Exclusive:अनुच्छेद 370 जैसे मुद्दों को तरजीह नहीं देगी भाजपा
- केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, जम्मू-कश्मीर में विकास के एजेंडे पर चलेगी नई सरकार
- आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देने में अहम भूमिका निभाएगी राज्य सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा ने अनुच्छेद 370 जैसे विवादास्पद मुद्दों से फिलहाल किनारा कर लिया है। पार्टी जम्मू-कश्मीर में विकास के एजेंडे पर नई सरकार चलाएगी। केंद्र और भाजपा ने पीडीपी को भी अपनी पार्टी का एजेंडा अलग रखकर न्यूनतम साझा कार्यक्रम के आधार पर विकास की यात्रा में सहभागी बनने की नसीहत दी है।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग में रियासत सरकार की भूमिका भी अहम होगी। डॉ. सिंह ने संकेत दिए कि भाजपा कोटे के मंत्रियों में एक-दो चेहरे बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर संगठन में चर्चा हुई है। संगठन और प्रदेश के हित में जो जरूरी होगा, वैसा कदम उठाया जाएगा।
डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश विकास यात्रा पर चल रहा है। जम्मू-कश्मीर इससे वंचित नहीं रह जाए, इसके लिए पार्टी और सरकार ने आम आदमी के हित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है।
दोनों दलों को अपना फोकस प्रदेश की प्रगति पर केंद्रित करना होगा। पीडीपी की शर्तों और विश्वास बहाली के उपायों के बारे में डॉ. सिंह ने कहा कि जब दो राजनीतिक दल गठबंधन करते हैं तो ऐसी बातें सामने आती हैं। रियासत के विकास के लिए कई जिद छोड़नी पड़ती है।
एजेंडे पर दोनों दल सहमत
अब गठबंधन के एजेंडे पर दोनों दल सहमत हैं। दोनों को गठबंधन धर्म का पालन करना है। सड़कों, रेलगाड़ियों और आम आदमी के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने की कोशिश अब पहली शर्त है। दोनों दल विकास पर समर्पित होकर आगे बढ़ने को प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा सबसे बड़ा और संवेदनशील मुद्दा है। केंद्र ने आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति तय की है। वहां की राज्य सरकार के लिए भी इसका पालन उनकी अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी। सीमा पार से शरारत होती है। आतंकी आगे भी प्रतिकूल प्रयास कर सकते हैं। वैसी स्थिति में केंद्र से बेहतर तालमेल के साथ काम करना होगा।
पठानकोट हमले की जांच में पाकिस्तानी टीम के घटनास्थल पर जाने से उत्पन्न विवाद पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। विपक्ष को ऐसे मुद्दों पर राजनीति से बचना चाहिए। सही सूचनाओं के अभाव में भी विपक्ष आरोप लगाता रहा है। आतंकवाद से निपटने की प्रधानमंत्री मोदी की नीति को अब पूरे विश्व में सराहा जाने लगा है।