Telangana: कंपनी ने तेलंगाना फार्मा प्लांट विस्फोट में 40 मौतों की पुष्टि की, एक-एक करोड़ के मुआवजे का भी एलान
तेलंगाना के संगारेड्डी में सोमवार को एक फार्मा प्लांट में संदिग्ध विस्फोट हुआ था। हादसे में 40 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। अब कंपनी ने मौतों की पुष्टि की है। साथ ही मृतकों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने का एलान किया है।
विस्तार
तेलंगाना के पशम्यलारम में फार्मा प्लांट में हुए विस्फोट में सिगाची इंडस्ट्रीज ने 40 लोगों की मौत होने की पुष्टि की है। कंपनी ने मृतकों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने का एलान किया है। कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हम दुख के साथ तेलंगाना कारखाने में हुई दुर्घटना की जानकारी साझा कर रहे हैं। इस हादसे में हमारी टीम के 40 सदस्यों की मौत हो गई और 33 से अधिक लोग घायल हो गए।
कंपनी ने कहा कि दुर्घटना के बाद से ही हम आपातकालीन प्रतिक्रिया, परिवार सहायता का समन्वय कर रहे हैं। इसके अलावा जांच और अनुपालन प्रयासों में सहयोग दे रहे हैं। सिगाची इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने मृतकों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की मुआवजा राशि देने की प्रतिबद्धता जताई है, जबकि घायलों को पूर्ण चिकित्सा और पुनर्वास सहायता मिलेगी। कंपनी ने कहा कि यह दुर्घटना प्लांट में रिएक्टर विस्फोट के कारण नहीं हुई। हम इसकी जांच के बाद सही जानकारी देंगे। तब तक प्लांट में 90 दिनों के लिए परिचालन अस्थायी रूप से निलंबित रहेगा।
ये भी पढ़ें: 'बार-बार बोलने के बाद भी फार्मा कंपनी ने नहीं बदली थी पुरानी मशीनरी', एफआईआर में खुलासा
फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा
विस्फोट पीड़ितों में से एक के परिवार के सदस्य की शिकायत के आधार पर संगारेड्डी पुलिस ने सोमवार को फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ धारा 105 (हत्या के बराबर नहीं) 110 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) और बीएनएस की धारा 117 (स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
ये भी पढ़ें: मलबा हटाने का काम लगभग पूरा, सिगाची यूनिट के पास अग्निशमन विभाग की एनओसी नहीं थी
सीएम ने जताई थी नाराजगी
विस्फोट के बाद प्लांट के प्रबंध तंत्र सामने नहीं आने पर सीएम रेवंत रेड्डी ने फटकार लगाई थी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कंपनी के प्रबंधन के साथ बातचीत करेगी। गंभीर रूप से घायल लोगों को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि जो लोग घायल हैं, लेकिन कुछ हद तक ठीक होने के बाद काम पर लौट सकते हैं, उन्हें पांच लाख रुपये दिए जाएंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.