{"_id":"67568b15483c90cf480a8b33","slug":"bjp-rahul-narwekar-elected-unopposed-as-maharashtra-assembly-speaker-latest-news-update-2024-12-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Maharashtra: महाराष्ट्र CM फडणवीस ने हासिल किया विश्वास मत; राहुल नार्वेकर निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुने गए","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Maharashtra: महाराष्ट्र CM फडणवीस ने हासिल किया विश्वास मत; राहुल नार्वेकर निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुने गए
Mon, 09 Dec 2024 11:45 AM IST
अभिषेक दीक्षित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Mon, 09 Dec 2024 11:45 AM IST
सार
इस बीच देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार ने सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया। शिवसेना विधायक उदय सामंत और अन्य द्वारा पेश किए गए विश्वास प्रस्ताव को ध्वनि मत से पारित कर दिया गया।
विज्ञापन
Rahul Narwekar
- फोटो : ANI
विस्तार
देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार ने सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया। शिवसेना विधायक उदय सामंत और अन्य द्वारा पेश किए गए विश्वास प्रस्ताव को ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने घोषणा की कि सदन ने विश्वास प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। पांच दिसंबर को मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित समारोह में फडणवीस ने तीसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
विज्ञापन
इससे पहले भाजपा विधायक राहुल नार्वेकर सोमवार को 15वीं महाराष्ट्र विधानसभा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। इससे पहले राहुल नार्वेकर ने रविवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। इसके बाद विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी (एमवीए) ने अपनी ओर से किसी को उम्मीदवार नहीं बनाने का फैसला किया। ऐसे में राहुल नार्वेकर को निर्विरोध चुन लिया गया।
विज्ञापन
कोलाबा विधानसभा सीट से फिर से निर्वाचित हुए थे
14वीं विधानसभा में ढाई साल तक अध्यक्ष रहे भाजपा नेता 20 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में मुंबई की कोलाबा विधानसभा सीट से फिर से निर्वाचित हुए थे। अध्यक्ष के चुनाव के बाद नई सरकार का शक्ति परीक्षण हुआ। इसके बाद राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे।
विज्ञापन
सुना चुके दो अहम फैसले
महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान नार्वेकर ने फैसला सुनाया था कि बाल ठाकरे की पार्टी में विभाजन के बाद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ही वैध और असली शिवसेना है। उन्होंने यह भी कहा था कि अजित पवार के नेतृत्व वाला गुट ही असली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) है, जिसका गठन शरद पवार ने किया था।
ऐसे थे चुनावी परिणाम
हाल ही में संपन्न महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में महायुति गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 288 में से 230 सीटें जीतीं, जबकि एमवीए केवल 46 सीटें ही जीत सका।
15वीं विधानसभा में पार्टी की स्थिति इस प्रकार है-
महायुति (भाजपा 132 विधायक, शिवसेना 57, एनसीपी 41, जन सुरबाया शक्ति पार्टी 2, राष्ट्रीय युवा स्वाभिमान पार्टी 1, राष्ट्रीय समाज पक्ष 1, निर्दलीय 2, राजर्षि शाहू विकास अघाड़ी 1)
विपक्ष (शिवसेना-यूबीटी 20 विधायक, कांग्रेस 16, एनसीपी- एसपी 10, सीपीएम 1, पीडब्ल्यूपी 1, एआईएमआईएम 1, समाजवादी पार्टी 2)