भरे शब्द सुनने को मिल रहे हैं।
योगी सरकार के सहयोग से पनप रहा खतरनाक भीड़तंत्र किसी को नहीं छोड़ता। जनता ने भाजपा को 324 विधायक और 73 सांसद इसलिए दिए थे ताकि वह लोगों की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतर सके। इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या के मामले में बब्बर ने कहा, इसकी जांच सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश या यूपी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए।
कांग्रेस पार्टी को जहां मजबूत प्रत्याशी मिलेंगे, उन्हें चुनाव लड़ाएंगे...
एक अनौपचारिक बातचीत में राज बब्बर ने कहा, हमारी पार्टी को जहां भी मजबूत प्रत्याशी मिलेगा, उसे वहीं से चुनाव लड़वाएंगे। क्या वे खुद भी चुनाव लड़ना चाहते हैं, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, हां ऐसी मेरी इच्छा है। बाकी पार्टी जो कहेगी, वे वैसा ही करेंगे।
यूपी में महागठबंधन केवल राजनीतिक दलों का विचार नहीं है, बल्कि यह जनता की इच्छा है कि भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस, सपा और बसपा को साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहिए। अन्य कोई दूसरा दल भी आना चाहे तो उसका स्वागत है। संसद सत्र खत्म होने के बाद बैठक होगी, जिसमें गठबंधन से लेकर सीटों की स्थिति पर विचार होगा।
गुजरात समिट में पाकिस्तान को न्यौता भेजने पर क्या बोले राज बब्बर
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह पर बनी फिल्म को लेकर जो तरह-तरह की बयानबाजी सामने आ रही है, उस बाबत उन्होंने कहा, ये ट्रेलर है। ट्रेलर किस लिए होता है, पब्लिसिटी लेने के लिए होता है। वह फिल्म को जोरदार तरीके से मिल रही है।