फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Business Updates RBI Finance Ministry Share Market USD INR Value Commerce Trade Import Export News

Gold-Silver Rates: सोना 89,450 रुपये की नई ऊंचाई पर, चांदी 1,000 महंगी होकर पांच सप्ताह के शीर्ष पर

Thu, 13 Mar 2025 10:54 PM IST
शिव शुक्ला बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Thu, 13 Mar 2025 10:54 PM IST
सार

दिल्ली सराफा बाजार में सोना 600 रुपये महंगा होकर 89,450 रुपये प्रति 10 ग्राम के सार्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। चांदी 1,000 रुपये महंगी होकर पांच सप्ताह के उच्च स्तर 1,01,200 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंची।

विज्ञापन
Business Updates RBI Finance Ministry Share Market USD INR Value Commerce Trade Import Export News
शेयर बाजार, कारोबार और वाणिज्य जगत की अहम खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच बृहस्पतिवार को दिल्ली सराफा बाजार में सोना 600 रुपये महंगा होकर 89,450 रुपये प्रति 10 ग्राम के सार्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। चांदी 1,000 रुपये महंगी होकर पांच सप्ताह के उच्च स्तर 1,01,200 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव बंद हुई।

विज्ञापन

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, घरेलू बाजार में सोने की कीमतें नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हाजिर सोना सुरक्षित निवेश मांग और उम्मीद से कम अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों के कारण रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गया। इससे फेडरल रिजर्व की ओर से इस साल मौद्रिक मोर्चे पर और अधिक ढील देने की संभावना को बल मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स सोना 2,946.44 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया। 
विज्ञापन


डॉलर के मुकाबले रुपया 17 पैसे मजबूत
मजबूत आर्थिक आंकड़ों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 17 पैसे मजबूत होकर 87.05 पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर सूचकांक में हाल की कमजोरी ने भी घरेलू मुद्रा को समर्थन दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 87.13 पर खुला।
विज्ञापन
विज्ञापन


घरेलू पीतल उद्योग पर अमेरिकी टैरिफ का नहीं होगा कोई असर
देश के पीतल उद्योग पर अमेरिकी टैरिफ का कोई असर नहीं होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि इसका आयात अमेरिका के बजाय दूसरे देशों से होता है। ऐसे में इससे जुड़े उद्योग जैसे ताले बनाने वाली कंपनियों पर कोई असर नहीं होगा। गोदरेज एंटरप्राइजेज के लॉक्स विभाग के बिजनेस प्रमुख श्याम मोटवानी ने कहा, प्रस्तावित टैरिफ का असर दूसरे उद्योगों पर हो सकता है। मोटवानी ने कहा, इस समय भौतिक तालों के बजाय डिजिटल तालों की मांग है। अच्छी बात है कि इसका पूरा डाटा देश के ही सर्वर में स्टोर होगा। दूसरे, तीसरे और चौथे स्तर के शहरों में भी डिजिटल तालों की मांग है। देश का पहला आईओटी9 लॉक भी कंपनी ने लॉन्च किया है। कंपनी ने 2028 तक 2,500 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य रखा है।

अब धन उगाही सहित कई गतिविधियां भी संवेदनशील जानकारी के दायरे में 
बाजार नियामक सेबी ने अप्रकाशित मूल्य संवेदनशील सूचना (यूपीएसआई) के दायरे को बढ़ा दिया है। अब कंपनी के प्रबंधन या नियंत्रण, बैंकों या वित्तीय संस्थानों से ऋण और उधार की पुनर्गठन योजनाओं और एकमुश्त बैंक निपटान को प्रभावित करने वाली किसी भी प्रस्तावित धन उगाहने वाली गतिविधियों के समझौते भी दायरे में आएंगे। इस कदम का उद्देश्य विनियामक स्पष्टता, निश्चितता और अनुपालन में एकरूपता बढ़ाना है। सेबी ने 11 मार्च को जारी अधिसूचना में इनसाइडर ट्रेडिंग नियमों में संशोधन किया है। नए नियम 10 जून से लागू होंगे। सेबी ने कहा कि कंपनी, उसके प्रमोटर, निदेशक, प्रमुख प्रबंधकीय कार्मिक या सहायक कंपनी द्वारा धोखाधड़ी या चूक या अधिकारियों की गिरफ्तारी, चाहे वह भारत में हुई हो या विदेश में, उसे यूपीएसआई के रूप में वर्गीकृत किया जाएगा। कंपनी द्वारा वित्तीय गलतबयानी या गबन के संबंध में फोरेंसिक ऑडिट की कोई भी शुरुआत या अंतिम रिपोर्ट की प्राप्ति यूपीएसआई के दायरे में आएगी। इस संशोधन के साथ अब यूपीएसआई मानी जाने वाली घटनाओं की संख्या पांच से बढ़कर 16 हो गई है।

पूर्व सीबीआई निदेशक आरसी शर्मा का निधन

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के पूर्व निदेशक आरसी शर्मा का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। शर्मा बोफोर्स, प्रतिभूति घोटाला और चंद्रास्वामी से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जांचों का हिस्सा रहे हैं। हरियाणा कैडर के 1963 बैच के आईपीएस अधिकारी शर्मा ने जोगिंदर सिंह का स्थान लिया था, जिन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय में स्थानांतरित कर दिया गया था। उन्होंने 30 जून 1997 से 31 जनवरी 1998 तक एजेंसी का नेतृत्व किया। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि सीबीआई शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति प्रकट करती है तथा ईश्वर से प्रार्थना करती है कि वह परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करें। सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद ने एक संदेश में कहा कि इस दुख की घड़ी में संपूर्ण सीबीआई बिरादरी की हार्दिक संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। आरसी शर्मा की आत्मा को शांति मिले तथा उनके परिवार को शर्मा की सम्मान और समर्पण की विरासत से सांत्वना मिले।

