09:17 PM, 18-Dec-2019
दिल्ली पुलिस जिंदाबाद के नारे लगे
दिल्ली विश्वविद्यालय में कुछ छात्रों ने नागरिकता बिल का विरोध करने वालों का विरोध किया और नारेबाजी की। जामिया विवाद पर इन्होंने दिल्ली पुलिस जिंदाबाद के नारे लगाए।
05:58 PM, 18-Dec-2019
मद्रास विश्विद्यालय पहुंचे कमल हासन
नागरिकता कानून और जामिया हिंसा के मुद्दे पर आज मक्कल नीधि मैयम के प्रमुख कमल हासन छात्रों से मिलने मद्रास विश्विद्यालय पहुंचे। छात्र एनआरसी, सीएए और जामिया हिंसा के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
कमल हासन ने कहा कि मुझे अंदर नहीं जाने दिया गया। जबतक मैं मर नहीं जाता, खुद को छात्र ही समझूंगा। मैं यहां छात्रों का समर्थन करने आया हूं। मैं इनके लिए लगातार आवाज उठाता रहूंगा और मैंने राजनीतिक पार्टी भी बना ली है तो इनकी आवाज उठाना मेरा कर्तव्य बनता है।
05:35 PM, 18-Dec-2019
मुंब्रा में निकाली विरोध रैली
एनआरसी और नागरिकता कानून के विरोध में बुधवार को सैकड़ों लोगों ने मुंबई के पास मुस्लिम बहुल इलाके मुंब्रा में रैली निकाली। प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर-बैनर लिए हुए थे जिसमें सीएए और एनआरसी के खिलाफ नारे लिखे हुए थे। इलाके में ज्यादातर दुकानें बंद थीं और सड़कों से ऑटो रिक्शा भी नदारद थे।
04:50 PM, 18-Dec-2019
प. बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने कहा, कोई भी निर्वाचित सरकार कानून को मानने के लिए बाध्य है। मुख्यमंत्री ने संविधान के अनुसार काम करने की शपथ ली है और ये कानून भी संविधान का हिस्सा है।
04:45 PM, 18-Dec-2019
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भोपाल में कहा- जो भी नागरिक भारतीय संविधान में भरोसा रखता है वो इस काले कानून को कभी नहीं मानेगा।
02:42 PM, 18-Dec-2019
सबके साथ सर्वनाश किया_ ममता
कोलकाता में नागरिकता कानून के विरोध में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि आप (अमित शाह) देश के गृह मंत्री हैं, केवल भाजपा के नेता नहीं है, इसलिए कृपया देश में शांति बनाए रखें। आपने 'सबका साथ, सबका विश्वास ' नहीं बल्कि 'सबके साथ सर्वनाश' किया है। उन्होंने कहा कि नागरिकता कानून और एनआरसी को वापस लें, वरना मैं देखूंगा कि आप इसे यहां कैसे लागू करते हैं।
01:40 PM, 18-Dec-2019
नवीन पटनायक बोले- हम नागरिकता कानून का समर्थन और एनआरसी का विरोध करेंगे
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून का भारतीय नागरिकों से कोई लेना-देना नहीं है, यह केवल विदेशियों से संबंधित है। लोकसभा और राज्यसभा में बीजू जनता दल (बीजद) के सांसदों ने स्पष्ट कर दिया था कि हम एनआरसी का समर्थन नहीं करते हैं। मैं नागरिकों से अपील करता हूं कि वे शांति बनाए रखें।
01:35 PM, 18-Dec-2019
ममता बनर्जी आज फिर नागरिकता कानून के विरोध में सड़क पर उतरीं
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज फिर नागरिकता कानून के विरोध में सड़क पर उतरीं।
12:31 PM, 18-Dec-2019
चेन्नई में 23 दिसंबर को नागरिकता कानून के खिलाफ डीएमके की रैली
चेन्नई में डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कहा कि हमने केंद्र सरकार द्वारा लाई गई नागरिकता संशोधन कानून पर एक बैठक की। बैठक में हमने इस कानून के निरसन के लिए एक प्रस्ताव पारित किया। हम 23 दिसंबर को इस अधिनियम के खिलाफ चेन्नई में एक रैली करेंगे।
11:18 AM, 18-Dec-2019
सुप्रीम कोर्ट ने नागरिकता कानून को लेकर दायर 59 याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए रोक लगाने से इनकार कर दिया। इस मामले पर अगली सुनवाई 22 जनवरी को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस भी जारी किया है।
11:06 AM, 18-Dec-2019
बंगाल में प्रदर्शन जारी, हिंसा की कोई खबर नहीं
पश्चिम बंगाल में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ बुधवार को भी प्रदर्शन जारी रहा, इस दौरान हिंसा की कोई खबर नहीं है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हावड़ा जिले के संकरैल इलाके में प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने मंगलवार रात पुलिसकर्मियों पर देसी बम फेंका जिसमें एक पुलिस अधिकारी और दो अन्य कर्मी घायल हो गए। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ आज हावड़ा मैदान से एस्प्लानेड इलाके में डोरिना क्रॉसिंग तक मार्च करेंगी। उन्होंने सोमवार और मंगलवार को भी इस कानून के विरोध में मार्च किया था।
11:05 AM, 18-Dec-2019
गुवाहाटी में जनजीवन पटरी पर लौटा, डिब्रूगढ़ में कर्फ्यू में ढील
गुवाहाटी में बुधवार को जनजीवन पटरी पर लौट आया जबकि डिब्रूगढ़ में लागू कर्फ्यू में सुबह छह बजे से 14 घंटे की ढील दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पूर्वोत्तर का प्रवेशद्वार माने जाने वाले गुवाहाटी में 11 दिसंबर से लागू कर्फ्यू कानून-व्यवस्था में सुधार आने के बाद मंगलवार को हटा लिया गया। असम में बुधवार की सुबह हिंसा का कोई ताजा मामला सामने नहीं आया है। मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर रोक अब भी बरकरार है।
11:05 AM, 18-Dec-2019
शिलांग में कर्फ्यू में 14 घंटे की ढील
शिलांग में बुधवार को कर्फ्यू में 14 घंटे की ढील दी गई जबकि मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर लगी रोक अब भी लागू है। पूर्वी खासी हिल्स के जिलाधिकारी एम डब्ल्यू नोंगबरी की तरफ से जारी एक आदेश के मुताबिक लुमदिएंजरी पुलिस थानाक्षेत्र और सदर पुलिस थानाक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाकों में सुबह छह बजे से ढील दी गई है। इन इलाकों में अगले आदेश तक रात आठ बजे से फिर से कर्फ्यू लागू कर दिया जाएगा।
11:05 AM, 18-Dec-2019
दो को जेल, 36 मुचलके पर रिहा
मथुरा जिले में संशोधित नागरिकता कानून का विरोध करने के दौरान गिरफ्तार किए गए 38 लोगों में से 36 को निजी मुचलका भरने के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया और दो को शांति भंग करने के प्रयास के आरोप में जेल भेज दिया गया। जिन लोगों को शांति भंग करने के प्रयास के आरोप में जेल भेजा गया है वह उत्तर प्रदेश सर्वदलीय मुस्लिम एक्शन कमेटी के जिला अध्यक्ष सईद अहमद और महामंत्री मेराज अली हैं।
10:46 AM, 18-Dec-2019
कर्नाटक में लागू होगा नागरिकता कानून: येदियुरप्पा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि हम अपने राज्य में नागरिकता के कानून को जरूर लागू करेंगे।