तमिलनाडु: खुशबू सुंदर ने साधा कांग्रेस पर निशाना, पार्टी की मानसिकता पर उठाए सवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा के साथ आने वाली खुशबू सुंदर ने मंगलवार को कांग्रेस पर खुलकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब वो (कांग्रेस) कहते कि उन्होंने मुझे केवल एक अभिनेत्री के तौर पर देखा। क्या उन्होंने तब मुझे एक अभिनेत्री के तौर पर नहीं देखा था जब मैं कन्याकुमारी से दिल्ली, कोलकाता से बिहार, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और मध्यप्रदेश जा रही थी। सुंदर ने कहा, अब जब मैंने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी है और वो कह रहे हैं कि मैं केवल एक अभिनेत्री हूं।
सुंदर ने आगे कहा कि इससे उनकी मानसिकता प्रदर्शित होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अहंकार और पुरुष वर्चस्व वाली ऐसी सोच है कि एक महिला को बुद्धिमान नहीं होना चाहिए, ऐसी सोच कि एक महिला को अपनी ही क्षमता में भी शीर्ष तक नहीं उठना चाहिए और अगर वह शीर्ष पर है तो उसे एक बेवकूफ की तरह व्यवहार करना चाहिए। बता दें कि दक्षिण भारत मे कांग्रेस पार्टी का चर्चित चेहरा रहीं खुशबू सुंदर सोमवार को भाजपा में शामिल हो गई थीं।
It shows their thinking. A thinking of ego and male chauvinism - that a woman should not be intelligent, that a woman should not rise to the top level in her own capacity. Even if she is at the top, she should act like a fool: Khushbu Sundar, BJP https://t.co/YYYwChkNIj
विज्ञापन विज्ञापन— ANI (@ANI) October 13, 2020
द्रमुक से कांग्रेस और फिर कांग्रेस से भाजपा में आने के साथ यह उनकी तीसरी राजनीतिक पारी है। तमिलनाडु में कम राजनीतिक प्रभाव रखने वाली भाजपा को आस है कि खुशबू के आने से यहां उसकी ताकत बढ़ेगी क्योंकि देश के अन्य क्षेत्रों की तुलना में वहां फिल्मी सितारों का ज्यादा असर है। भाजपा में शामिल होने के बाद सुंदर ने कहा था कि मुझे अहसास हो गया है कि यदि देश को सही दिशा में ले जाना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे किसी व्यक्ति की जरूरत है।
खुशबू ने अपने त्यागपत्र में दावा किया था कि पार्टी के अंदर शीर्ष स्तर पर कुछ लोग हैं जिनका जमीनी स्तर पर कोई संपर्क या सार्वजनिक पहचान नहीं है, वो अपनी बात थोप रहे हैं और मेरे जैसे लोग जो पार्टी के लिये गंभीरता से काम करना चाहते हैं, उन्हें पीछे किया जा रहा है और दबाया जा रहा है। खुशबू ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कहा था कि वह ऐसा कुछ नेताओं के अपनी बात थोपने और दबाव डालने के विरोध में ऐसा कर रही हैं।
दक्षिण में स्थिति मजबूत करना है भाजपा का लक्ष्य
भाजपा में पहले से ही मौजूद फिल्मी हस्तियों की लंबी फेहरिस्त में अब दक्षिण भारतीय अभिनेत्री खुशबू सुंदर का नाम भी जुड़ गया है। ये ऐसे सितारे हैं जो राजनीति के गलियारों में प्रवेश से पहले रुपहले पर्दे पर अपनी चमक की बदौलत घर-घर के जाने-पहचाने चेहरे हैं। इस फेहरिस्त में दर्जन भर ऐसे भी है जो संसद में भाजपा का प्रतिनिधत्व कर रहे हैं। इनमें सनी देओल, हेमा मालिनी, किरन खेर, रूपा गांगुली, लॉकेट चटर्जी, रवि किशन और मनोज तिवारी प्रमुख है।
इनके अलावा कुछ ऐसे भी है जो भले ही भाजपा की दैनिक गतिविधियों में शामिल न होते हों, लेकिन इसके सदस्य हैं और जरूरत पड़ने पर मैदान में उतरने से हिचकिचाते नहीं। ऐसा नहीं है कि भाजपा ने सिर्फ बॉलीवुड से जुड़ी हस्तियों को अपनाया है, बल्कि क्षेत्रीय सिनेमा के नामचीन कलाकारों को भी बराबर का महत्व दिया है। वह चाहे भोजपुरी सिनेमा के मनोज तिवारी और रवि किशन हों या फिर बांग्ला सिनेमा की रूपा गांगुली और लॉकेट चटर्जी या फिर गायक बाबुल सुप्रियो हों।