नीला पंछी नया आकाश : केंद्र सरकार को उम्मीद... भारतीय नियम-कायदे मानेगा ट्विटर, मालिक चाहे कोई भी हो
भारत सोशल मीडिया कंपनियों के लिए सबसे बड़ा बाजार है। भारत जैसा देश न केवल यूजर्स, बल्कि विज्ञापन के मामले में भी सभी इंटरनेट दिग्गजों के लिए एक बड़ा बाजार है। ट्विटर भी इसे भुनाने की कोशिश करेगा और अधिग्रहण के पहले ही दिन एलन मस्क ने ट्विटर पर अपने विज्ञापनदाताओं के लिए पोस्ट लिखी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर अब दुनिया के सबसे अमीर शख्स और इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला के मालिक एलन मस्क का हो चुका है। अधिग्रहण के फौरन बाद ट्विटर के सीईओ पराग अग्रवाल सहित सभी बड़े अधिकारियों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। इस बीच केंद्र सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री का कहना है कि बड़े बदलाव के बाद भी ट्विटर सोशल मीडिया के लिए बनाए गए भारतीय नियम-कायदों का पालन करेगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने ट्विटर के स्वामित्व परिवर्तन पर पूछे गए सवाल पर कहा कि सरकार के लिए यह कैसे मायने रखता है कि कौन किस कंपनी का मालिक है। हमारे कानून और नियम प्लेटफॉर्म पर लागू होते हैं, भले ही उसका मालिक कोई भी हो। बता दें कि ट्विटर का नए आईटी नियमों को मानने को लेकर भारत सरकार के साथ टकराव रहा है।
अधिग्रहण : फुल यू-टर्न... नाटकबाजी चली
4 अप्रैल को मस्क ने बताया कि वे ट्विटर में 9.2% हिस्सेदारी रखते हैं, कंपनी के सबसे बड़े शेयरधारक हैं। ट्विटर के बोर्ड में शामिल होने को राजी हुए, बाद में पलटे।
- कुछ ही समय बाद मस्क ने ट्विटर खरीदने का ऑफर दिया, हर शेयर के लिए 54.20 डॉलर कीमत देने की बात कही। अप्रैल खत्म होते-होते दोनों पक्षों ने इसी कीमत पर डील को सहमति दे दी।
- बाद में मस्क ने कहा, उन्होंने ठीक से जांच पड़ताल नहीं की। फर्जी अकाउंट के बारे में ट्विटर ठीक जानकारी नहीं दे रहा है।
8 जुलाई को उन्होंने डील
रद्द करने की घोषणा कर दी। इस पर ट्विटर बोर्ड ने 4 दिन बाद ही केस कर दिया।
इससे ट्विटर के स्टॉक तेजी से गिरे...
- 4 अक्तूबर को अचानक मस्क ने एक और यू-टर्न लेकर डील पर बने रहने की घोषणा कर दी। उन्होंने ऐसा ट्विटर के वकीलों द्वारा उनसे अदालती जिरह और ट्रायल शुरू होने के ठीक 1 दिन पहले किया।
- शेयर की कीमतों में सुधार आया... न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में शुक्रवार को यह शेयर गैर-सूचीबद्ध हो जाएंगे, अब तक इनकी कीमत 53.86 डॉलर यानी डील की कीमत के निकट पहुंच चुकी थी।
7500 कर्मचारियों को छंटनी की चिंता
सीईओ पद खुद मस्क के रखने की बात सूत्रों ने कही है। छंटनी की घोषणा से 7,500 कर्मचारियों की चिंता भी बढ़ गई है। मस्क की अंतरिक्ष यान बनाने वाली कंपनी स्पेसएक्स की इकाई स्टारलिंक को नवंबर 2021 में भारत में अपनी उपग्रह ब्रॉडबैंड सेवाओं के लिए बिना लाइसेंस के प्री-ऑर्डर स्वीकार करने से रोक दिया गया था।
टि्वटर के नए बॉस के रूप में मस्क ने शुक्रवार सुबह पहला ट्वीट कर कहा...
‘खुलासे का अलर्ट : अच्छा समय चालू हो रहा है!’
यूरोपीय संघ बोला...यह पक्षी यूरोप में हमारे नियमों से उड़ेगा
यूरोपीय संघ के उद्योग प्रमुख थिअरी ब्रेटन ने कहा कि यूरोप में यह पक्षी (टि्वटर) यूरोपीय संघ के नियमों से उड़ेगा। यहां डिजिटल सर्विसेज एक्ट लागू है जिसके तहत कंपनी गैरकानूनी सामग्री को अपने प्लेटफार्म के जरिए प्रसारित होने से नहीं रोक पाती है तो उस पर भारी भरकम जुर्माने का प्रावधान है। सांसद पैट्रिक ब्रेयर ने लोगों को कहा कि वे ऐसे विकल्प तलाशने शुरू कर दें, जहां निजता को प्राथमिकता दी जाती है।
मस्क के मसले
भारत सोशल मीडिया कंपनियों के लिए सबसे बड़ा बाजार है। भारत जैसा देश न केवल यूजर्स, बल्कि विज्ञापन के मामले में भी सभी इंटरनेट दिग्गजों के लिए एक बड़ा बाजार है।
- ट्विटर भी इसे भुनाने की कोशिश करेगा और अधिग्रहण के पहले ही दिन एलन मस्क ने ट्विटर पर अपने विज्ञापनदाताओं के लिए पोस्ट लिखी है।
- मस्क का कारों पर आयात शुल्क को लेकर भारत के साथ गतिरोध रहा है।
- कार निर्माता कंपनी टेस्ला चाहती है कि भारत आयात शुल्क कम करे। भारत की कार कंपनियां एकाधिकार का भय जताते हुए इस मांग का विरोध करती रही हैं।
सौदे के लिए 3.5 लाख करोड़ रुपये कहां से लाएंगे एलन मस्क
बृहस्पतिवार को एलन मस्क ने ट्विटर को खरीदने की डील को आखिर अपने अंजाम तक पहुंचा दिया। 44 अरब डॉलर या तकरीबन साढ़े 3 लाख करोड़ रुपये की डील आखिर पूरी हो गई। अब ट्विटर पर एलन मस्क का स्वामित्व है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट जानकारी नहीं दी है कि वह इतनी भारी-भरकम रकम जुटाएंगे कहां से।
ऐसे जुटाएंगे पैसा
मस्क ने कहा है कि वह 46.6 अरब डॉलर या तकरीबन 3.8 लाख करोड़ रुपये ट्विटर का हिस्सा बेचकर और बैंकों से उधार लेकर जमा करेंगे। मॉर्गन स्टेनली और बैंक ऑफ अमेरिका कॉर्प 13 अरब डॉलर या लगभग 1 लाख करोड़ रुपये कंपनी में हिस्सेदारी के बदले देने को राजी हो गई हैं।
- मस्क ने अपने हिस्से के 2.7 लाख करोड़ रुपये जुटाने के दो तरीके निकाले हैं। पहला- ट्विटर की 9.6 फीसदी हिस्सेदारी जिसकी कीमत 3.2 हजार करोड़ रुपये है। दूसरा-सऊदी प्रिंस अलवलीद बिन तलाल से 5.8 हजार करोड़ रुपये।
- 1.84 लाख करोड़ रुपये के लिए अल्फा ग्लोबल मैनेजमेंट और सिक्स्थ स्ट्रीट पार्ट्स से मदद लेंगे।
प्रतिबंध हटाने की मांग तेज... ट्रंप लौटेंगे, कंगना की भी उम्मीदें बंधी
मस्क ने यूजर पर स्थायी प्रतिबंध की नीति खत्म करने की घोषणा की थी। अब प्लेटफॉर्म पर यह मांग की जा रही है। ऐसा हुआ तो प्रतिबंधित पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ट्विटर व अभिनेत्री कंगना रणौत की भी वापसी संभव है।
रणौत ने सराहा
भड़काऊ पोस्ट के लिए पिछले साल स्थायी रूप से प्रतिबंधित रणौत ने इंस्टाग्राम पर मस्क द्वारा ट्विटर खरीदने की सराहना की और अपने प्रशंसकों के पोस्ट्स का हवाला दिया, जिनमें उनका अकाउंट फिर से शुरू करने की मांग की गई।
चुनौती : एक्टिव यूजर्स बनाए रखना, इनके दम पर आधा कारोबार
नए मालिक एलन मस्क के सामने ट्विटर के एक्टिव यूजर्स बनाए रखने की सबसे बड़ी चुनौती है। कारोबार की रीढ़ ये यूजर्स ट्विटर के कुल अकाउंट का 10 फीसदी हैं, पर 90 फीसदी ट्वीट यही करते हैं। इनके दम पर ट्विटर का करीब 50 फीसदी कारोबार चलता है।
गोल्डन पैराशूट : अरबों रुपये लेकर जाएंगे पराग, नेड और विजया, मस्क को देने होंगे 1680 करोड़ रुपये
ट्विटर के मालिक एलन मस्क को कंपनी से बर्खास्त किए गए तीन बड़े अधिकारियों को 20.4 करोड़ डॉलर या तकरीबन 1680 करोड़ रुपये की रकम का भुगतान करना होगा। कंपनी के अधिग्रहण के बाद सीईओ पराग अग्रवाल, फाइनेंस ऑफिसर नेड सीगल और लीगल पॉलिसी हेड विजया गड्डे को बर्खास्त कर दिया गया। इन तीनों अधिकारियों ने कंपनी को जॉइन करने से पहले गोल्डन पैराशूट नाम की एक शर्त साइन की थी। इसे अब एलन मस्क को पूरा करना होगा।
ट्विटर की वित्तीय जानकारी के अनुसार सीईओ पराग अग्रवाल और सीएफओ सीगल और गड्डे के पास कुल ट्विटर के लगभग 12 लाख शेयर हैं। इनकी कुल कीमत 6.5 करोड़ डॉलर (535 करोड़ रुपये) है, इसमें अकेले गड्डे के शेयरों की कीमत ही 3.48 करोड़ डॉलर (286 करोड़ रुपये) है। इसे मस्क बाकी शेयरधारकों से खरीदे शेयर की तरह खरीद लेंगे।
किसे मिलेगी कितनी धनराशि (रुपये में)
- पराग अग्रवाल : 535 करोड़
- नेड सीगल : 543 करोड़
- विजया गड्डे : 609 करोड़
क्या है गोल्डन पैराशूट
शर्तों के अनुसार अगर उन्हें बर्खास्त किया जाता है तो वो कंपनी के 11.96 करोड़ डॉलर (985 करोड़ रुपये) कीमत के शेयर के मालिक हो जाएंगे। इनमें 5.6 करोड़ डॉलर (461 करोड़ रुपये) पराग अग्रवाल के ही हैं। इसके अलावा तीनों को एक साल की सैलरी भी देनी होगी। 2021 में पराग अग्रवाल ने 6.23 लाख डॉलर (5 करोड़ रुपये) और सीगल और गड्डे प्रत्येक ने 6 लाख डॉलर (4.9 करोड़ रुपये) सैलरी पर जॉइन किया था। कुल मिलाकर विजया गड्डे ट्विटर से सबसे ज्यादा धनराशि के साथ बाहर आएंगी।
11 माह में ही सीईओ पद से छुट्टी
आईआईटी बॉम्बे से ग्रेजुएट पराग अग्रवाल ने 2021 में ट्विटर के सीईओ की गद्दी संभाली और टेक इंडस्ट्री में भारतीयों के झंडे को और बुलंद किया। ट्विटर में 38 साल के पराग का कार्यकाल उथल-पुथल से भरा रहा। पराग ने साल 2011 में ट्विटर ज्वॉइन किया। उस वक्त कंपनी बहुत छोटी थी और इसमें 1 हजार कर्मचारी ही थे। 2017 आते-आते वह ट्विटर के मुख्य तकनीकी अधिकारी बन गए। पिछले साल नवंबर में सह संस्थापक जैक डोर्सी ने सीईओ की कुर्सी छोड़ी, तब पराग स्वाभाविक पसंद की तरह उभरे और कंपनी के सीईओ बने।
- ट्विटर के सह-संस्थापक ब्रिज स्टोन ने पराग अग्रवाल, विजया और नेड सीगल का कंपनी के विकास में योगदान पर आभार जताया। कहा, ‘यह सब शानदार प्रतिभा से भरे खूबसूरत इंसान हैं।’
- विजया गड्डे : कंटेंट मॉडरेशन से जुड़े निर्णयों में विजया की भूमिका की मस्क ने हाल में आलोचना की थी। डोनाल्ड ट्रंप को ट्विटर से स्थायी रूप से प्रतिबंधित करने के निर्णय में हैदराबाद में जन्मी विजया को महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली अधिकारी माना जाता है।
उम्मीद है नफरती भाषणों पर अब कार्रवाई करेगा ट्विटर : राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उम्मीद जताई है कि अब ट्विटर भारत में नफरती भाषण देने वालों पर उचित कार्रवाई करेगा। साथ ही विपक्ष की आवाज नहीं दबाई जाएगी। एक दुष्कर्म पीड़िता की तस्वीर साझा करने के बाद राहुल गांधी का ट्विटर हैंडल अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। उसके बाद कुछ समय तक उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट का इस्तेमाल नहीं किया। कांग्रेस नेता मोदी सरकार पर अक्सर हमला करने के लिए अपने ट्विटर हैंडल का इस्तेमाल करते रहे हैं।