BJP Leader Murder: BJP महासचिव ने बताया जिहादी साजिश, बोम्मई नहीं मनाएंगे सरकार के एक साल पूरे होने का जश्न
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह कोई इकलौती घटना नहीं है, यह जिहादी तत्वों की साजिश का हिस्सा है। हम राज्य से ऐसे तत्वों को बाहर निकालने के लिए केंद्रीय एजेंसियों की मदद लेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में भाजपा युवा मोर्चा के जिला सचिव प्रवीण नेट्टारू (praveen nettaru) की हत्या का मामला तूल पकड़ रहा है। अब इस मामले में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह कोई इकलौती घटना नहीं है, यह जिहादी तत्वों की साजिश का हिस्सा है। हम राज्य से ऐसे तत्वों को बाहर निकालने के लिए केंद्रीय एजेंसियों की मदद लेंगे। उन्होंने कहा कि कल की घटना के बाद से पार्टी कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। हम उनकी भावनाओं को समझते हैं और उनके साथ खड़े हैं। प्रवीण के निधन से न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं को भी दुख पहुंचा है। कर्नाटक में हमारी सरकार न्याय दिलाने की दिशा में काम करेगी।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया (कांग्रेस) अब केवल घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। सीएम के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान, जिहादी तत्वों द्वारा 32 पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई थी। वे जिहादी तत्वों की मदद करते थे।
सरकार के एक साल पूरा होने का जश्न नहीं मनाएंगे बोम्मई
कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि हमने कल डोड्डाबल्लापुरा में अपनी सरकार के गठन का एक साल पूरा होने का जश्न मनाने की योजना बनाई थी लेकिन अब इस कार्यक्रम को रद्द कर रहे हैं। इसके बजाय कल एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करूंगा।
आगे उन्होंने कहा कि खबर सुनने के बाद मेरा मन शांत नहीं था, मैंने उस पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। यह हर्ष (बजरंग दल के कार्यकर्ता) की मौत के कुछ ही दिनों बाद हुआ। यह अमानवीय और निंदनीय है। साथ ही कहा कि ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शेंगे। दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा।
पूर्व में हुई हत्याओं की तर्ज पर वारदात : सीएम
कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा है कि हत्या की घटना केरल सीमा के समीप हुई है। हमारी पुलिस केरल पुलिस के संपर्क में है। डीजीपी केरल के डीजीपी से बात करेंगे, वहीं मेंगलुरु के एसपी ने कासरगोद के एसपी से बात की है। यह सुनियोजित घटना प्रतीत हो रही है, क्योंकि पूर्व में हुई हत्याओं की तरह ही यह वारदात की गई है। कर्नाटक पुलिस ने भाजपा नेता नेट्टारू की हत्या के मामले की जांच के लिए पांच स्पेशल टीमें गठित की हैं। तीन टीमों को केरल, मदिकेरी और हसन भेजा गया है।
NIA जांच की मांग
इससे पहले केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा। उन्होंने बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता की हत्या मामले की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से जांच कराने का अनुरोध किया है। उदयपुर में कन्हैयालाल की घटना से मामले के तार जुड़े होने के संकेतों के बाद केंद्रीय मंत्री ने यह मांग की है। इस बीच तेजस्वी सूर्या ने कहा कि हमारी पार्टी की संस्कृति में कार्यकर्ता परिवार का हिस्सा है। जब परिवार के किसी सदस्य की हत्या हो जाती है, तो स्वाभाविक रूप से माहौल गुस्से वाला हो जाता है। हमने उनके परिवार को आर्थिक सहायता देने और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए गुस्से को चैनलाइज करने का फैसला किया।
आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा: बोम्मई
कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारू की हत्या पर कहा कि कार्रवाई का आदेश दिया। कर्नाटक पुलिस पड़ोसी राज्य केरल पुलिस के संपर्क में है। मुझे हमारे डीजी से हत्या के संबंध में पूरी जानकारी मिली है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और कड़ी सजा दी जाएगी। मामले की एनआईए जांच की मांग पर उन्होंने कहा कि बुनियादी जानकारी इकट्ठी की जानी चाहिए और कुछ नियम हैं। हम बाद में फैसला करेंगे।
मृतक भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी ने की न्याय की अपील
वहीं, मृतक भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारू की पत्नी ने रोते हुए कहा कि मुझे नहीं पता कि उन्होंने उसे क्यों मारा। हर दिन, मैं उसके साथ होती थी जब वो अपनी दुकान बंद करके घर वापस आ जाते थे, लेकिन उस दिन मैं वहां नहीं थी। उन्होंने कहा कि अगर उस दिन मैं वहां होती तो ऐसा नहीं होता। प्रवीण नेट्टारू की पत्नी ने आगे कहा कि जो उसके साथ हुआ है वो किसी और के साथ न हो। वे लंबे समय तक भाजपा के सदस्य रहे। पार्टी की सभी गतिविधियों के दौरान वे मौजूद रहते थे। इस दौरान उन्होंने हत्या के आरोपियों के लिए सजा की मांग की।
कांग्रेस 'भ्रष्टाचार की गंगोत्री', उनके सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं : बोम्मई
वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई ने बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधा है। इतना ही नहीं उन्होंने कांग्रेस को 'भ्रष्टाचार की गंगोत्री' कहा। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें विपक्षी दल से प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। बोम्मई ने कहा, "कांग्रेस भ्रष्टाचार की गंगोत्री है, उनके वर्तमान और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष भ्रष्टाचार से संबंधित मामलों में रोजाना पूछताछ की जा रही है, उनके प्रदेश अध्यक्ष को भी इस तरह की पूछताछ का सामना करना पड़ा है। हमें उनसे सबक सीखने की जरूरत नहीं है, लोग चीजों से अवगत हैं।"
दरअसल, कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार, सिद्धारमैया और बी के हरिप्रसाद ने मंगलवार को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया था कि नफरत के बीज बोना और सद्भाव को नष्ट करना ही बोम्मई प्रशासन की एकमात्र उपलब्धि है। इस दौरान उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए थे। जिस पर बुधवार को सीएम बोम्मई ने पलटवार किया।