BSF ने अपने नवविवाहित जवानों का अकेलापन दूर करने के लिए बनाया ये खास प्लान
बीएसएफ जवान 30 साल की नौकरी में औसतन सिर्फ पांच साल परिवार को समय दे पाते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए बीएसएफ ने नवविवाहित जोड़ों के लिए देश भर में 190 गेस्ट हाउस बनाने का फैसला लिया है।
बीएसएफ अधिकारी ने बताया, इस प्रोजेक्ट के तहत 2800 कमरे बनाए जाएंगे या मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर से निकाले जाएंगे। बीएसएफ महानिदेशक केके शर्मा ने बताया, हाल में गृह मंत्रालय ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इसके तहत 186 बटालियन की लोकेशन समेत कुल 192 जगहों पर 15-15 स्टूडियो अपार्टमेंट बनाए जाएंगे। उनके मुताबिक जवानों की ड्यूटी मुश्किलों से भरी होती है। एक जवान साल में सिर्फ ढाई महीने परिवार के साथ रह पाता है।
इस तरह 30 साल की नौकरी में अधिकतम वह पांच साल परिवार के साथ बिता सकता है। अब ऐसे अपार्टमेंट बनने से जवान परिवार के साथ ज्यादा वक्त बिता पाएंगे। बीएसएफ में अभी गेस्ट हाउस की सुविधा सिर्फ अधिकारियों और उप अधिकारियों को दी जाती है। कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल की रैंक वाले जवानों के लिए ऐसी कोई सुविधा नहीं है।
उन्होंने बताया कि अकेले रहने और परिवार से दूर रहने की समस्या से नवविवाहित सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। इसलिए उन्हें इसमें प्राथमिकता दी जाएगी। इन अपार्टमेंट में अलग बेडरूम, किचेन, बाथरूम, टेलीविजन जैसे सुविधाएं होंगी। जवान यहां जीवनसाथी के साथ निर्धारित अवधि तक रह पाएंगे। वहीं जो जवान अपनी पत्नी और बच्चों को पोस्टिंग वाली जगह पर बुलाना चाहते हैं, उन्हें भी प्राथमिकता दी जाएगी।