राष्ट्रपति को छोड़कर सबकी हो सकती है जांच: नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आईएएस अफसरों को आश्वासन के साथ-साथ संकेतों में चेतावनी देते हुए कहा कि इस देश में राष्ट्रपति को छोड़कर सबकी जांच हो सकती है। मंगलवार को बिहार विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार पर उनकी सरकार की जीरो टालरेंस की नीति है और पेपर लीक मामले में कार्रवाई हो रही है। इसमें गलत करने वाले किसी भी शख्स को नहीं छोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस मामले में 110 लोग ट्रैप किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर बिना साक्ष्य के इस मामले में कोई कार्रवाई की जाएगी तो उस तरह से कार्रवाई करने वाले पर भी कार्रवाई की जाएगी।
आईएएस अफसरों के मांगपत्र का एक-एक शब्द पढ़कर कराएंगे जांच
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे आईएएस अफसरों के मांगपत्र का इंतजार कर रहे हैं और उसका एक-एक शब्द पढ़कर जांच कराएंगे। उन्होंने कहा कि अभी उन्हें उसकी कॉपी नहीं मिली है।
नीतीश ने कहा कि विपक्ष के नेता एसएमएस दिखा रहे हैं। सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। उन्होंने सीबीआई द्वारा ब्रह्मेश्वर मुखिया सहित कुछ पुराने मामलों की जांच का हवाला देते हुए कहा कि इसमें पुलिस जांच से आगे कुछ किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि सीबीआई जांच अनुसंधान पर पर्दा डालने के लिए होती है।