Rahul Gandhi: राहुल गांधी को गोली मारने के बयान पर BJP नेता के खिलाफ शिकायत, कांग्रेस ने गिरफ्तारी की मांग की
BJP Vs Congress: कथित तौर पर भाजपा नेता प्रिंटू महादेवन ने एक मीडिया चैनल पर लद्दाख में हुई हिंसा पर बहस के दौरान राहुल गांधी के सीने में गोली मारने की बात कही थी। इसे लेकर कांग्रेस यूथ कार्यकर्ताओं के द्वारा गोरखपुर कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
विस्तार
राहुल गांधी पर आपत्तिजनक बयानबाजी करने के आरोप में केरल भाजपा के नेता प्रिंटू महादेवन के खिलाफ एक और शिकायत दर्ज कराई गई है। कांग्रेस यूथ कार्यकर्ताओं के द्वारा गोरखपुर कैंट थाने में दर्ज कराई गई इस शिकायत में प्रिंटू महादेवन पर आपत्तिजनक बयानबाजी कर माहौल को खराब करने का आरोप लगाया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रिंटू महादेवन के खिलाफ गंभीर धाराओं में शिकायत दर्ज कराकर उनकी गिरफ्तार की मांग की है।
ये भी पढ़ें: IMD: आईएमडी की भविष्यवाणी, अक्तूबर में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना
राहुल गांधी को गोली मारने की बात
कथित तौर पर भाजपा नेता प्रिंटू महादेवन ने एक मीडिया चैनल पर लद्दाख में हुई हिंसा पर बहस के दौरान राहुल गांधी के सीने में गोली मारने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि भारत में नेपाल जैसी हिंसा संभव नहीं है क्योंकि यहां का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ में है। कथित तौर पर उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी इस तरह की हिंसा को बढ़ावा देते हैं तो युवा उनके ही सीने में गोली मारेंगे।
कार्रवाई करने की मांग
भाजपा नेता के इस कथित बयान के खिलाफ कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उन पर कार्रवाई करने की मांग की थी। वेणुगोपाल ने कहा था कि भाजपा को साफ करना चाहिए कि उनकी विचारधारा क्या है। वेणुगोपाल के बयान के बाद सोमवार को प्रिंटू महादेवन के खिलाफ केरल के एक थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा गोरखपुर में मंगलवार 30 सितंबर को उनके खिलाफ दूसरी शिकायत दर्ज कराई गई है।
ऐसी नफरती विचारधारा स्वीकार नहीं- कांग्रेस
यूपी कांग्रेस के उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह ने अमर उजाला से कहा कि भारत का लोकतंत्र असहमति को भी सम्मानजनक स्थान देता है। देश की सर्वोच्च संस्था लोकसभा (संसद) में विपक्ष के नेता को 'नेता विपक्ष' का पद देकर उसी असहमति की आवाज को सम्मान देने का काम किया जाता है जो सरकार से सहमत नहीं है। लेकिन भाजपा नेता प्रिंटू महादेवन ने जिस तरह राहुल गांधी को मारने की बात कही है, उसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता और उन पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेता विश्व विजय सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा के शीर्ष नेताओं की शह पर अभद्र बातें कही जा रही हैं। यदि इस पर रोक नहीं लगाई जाती है तो इससे देश के लोकतंत्र को खतरा है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय को स्वतः संज्ञान लेकर इस तरह की आपत्तिजनक बयानबाजी पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है कि राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी की गई है। गांधी परिवार पहले भी नफरती विचारधारा के कारण बड़ी क्षति उठा चुका है। इसे देखते हुए इस तरह की बयानबाजी बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और इस पर हर हाल में रोक लगनी चाहिए।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.