महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना के बीच बढ़ी रार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना के बीच चले पोस्टर और पेपरवार के बाद अब तकरार सड़क तक पहुंच गई है। सोमवार को नांदेड में भाजपा और शिवसेना के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिवसेना प्रवक्ता व सांसद संजय राऊत का पुतला फूंका। वहीं, मुंबई में एक अस्पताल के उद्घाटन समारोह में भी दोनो दल के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
इससे भाजपा-शिवसेना का विवाद और अधिक बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। सोमवार को मुंबई के पश्चिम उपगनर स्थित बोरिवली में मुंबई महा नगरपालिका (बीएमसी) के भगवती अस्पताल इमारत के उद्घाटन करने के लिए भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी, भाजपा विधायक मनीषा चौधरी के अलावा शिवसेना की ओर से महापौर स्नेहल आंबेरकर और विधायक प्रकाश सुर्वे उपस्थित थे।
इसी दौरान भाजपा और शिवसेना कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया जिससे स्थिति सामान्य हो सकी।
गठबंधन से तलाक लेने की दी थी चुनौती
बीते दिनों महाराष्ट्र भाजपा प्रवक्ता माधव भंडारी ने पार्टी के मुखपत्र मनोगत में लेख के जरिए शिवसेना को गठबंधन से तलाक लेने की चुनौती दी थी। इसके बाद शिवसैनिकों ने मनोगत की प्रतियां जलाई और माधव भंडारी का पुतला फूंका। उसके बाद मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने शिवसेना या उसके मुखपत्र का नाम लिए बिना कहा था कि भाजपा के कार्यकर्ता भी अखबार को जला सकते हैं।
वहीं, सोमवार को शिवसेना ने अपने मुखपत्र में भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि कई लोग अफवाहों का बाजार लगाते हैं और सपने बेचते हैं। दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र तक वह सच बोलने वाले लोगों की आवाज दबाने की कोशिश कर रहा है।
शिवसेना के मुखपत्र की प्रतियां जलाने की चेतावनी देने के मुद्दे पर शिवसेना ने कहा कि ऐसा करना आरएसएस की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूल आदर्श को आग के हवाले करने जैसा होगा। यदि शिवसेना के खिलाफ ऐसे आरोप जारी रहते हैं तो पार्टी मोदी द्वारा विकसित की जा रही हर स्मार्ट सिटी में पागलों के लिए कम से कम पांच-दस अस्पताल बनाने की सिफारिश करेगी।
Published By: Amit Tiwari