योगी आदित्यनाथ ने कहा: बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने पर तृणमूल कांग्रेस के गुंडे जेल में होंगे
- योगी आदित्यनाथ ने कहा, हुगली जिले के सुदर्शन प्रामाणिक समेत जिन भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की गई उन्हें 28 दिनों के बाद मिलेगा इंसाफ
- बंगाल में उन्हें दंडित करेंगे जो सिंडिकेट राज का हिस्सा हैं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के एक महीने के अंदर तृणमूल कांग्रेस के प्रश्रय वाले गुंडों को ढूंढ-ढूंढ कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
उन्होंने यहां दो मई (उस दिन मतगणना है) का हवाला देते हुए कहा कि हुगली जिले के सुदर्शन प्रामाणिक समेत जिन भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई उन्हें 28 दिनों के बाद इंसाफ मिलेगा। राज्य में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, तृणमूल कांग्रेस के गुंडे ध्यान से सुन लें। मतगणना के बाद हम तुम्हें सबक सिखाएंगे। चार साल पहले जब हमने उत्तर प्रदेश में सरकार बनाई, तब वहां भी ऐसी ही चीजें हुईं।
उन्होंने कहा, हमने लोगों पर अत्याचार करने वालों को जेल में डाला। बंगाल में भी हम उन्हें दंडित करेंगे जो सिंडिकेट राज का हिस्सा हैं और कट मनी मांगते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने जब ठोस कदम उठाए तो कश्मीर में भी गुंडागर्दी थम गई।
ममता बनर्जी ने बंगाल में दुर्गा पूजा और होली मनाने की राह में रूकावटें की पैदा
तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी पर अपने दस साल के शासनकाल में तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि बनर्जी ने बंगाल में दुर्गा पूजा, सरस्वती पूजा और होली मनाने की राह में रुकावटें पैदा की, ये ऐसी चीज है जो उत्तर प्रदेश में कभी नहीं होती है। उन्होंने लोगों से कहा, यह सुनिश्चित करने लिए भाजपा को चुनिए कि आपको त्योहारों में भाग लेने से रोका नहीं जाए।
आदित्यनाथ ने बाद में मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में एक अन्य रैली में दावा किया कि बंगाल में दो साल पहले ममता बनर्जी सरकार ने शुरू में दुर्गा पूजा नहीं होने दी, तब उच्च न्यायालय को हिंदू समुदाय के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए दखल देना पड़ा।
भाजपा नेता ने कहा, उच्च न्यायालय के आदेश के बाद यहां प्रशासन ने इस बार मार्गदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश में अपने समकक्षों से संपर्क किया कि कैसे जरूरी कदम उठाए जाएं। मैं तृणमूल कांग्रेस सरकार को बता देना चाहता हूं कि यदि चाह है तो आप हमेशा राह निकाल सकते हैं।
हालांकि, तूणमूल कांग्रेस के नेताओं ने कहा है कि राज्य सरकार ने पिछले दशक में राज्यभर में हमेशा ही आयोजकों की मदद की है और पिछले साल कोविड-19 महामारी के मद्देनजर दुर्गा पूजा समितियों को 50,000 रुपये दिए गए।
बंगाल के मंत्री सुब्रत मुखर्जी ने हाल ही कहा था, यह भाजपा का दुष्प्रचार है। तथ्य है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 2020 में दुर्गा पूजा नहीं होने दिया जबकि रामनवमी की अनुमति दी। आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि जिस तरह बनर्जी यहां दुर्गा पूजा नहीं होने देती हैं, अयोध्या में राममंदिर के निर्माण के खिलाफ हैं, उसी तरह उन्हें जय श्री राम का नारा लगाने से चिढ़ है।
राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 जैसे निर्णय 2019 चुनावी वादों को पूरा करने के उदाहरण
आदित्यनाथ ने कहा कि राम मंदिर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना, जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 निष्प्रभावी बनाना जैसे निर्णय 2019 के अपने चुनावी वादों को भाजपा द्वारा पूरा करने के उदाहरण हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लोगों को हुगली जिले के चंदननगर में उनकी रैली में जाने से रोकने की कोशिश की। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा डराने-धमकाने की किसी भी तरकीब को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा, लोकतंत्र में पुलिस और प्रशासन का यह दायित्व है कि वे विपक्षी दलों को अपनी गतिविधियां करने में सहयोग करे। भाजपा नेता ने कहा कि वाममोर्चा और तृणमूल सरकारों ने राज्य सरकार के कर्मियों एवं केंद्र सरकार के कर्मियों के बीच विसंगति का समाधान नहीं किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में सरकार गठित करने के बाद राज्य सरकार के कर्मचारियों की इस लंबित मांग को पूरा करेगी। उन्होंने कहा, मेरे राज्य में 1.30 करोड़ लोगों को मुफ्त बिजली दी गई, हर गरीब परिवार को मुफ्त राशन दिया गया और आयुष्मान भारत के तहत सभी को लाया गया।
आदित्यनाथ ने कहा, उसके विपरीत, बंगाल के लोगों को केंद्रीय परियोजनाओं के लाभों से वंचित किया गया, और किसानों को प्रधानमंत्री किसान निधि योजना के तहत 6,000 रुपये नहीं मिले। पिछले 10 सालों में एक हजार किसानों ने खुदकुशी की। उन्होंने कहा कि यदि बंगाल में युवाओं के लिए पर्याप्त मौके होते तो उन्हें राज्य छोड़कर बाहर जाना नहीं पड़ता।