फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Block live telecast of India-Pakistan match during Asia Cup: Shiv Sena UBT MP Priyanka Chaturvedi

IND vs PAK Asia Cup: 'एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच के सीधे प्रसारण पर लगे रोक', प्रियंका चतुर्वेदी की मांग

Sat, 23 Aug 2025 10:02 AM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: अभिषेक दीक्षित Updated Sat, 23 Aug 2025 10:02 AM IST
सार

केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे एक पत्र में प्रियंका चतुर्वेदी ने बताया कि 22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था, जो एक आतंकवाद-रोधी कार्रवाई थी, जिसका उद्देश्य पाकिस्तान को उसके निरंतर आतंकवाद-प्रायोजन के लिए जवाबदेह ठहराना था। ऐसे में केंद्र सरकार का पाकिस्तान के साथ (बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में) क्रिकेट मैच आयोजित करने का फैसला पूरी तरह से अस्वीकार्य है।

विज्ञापन
Block live telecast of India-Pakistan match during Asia Cup: Shiv Sena UBT MP Priyanka Chaturvedi
Priyanka Chaturvedi - फोटो : PTI

विस्तार

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने एशिया कप में संभावित भारत-पाकिस्तान मैच के देश में सीधे प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने शुक्रवार को राष्ट्रीय हित और जनभावना का हवाला देते हुए अगले महीने होने वाले एशिया कप के दौरान भारत-पाकिस्तान मैच का सीधा प्रसारण बंद करने के लिए सरकार को पत्र लिखा।

विज्ञापन


केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे पत्र में प्रियंका चतुर्वेदी ने लिखा, 'मैं आपको गहरी पीड़ा और चिंता के साथ लिख रही हूं, न केवल एक संसद सदस्य के रूप में, बल्कि इस देश के नागरिक के रूप में भी, जो अभी भी इस साल पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले में जानमाल के नुकसान का गम भूल नहीं पाया है। इस हमले के बाद सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जो एक आतंकवाद-रोधी अभियान था, जिसका उद्देश्य पाकिस्तान को आतंकवाद के निरंतर प्रायोजन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जवाबदेह ठहराना था। आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता का संदेश लेकर एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल दुनिया भर में भेजा गया था, जिसमें मैं भी शामिल थी, लेकिन भारत सरकार का क्रिकेट मैचों के आयोजन का यह निर्णय मुझे और मेरी अंतरात्मा को पूरी तरह से अस्वीकार्य है।'

विज्ञापन

Image

'पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर जोर देने की जिद से निराश'
उन्होंने लिखा, 'मैं बीसीसीआई और युवा मामले एवं खेल मंत्रालय दोनों की ओर से एशिया कप में भारत की भागीदारी और पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर जोर देने की जिद से निराश हूं। खेल भावना की आड़ में मैच होने देना आतंकवादी राष्ट्र के खिलाफ खड़े होने के नैतिक साहस का अभाव दिखाता है। विश्व इतिहास ऐसे उदाहरणों से भरा पड़ा है, जहां राष्ट्रों ने खेलों की बजाय सिद्धांतों को चुना, रंगभेद के दौरान दक्षिण अफ्रीका का बहिष्कार, दशकों से ओलंपिक बहिष्कार, और हाल ही में पाकिस्तान की अपनी हॉकी टीम की ओर से सभी मंजूरी के बावजूद एशिया हॉकी कप के लिए भारत में खेलने से इनकार करना खेल मंत्रालय के निर्णय के पाखंड को उजागर करता है।'
विज्ञापन
विज्ञापन


पाकिस्तान की ओर से एशिया क्रिकेट कप के बहिष्कार की याद दिलाई
उद्धव गुट के सांसद ने कहा, 'मैं सरकार को 1990-91 में भारत-पाकिस्तान तनाव बढ़ने पर पाकिस्तान की ओर से एशिया क्रिकेट कप के बहिष्कार की भी याद दिलाना चाहूंगी। हालांकि, पैसा कमाने के लिए बीसीसीआई की ओर से इस मैच को बढ़ावा देने की जिद वास्तव में न केवल खून का पैसा, बल्कि अभिशापित पैसा भी होगा, क्योंकि इस पर पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और हमारे वर्दीधारी जवानों के ताबूतों का अभिशाप लगा है।'

'देशभक्ति को अलग-अलग हिस्सों में बांटने का जोखिम नहीं उठा सकते'
उन्होंने कहा, 'भारत के लोग एकरूपता के हकदार हैं और ऐसा मैच नहीं देखना चाहते जो 140 करोड़ से ज्यादा नागरिकों के दर्द और आक्रोश से लाभ कमाए। जब सीमा पार आतंकवाद में अभी भी जानें जा रही हैं, तो हम देशभक्ति को अलग-अलग हिस्सों में बांटने का जोखिम नहीं उठा सकते। जहां हमारी सेनाएँ पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को खत्म करने के लिए अपनी जान कुर्बान कर रही हैं, वहीं सरकार क्रिकेट मैचों को स्ट्रीम करने वाले प्लेटफॉर्म्स पर नजरें गड़ाए हुए है, जो आपसी संबंधों को सामान्य बनाते हैं और त्रासदी को व्यापार में बदल देते हैं।'


'भारत बनाम पाकिस्तान मैच की लाइव स्ट्रीमिंग पर पाबंदी लगाएं'
अंत में उन्होंने कहा, 'राष्ट्रीय हित और जनभावना को ध्यान में रखते हुए यह जरूरी है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स, वेबसाइटों और एप्स पर भारत बनाम पाकिस्तान मैच की लाइव स्ट्रीमिंग पर रोक लगाएं। चूंकि आपके पास सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का भी प्रभार है, तो मैं आपसे आग्रह करती हूं कि प्रसारकों को मैच का सीधा प्रसारण करने से रोकें। भारत आक्रोशित है, ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत सरकार के प्रयासों में उसके साथ खड़ा रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ऑपरेशन सिंदूर जारी रखने का आह्वान जारी है, ऐसे में पाकिस्तान के साथ कोई भी बातचीत इस समर्थन के साथ विश्वासघात होगी। आशा है कि आप भारत प्रथम का रुख अपनाएंगे और वही करेंगे जो राष्ट्र अपनी सरकार से अपेक्षा करता है।'
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed