कर्नाटक: 6 जून को मंत्रिमंडल विस्तार, 2019 की लड़ाई भाजपा के खिलाफ मिलकर लड़ेगी कांग्रेस-जेडीएस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस और जेडीएस ने 2019 का संसदीय चुनाव साथ मिलकर लड़ने का एलान किया है। दोनों दलों में चुनाव पूर्व गठबंधन बनाकर आम चुनाव लड़ने पर सहमति बनी है।
दोनों दलों की संयुक्त घोषणा में कहा गया है कि लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे पर फैसला बाद में किया जाएगा। गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न विधानसभा का चुनाव दोनों दलों ने अलग-अलग लड़ा था और राज्य में खंडित जनादेश आया। उसके बाद दोनों दलों ने चुनाव बाद गठबंधन कर लिया और बहुमत की सरकार बना ली। इसमें भाजपा 104 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में उभरी।
संयुक्त बयान में कहा गया कि राज्य की जनता ने दोनों दलों को 50 फीसदी से ज्यादा मत दिए हैं। इसलिए लोकसभा का चुनाव दोनों साथ ही लड़ेंगे। इस बीच कुमारस्वामी ने इंफोसिस के सह संस्थापक एन आर नारायणमूर्ति से मिलकर बंगलूरू के विकास, बुनियादी ढांचे और कचरा प्रबंधन पर मार्गदर्शन करने को कहा है।
Congress and JDS will fight the 2019 Lok Sabha elections as part of alliance: KC Venugopal,Congress pic.twitter.com/DKQvzA1jVV
— ANI (@ANI) June 1, 2018
मंत्रिमंडल का विस्तार 6 जून को : कुमारस्वामी
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने बताया कि राज्य में कांग्रेस और जेडीएस मंत्रिमंडल का विस्तार 6 जून को होगा। उन्होंने कहा कि राज्यपाल वजूभाई वाला किसी कार्यक्रम के सिलसिले में रविवार से शहर से बाहर रहेंगे। उनके 5 जून की रात को लौटने के बाद अगले दिन औपचारिकता पूरी हो जाएगी।
इस बीच कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने पार्टी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सिद्धारमैया और मुख्यमंत्री कुमारस्वामी की मौजूदगी में प्रेस कांफ्रेंस में सत्ता के बंटवारे की घोषणा की। वेणुगोपाल ने बताया कि राहुल गांधी के निर्देश पर वित्त मंत्रालय जेडीएस को दिया गया है। राहुल ने इस बात पर जोर दिया था कि गठबंधन की यह सरकार इस वक्त देश की जरूरत है। दोनों दलों ने सरकार चलाने के लिए गठबंधन समन्वय समिति और निगरानी समिति बनाने की घोषणा की है। यह समिति महीने में एक बार बैठक कर कामकाज की समीक्षा करेगी।
On 6th there's cabinet expansion after that we'll continue to have good governance. It isn't compromise, both of us have to come together. So there has to be give&take policy. Some we've given&some we've taken. Ultimately coalition has to go on: Dy CM G Parameshwara #Karnataka pic.twitter.com/0KB30eN8Le
— ANI (@ANI) June 1, 2018
मंत्रिमंडल गठन पर राहुल ने की देवगौड़ा से फोन पर बात
कर्नाटक में सरकार बनने के इतने समय बाद भी मंत्रिमंडल का गठन नहीं होने को लेकर राहुल गांधी ने जेडीएस सुप्रीमो देवगौड़ा से फोन पर बात की। दोनों नेताओं की बातचीत पर जेडीएस के महासचिव दानिश अली ने कहा कि सब कुछ तय हो चुका है।
दानिश ने कहा कि दोनों नेताओं की बातचीत के बाद मंत्रिमंडल गठन से लेकर विभागों के बंटवारे और न्यूनतम साझा कार्यक्रम तक सब कुछ तय हो गया। राहुल अपनी मां सोनिया गांधी के स्वास्थ्य जांच के लिए अभी अमेरिका में हैं। उन्होंने कहा कि दोनों दलों में पांच दौर की बातचीत के बाद सब कुछ तय हो गया है।
कांग्रेस-जेडीएस के हिस्से में आये मंत्रालय
समझौते के तहत कांग्रेस को गृह, सिंचाई, बंगलूरू नगर विकास, उद्योग एवं चीनी उद्योग, स्वास्थ्य, राजस्व, शहरी विकास, ग्रामीण विकास, कृषि, आवास, चिकित्सा शिक्षा, समाज कल्याण, वन एवं पर्यावरण, श्रम और खान मंत्रालय देने का फैसला हुआ है। इसके अलावा महिला एवं बाल कल्याण, खाद्य एवं आपूर्ति, हज, वक्फ एवं अल्पसंख्यक मामले, कानून एवं संसदीय मामले, विज्ञान एवं तकनीक और सूचना प्रौद्योगिकी/बायोटेक्नोलॉजी, युवा, खेल और बंदरगाह एवं परिवहन विकास विभाग भी कांग्रेस के हिस्से में आया है।
जेडीएस के हिस्से में आया मंत्रालय
जेडीएस को वित्त, एक्साइज, सूचना, सतर्कता, योजना एवं सांख्यिकी, लोक निर्माण विभाग, ऊर्जा, पर्यटन, शिक्षा, पशुपालन और मत्स्यपालन, बागवानी एवं रेशम उत्पादन, लघु उद्योग, परिवहन एवं लघु सिंचाई मंत्रालय दिए गए हैं। वेणुगोपाल ने कहा अन्य विभागों का बंटवारा मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर की सहमति से किया जाएगा।