पतंजलि ने बीमा क्षेत्र में रखा कदम, मैग्मा जनरल इंश्योरेंस का करेगी अधिग्रहण
योग गुरु रामदेव की अगुवाई वाली पतंजलि आयुर्वेद और रजनीगंधा ब्रांड का स्वामित्व रखने वाला धर्मपाल सत्यपाल (डीएस) ग्रुप अदार पूनावाल की सनोती प्रॉपर्टीज एलएलपी से मैग्मा जनरल इंश्योरेंस का अधिग्रहण करेंगे। बीमा कंपनी का अधिग्रहण 4,500 करोड़ रुपये के मूल्यांकन पर किया जाएगा। मैग्मा जनरल इंश्योरेंस का स्वामित्व अदार पूनावाला और राइजिंग सन होल्डिंग्स के पास है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजारों को बताया, सनोती प्रॉपर्टीज ने पतंजलि आयुर्वेद और डीएस ग्रुप के साथ शेयर खरीद समझौते के अनुरूप अपनी बीमा इकाई मैग्मा जनरल इंश्योरेंस (पूर्व में मैग्मा एचडीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी) की बिक्री को मंजूरी दे दी है। मैग्मा जनरल इंश्योरेंस विभिन्न श्रेणियों में 70 से अधिक उत्पादों के साथ सामान्य बीमा क्षेत्र में सभी प्रमुख जोखिमों के लिए इंश्योरेंस मुहैया कराती है।

ईडी की जांच में टीएएसएमएसी के संचालन में अनियमितताएं, 1,000 करोड़ के अवैध लेनदेन का पता चला
प्रवर्तन निदेशालय ने (ईडी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसे तमिलनाडु में शराब व्यापार पर एकाधिकार रखने वाले तमिलनाडु राज्य विपणन निगम लिमिटेड (टीएएसएमएसी) के संचालन में अनियमितताएं मिली हैं। इसमें निविदा प्रक्रियाओं में हेरफेर और शराब बनाने वाली कंपनियों के माध्यम से 1,000 करोड़ रुपये के बेहिसाब नकद लेनदेन शामिल हैं। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने 6 मार्च को टीएएसएमएसी के कर्मचारियों, डिस्टिलरी के कॉर्पोरेट कार्यालयों और संयंत्रों पर छापे मारे थे। ईडी ने दावा किया कि छापों के बाद भ्रष्ट आचरणों के सबूत मिले। जांच एजेंसी ने कहा कि उसे तलाशी के दौरान स्थानांतरण पोस्टिंग, परिवहन और बार लाइसेंस निविदाएं, कुछ डिस्टिलरी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाले इंडेंट ऑर्डर, टीएएसएमएसी आउटलेट्स की ओर से प्रति बोतल 10-30 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लेने से संबंधित आपत्तिजनक डाटा मिला। इसमें टीएएसएमएसी अधिकारियों की संलिप्तता भी शामिल थी।

भाजपा ने मुख्यमंत्री स्टालिन पर साधा निशाना
इस बीच, तमिलनाडु के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने टीएएसएमएसी में अनियमितताओं के लिए राज्य की द्रमुक सरकार पर हमला बोला। अन्नामलाई ने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का यह कर्तव्य है कि वे जवाब दें और खुद से पूछें कि क्या उन्हें अपने पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार है।

प्रूडेंट के एमडी दान करेंगे 34 करोड़ रुपये के शेयर
प्रूडेंट एडवाइजरी के प्रबंध निदेशक संजय शाह ने अपनी निजी होल्डिंग से 34 करोड़ रुपये मूल्य के 1.75 लाख शेयर 650 व्यक्तियों के समूह को दान करने का निर्णय लिया है। इन लोगों में कंपनी के कर्मचारी, घरेलू सहायक और ड्राइवर आदि शामिल हैं। हाल ही में कंपनी के 25 वर्ष पूरे हुए हैं।

जेएम फाइनेंशियल पर 3.1 लाख रुपये जुर्माना
आरबीआई ने विनियामक अनुपालन में कमियों के लिए जेएम फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स पर 3.1 लाख का जुर्माना लगाया है। इसके साथ कुछ प्रावधानों का पालन न करने पर एक्सपेरियन क्रेडिट इंफॉर्मेशन कंपनी ऑफ इंडिया पर भी दो लाख का दंड लगा है।

टेमासेक ने खरीदी हल्दीराम में 10 फीसदी हिस्सेदारी
सिंगापुर के सॉवरेन इन्वेस्टमेंट फर्म टेमासेक ने हल्दीराम स्नैक्स में 10 फीसदी हिस्सा खरीदा है। यह सौदा 10 अरब डॉलर के मूल्यांकन पर हुआ है। अग्रवाल परिवार हल्दीराम का कुछ और हिस्सा बेचने के लिए निवेशकों से बात कर सकता है। अगले साल हल्दीराम का आईपीओ भी आ सकता है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का राजस्व 12,500 करोड़ रहा था। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed