{"_id":"6410578836b13a5062047056","slug":"chennai-delhi-vistara-flight-missed-landing-at-indira-gandhi-international-airport-in-delhi-2023-03-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Vistara: रनवे पर उतरने से पहले ही विमान ने दोबारा भरी उड़ान, दूसरे प्रयास में हुई लैंडिंग; दहशत में रहे यात्री","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Vistara: रनवे पर उतरने से पहले ही विमान ने दोबारा भरी उड़ान, दूसरे प्रयास में हुई लैंडिंग; दहशत में रहे यात्री
Tue, 14 Mar 2023 04:46 PM IST
शिव शरण शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Tue, 14 Mar 2023 04:46 PM IST
सार
संदीप अमर ने बताया कि चेन्नई में जब विमान ने उड़ान भरी तो सब कुछ ठीक था। दिल्ली में जब विमान ने लैंड करने की कोशिश की, तभी से हमनें कुछ अजीब-सा महसूस किया। यात्री टर्बुलेंस की वजह से घबरा गए।
विज्ञापन
विस्तारा एयरलाइन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
विस्तारा की चेन्नई-दिल्ली फ्लाइट यूके 836 में भारी गड़बड़ी मामला सामने आया है। दरअसल, राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जब विमान लैंडिंग कर रहा था और लगभग जमीन पर आ गया तभी किसी कारण वश विमान के चालक दल ने लैंडिग रोक दी और विमान को वापस हवा में ले गए। एक यात्री संदीप अमर ने इसे ट्वीट कर इस घटना के बारे में जानकारी दी है।
विज्ञापन
डर गए थे यात्री
अपने ट्वीट में उन्होंने यह भी लिखा कि इस पूरी घटना के कारण यात्री बेहद हैरान और डर गए थे। विस्तारा क्रू ने भी इस बारे में कोई स्पष्टीकरण देने से इनकार कर दिया और इसे हंसी में उड़ा दिया। कि वहां वास्तव में क्या हुआ था। बाद में पायलट ने घोषणा की कि उन्हें विस्तारा उड़ान की लैंडिंग रद्द करनी होगी और वे 10 मिनट में फिर से उतरने का प्रयास करेंगे।
विज्ञापन
विस्तारा ने दिया गोलमोल जवाब
हालांकि विस्तारा ने संदीप अमर के ट्वीट का जवाब दिया है। एयरलाइन कंपनी ने कहा कि हमें इसके लिए बहुत खेद है। हम इस संबंध में अपनी टीम से पूछताछ करेंगे। हम आपको आश्वासन देते हैं कि प्राथमिकता के आधार पर संबंधित प्राधिकरण को इस बारे में बताया जाएगा।
विज्ञापन
अमर उजाला को बताई पूरी घटना
बाद में अमर उजाला ने चेन्नई से दिल्ली की यात्रा कर रहे संदीप अमर से बात की। उन्होंने अमर उजाला को इस घटना के बारे में सारी जानकारी दी। संदीप अमर ने बताया कि चेन्नई में जब विमान ने उड़ान भरी तो सब कुछ ठीक था। दिल्ली में जब विमान ने लैंड करने की कोशिश की, तभी से हमनें कुछ अजीब-सा महसूस किया। यात्री टर्बुलेंस की वजह से घबरा गए। हमने पाया कि विमान रनवे तक पहुंच भी गया था। मुश्किल से 10 मीटर तक की दूरी बची होगी, तभी विमान ने फिर से उड़ान भर दी। हम सब डर गए। मैं प्रीमियम इकोनॉमी में बैठा था। सामने ही एयर होस्टेस की सीट थी। मैंने पूछा कि हमें बताया जाए कि आखिर चल क्या रहा है? उसने कोई जवाब नहीं दिया। हमारे किसी सवाल का जवाब नहीं दिया गया।
उन्होंने बताया कि 10 मिनट तक विमान हवा में ही घूमता रहा। इसके बाद दोबारा विमान को लैंड कराने का प्रयास किया गया। इस बार भी विमान हिलता-डुलता रहा। हम सभी की सांसें अटकी हुई थीं। हम बस सही सलामत लैंडिंग की प्रार्थना कर रहे थे। बहरहाल हम सही सलामत लैंड हुए। मैंने संबंधित अधिकारियों से भी इसकी शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन कोई उचित जवाब नहीं मिला। विस्तारा एयरलाइन की ओर से भी सही बात नहीं बताई जा रही है। ऐसी लैंडिंग हमने पहले कभी नहीं देखी। मैं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से अपील करता हूं कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए।