फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Case registered after threat mail received at US Consulate in Mumbai Maharashtra Big News in Hindi

Big News: मुंबई में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को उड़ाने की धमकी, केस दर्ज; मशहूर चित्रकार रामचंद्रन का निधन

Sun, 11 Feb 2024 07:15 AM IST
गुलाम अहमद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: गुलाम अहमद Updated Sun, 11 Feb 2024 07:15 AM IST
सार

मुंबई पुलिस ने बताया कि बीकेसी पुलिस स्टेशन ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

विज्ञापन
Case registered after threat mail received at US Consulate in Mumbai Maharashtra Big News in Hindi
National News - फोटो : Social Media

विस्तार

मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मुंबई पुलिस ने बताया कि बीकेसी पुलिस स्टेशन ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा 505(1)(बी) और 506(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि धमकी देने वाले ईमेल में खुद को अमेरिकी नागरिक बताया है, जो फरार है। साथ ही आरोपी ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को उड़ाने और वहां काम करने वाले सभी अमेरिकी नागरिकों को मारने की धमकी दी है।

विज्ञापन


मशहूर चित्रकार ए रामचंद्रन का 89 वर्ष की उम्र में निधन
मशहूर चित्रकार ए रामचंद्रन का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। उनके बेटे राहुल ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से बीमार थे और आज सुबह नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। कहा कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर 2.30 बजे लोदी रोड श्मशान घाट पर किया जाएगा। 1935 में केरल के अट्टिंगल में जन्मे रामचंद्रन अपने रंगीन तैलीय व जल चित्रों के लिए विख्यात थे। 

विज्ञापन

पत्रकार पर हमला करने के आरोप में 10 भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार
पुणे शहर में वरिष्ठ मराठी पत्रकार निखिल वागले पर हमले के सिलसिले में शनिवार को दस भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की पहचान दीपक पोटे, गणेश घोष, गणेश शेरला, राघवेंद्र मानकर, स्वप्निल नाइक, प्रतीक देसारदा, दुष्यंत मोहोल, दत्ता सागरे, गिरीश मानकर और राहुल पेगुडे के रूप में की गई। इस घटना की एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने भी निंदा की थी और राज्य सरकार से कार्रवाई की मांग की थी। विपक्षी कांग्रेस ने कहा कि मुखर पत्रकार पर हमला राज्य में कानून-व्यवस्था के पतन को दर्शाता है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 147 (दंगा), 324 (जानबूझकर खतरनाक हथियार या साधनों से चोट पहुंचाना), 336 (जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य से गंभीर चोट पहुंचाना), 427 (संपत्ति को नुकसान पहुंचाना) और अन्य के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें वाघले वही पत्रकार हैं, जिन्होंने बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लालकृष्ण आडवाणी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

त्रिपुरा में ट्रेन की चपेट में आने से हाथी की मौत
त्रिपुरा के खोवाई जिले में शनिवार को तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत हो गई। घटना तब हुई जब लगभग 30 हाथियों का एक झुंड मुगियाकामी-तेलियामुरा हाथी गलियारे पर विचरण कर रहा था। खोवाई प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) अक्षय बी भोरदे ने बताया कि अंबासा से आ रही अगरतला जाने वाली ट्रेन ने शनिवार सुबह हाथी को टक्कर मार दी और उसे लगभग 50 मीटर तक घसीटते हुए डीएम कॉलोनी इलाके तक ले गई, जहां उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद दफना दिया गया।

विज्ञापन

राष्ट्रपति मुर्मू ने बीजेडी नेता सुगनना कुमारी देव के निधन पर जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा की वयोवृद्ध नेता सुगनना कुमारी देव के निधन पर शोक जताया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सुगनना कुमारी ने ओडिशा और राज्य के लोगों के लिए अपने अपार योगदान से राजनीतिक क्षेत्र में सम्मान कमाया। राष्ट्रपति मुर्मू ने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा, ओडिशा विधानसभा में विधायक के रूप में 10 कार्यकाल तक सेवा करने वालीं अनुभवी नेता वी सुगनना कुमारी देव के निधन से दुखी हूं। उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी से सम्मान अर्जित किया। राज्य के विकास में उनका योगदान सराहनीय है। मैं उनके परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। 

एक राष्ट्र, एक चुनाव: कोविंद की अध्यक्षता वाली समिति ने की प्रगति की समीक्षा
एक राष्ट्र, एक चुनाव मामले में पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति ने शनिवार को प्रगति की समीक्षा की। पिछले साल सितंबर में इसकी स्थापना की गई थी। समिति ने राजनीतिक दलों, पूर्व न्यायाधीशों और राज्य चुनाव आयोगों के साथ चल रही परामर्श प्रक्रिया का भी मूल्यांकन किया। पैनल ने पी विल्सन के नेतृत्व वाले द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ अलग से बातचीत की। केंद्रीय मंत्री और अपना दल (सोनीलाल) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने भी कोविंद से मुलाकात की और पार्टी के विचार बताए। समिति को लोकसभा, राज्य विधानसभाओं, नगर पालिकाओं और पंचायतों के चुनाव एक साथ कराने के मुद्दे का काम सौंपा गया है और जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

ध्रुपद सम्राट लक्ष्मण भट्ट तैलंग का जयपुर में निधन
हाल ही में पद्मश्री से सम्मानित मशहूर ध्रुपद सम्राट लक्ष्मण भट्ट तैलंग का शनिवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 95 वर्ष के थे। उनके परिजनों ने बताया कि उन्हें सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनका अंतिम संस्कार ब्रह्मपुरी इलाके में किया गया। शास्त्रीय संगीत के उस्ताद तैलंग को गायन की एक नई शैली पचरंग का जनक माना जाता है। उनके पिता पंडित माधो भट्ट तैलंग ने वनस्थली विद्यापीठ और राजस्थान संगीत संस्थान में छात्रों को शास्त्रीय संगीत की शिक्षा भी दी।

ऑपरेशन थियेटर में प्री-वेडिंग शूट पर डॉक्टर निलंबित
कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में एक डॉक्टर को अस्पताल में प्री-वेडिंग शूट (विवाह पूर्व फोटोशूट) करना भारी पड़ गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया। मामला भरमसागर सरकारी अस्पताल का है। शुक्रवार को डॉक्टर अभिषेक अस्पताल के ऑरेशन थियेटर में प्री-वेडिंग शूट करवा रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने चेतावनी देते हुए कहा, डॉक्टरों की ओर से इस तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी अस्पताल लोगों की स्वास्थ्य देखभाल के लिए हैं न कि निजी काम के लिए। एक अधिकारी ने कहा, डॉ. अभिषेक संविदा पर सेवाएं दे रहे थे। स्वास्थ्य विभाग की सिफारिश पर उनका निलंबन हुआ है। कहा कि विभाग ने अनुंबध कर्मियों सहित सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों नियमों के अनुसार अपने कर्तव्यों का पालन करने का निर्देश दिया है।

गद्दारों को गोली मारो बयान पर ईश्वरप्पा पर केस दर्ज
'गद्दारों को गोली मारो' वाली टिप्पणी को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता और कर्नाटक के पूर्व मंत्री केएस ईश्वरप्पा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। स्थानीय निवासी हनुमनथप्पा (36) की शिकायत के आधार पर दावणगेरे एक्सटेंशन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। ईश्वरप्पा ने बृहस्पतिवार को एक कार्यक्रम में कहा, मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करना चाहता हूं कि वे दो गद्दारों डीके सुरेश और विनय कुलकर्णी को गोली मारने के लिए एक कानून लाएं। वे दक्षिण भारत को एक अलग देश बनाना चाहते हैं। 

यूपीए सरकार घोटालों की पर्याय रही: जावड़ेकर
भाजपा सांसद प्रकाश जावड़ेकर ने यूपीए सरकार के कथित घोटालों पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने राज्यसभा में चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा कि यूपीए शासनकाल कोयला घोटाला, पर्यावरण घोटाला सहित कई घोटालों का पर्याय रहा है। उन्होंने कहा यूपीए सरकार ने देश को विकास के बजाय टू जी, कोल जैसे घोटाले दिए हैं। जावड़ेकर ने कहा कि यूपीए सरकार की पहचान भ्रष्टाचार से है और यह कारण है कि लोगों ने उसको सत्ता से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि कोयला घोटाले में वह खुद व्हिसल ब्लोअर थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने 125 प्राइवेट लि. कंपनी को 50 लाख करोड़ रुपये का कोयला भंडार मुफ्त में दे दिया।

ऐतिहासिक नाइंसाफी को सुधारने के लिए विविधता व प्रतिनिधित्व जरूरी: सीजेआई
भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, ऐतिहासिक नाइंसाफी को सुधारने के लिए विविधता, प्रतिनिधित्व जरूरी है। उन्होंने अदालतों के फैसले लेने की क्षमता को बढ़ाने पर जोर देते हुए वरिष्ठ महिला अधिवक्ताओं को कानूनी पेशे के लिए पथप्रदर्शक बताया। उन्होंने कहा, 2024 से पहले, सुप्रीम कोर्ट के पूरे इतिहास में केवल 12 महिलाओं को वरिष्ठ वकील की उपाधि से सम्मानित किया गया था। हालांकि, हाल में सुप्रीम कोर्ट ने 11 महिलाओं को वरिष्ठ वकील के रूप में नामित किया है। अंतरराष्ट्रीय न्यायालय  (आईसीजे) के दूसरे वार्षिक व्याख्यान को संबोधित करते हुए सीजेआई ने सुप्रीम कोर्ट की 28 जनवरी, 1950 की पहली बैठक को याद किया। वहीं, आईसीजे की जज हिलरी चार्ल्सवर्थ ने कहा कि विधिक संस्थानों के संचालन के लिए न्यायिक स्वतंत्रता जरूरी है, खासकर बदलते राजनीतिक परिदृश्य में।

जांच के दौरान आरोपी से बेगुनाही साबित करने की उम्मीद करना चौंकाने वाला
सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस की जांच के दौरान आरोपी के अपनी बेगुनाही साबित करने की उम्मीद करने पर बिहार पुलिस की आलोचना की है। साथ ही ऐसे रवैये को चौंकाने वाला बताया है। जस्टिस अभय एस ओक और जस्टिस उज्जल भुइयां की पीठ पटना हाईकोर्ट हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ आपराधिक अपील पर सुनवाई कर रही थी। हाईकोर्ट ने आरोपी को अग्रिम जमानत देने से इन्कार किया था। सुप्रीम कोर्ट ने 6 दिसंबर, 2023 को अंतरिम सुरक्षा देते हुए शर्त लगाई कि आरोपी जांच में सहयोग करेगा।

केरल में जंगली हाथी ने एक को रौंदा, लोगों ने किया प्रदर्शन
केरल के वायनाड जिले में एक जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में रेडियो कॉलर लगे हाथी को एक घर के आहते को तोड़ते और व्यक्ति पर हमला करते देखा जा सकता है। घटना में घायल अजी (42) को स्थानीय मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया था, जहां उनकी मौत हो गई। इस बीच, गुस्साए स्थानीय लोगों ने मनंतवाडी-मैसूर-कोझिकोड और थालास्सेरी की सड़कों को अवरुद्ध कर उग्र प्रदर्शन किया।

2040 तक चंद्रमा पर इंसान भेजने में सक्षम होगा भारत
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चर्चित चंद्रयान-3 के निदेशक पी वीरामुथुवेल ने शनिवार को कहा कि भारत 2040 तक चंद्रमा पर इंसानी अभियान भेजने में सक्षम हो जाएगा। साथ ही कहा, 2035 तक भारत अपना अंतरिक्ष स्टेशन बना लेगा। वीरमुथुवेल ने कहा, जहां तक चंद्रयान-3 का सवाल है, लैंडर और रोवर मिशन ने सफलतापूर्वक एक चंद्र दिवस पूरा किया। प्रोपल्शन मॉड्यूल ने चंद्रमा के चारों ओर परिक्रमा सहित अपने सभी मिशन उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया है। यह एक अहम उपलब्धि है, जो भविष्य में चंद्रमा पर जाकर लौटने वाले अभियानों के लिहाज से इसरो की क्षमता को बढ़ाएगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed