Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   BJP Attacks Sonia Gandhi Memoir What Say About Rajiv Gandhi says Gave Up PM Post to Become a SuperPM

'प्रधानमंत्री पद छोड़ बनीं सुपर पीएम': सोनिया गांधी के संस्मरण पर भाजपा का तीखा हमला, राजीव गांधी पर क्या कहा?

Wed, 11 Nov 2026 03:36 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Wed, 11 Nov 2026 03:36 PM IST
सार

सोनिया गांधी के संस्मरण पर भाजपा ने हमला बोलते हुए 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले को त्याग मानने पर सवाल उठाए हैं। सुधांशु त्रिवेदी ने उन्हें 'सुपर पीएम' बताते हुए राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के कैबिनेट रैंक वाले पद का जिक्र किया। उन्होंने आपातकाल और राजीव गांधी से जुड़े दावों को भी चुनौती दी। आखिर सोनिया के संस्मरण में ऐसा क्या लिखा है, जिस पर भाजपा ने सवाल खड़े किए? भाजपा की आलोचना पर सैम पित्रोदा ने क्या कहा? आइए, विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
BJP Attacks Sonia Gandhi Memoir What Say About Rajiv Gandhi says Gave Up PM Post to Become a SuperPM
भाजपा ने सोनिया गांधी को 'सुपर पीएम' क्यों कहा? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के नए संस्मरण को लेकर भाजपा ने उन पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के उनके फैसले को त्याग बताने के दावे पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने तंज कसते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री की कुर्सी छोड़कर 'सुपर पीएम' बनने का रास्ता चुना था। भाजपा का आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद नहीं संभाला, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार में राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्ष बनकर कैबिनेट मंत्री के बराबर दर्जा हासिल किया। पार्टी ने उनकी किताब में आपातकाल और राजीव गांधी से जुड़े दावों को भी चुनौती दी है।

विज्ञापन


भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सोनिया गांधी के संस्मरण 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' पर प्रतिक्रिया दी। यह किताब मंगलवार को जारी हुई थी। इसमें सोनिया गांधी ने लिखा है कि 2004 में उन्हें प्रधानमंत्री बनने का प्रस्ताव दिया गया था। शुरुआत में उन्होंने इस विचार को पूरी तरह खारिज कर दिया था। बाद में गठबंधन के सहयोगियों के दबाव पर उन्होंने कमजोर मन से 'ठीक है' कहा, लेकिन आखिर में प्रधानमंत्री बनने से साफ इनकार कर दिया। इसी प्रसंग पर त्रिवेदी ने सवाल उठाते हुए उनके फैसले को 'सुपर त्याग' बताया।
विज्ञापन


भाजपा ने सोनिया गांधी को 'सुपर पीएम' क्यों कहा?
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद तो स्वीकार नहीं किया, लेकिन कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के दौरान राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्षता संभाली। इस पद को कैबिनेट मंत्री के बराबर दर्जा प्राप्त था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री पद छोड़कर कैबिनेट रैंक वाला पद लेना किस तरह का त्याग था। त्रिवेदी ने यह भी कहा कि दुनिया में ऐसा उदाहरण नहीं मिलेगा, जहां कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री पद छोड़कर कैबिनेट मंत्री के बराबर दर्जा हासिल करे। भाजपा ने इसी आधार पर सोनिया गांधी के फैसले पर सवाल उठाए।
विज्ञापन
विज्ञापन


राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के पद को लेकर भाजपा ने क्या आरोप लगाए?
त्रिवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्षता का पद लाभ के पद से जुड़ा विवाद भी बना था। इस विवाद के बाद सोनिया गांधी को इस्तीफा देना पड़ा। भाजपा प्रवक्ता के मुताबिक, चुनाव के बाद सोनिया गांधी के दोबारा इस पद पर लौटने से पहले मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार ने नियमों में बदलाव किया। इसके तहत राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के अध्यक्ष पद को लाभ के पद के दायरे से बाहर कर दिया गया। त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार सोनिया गांधी के नेतृत्व में काम कर रही थी। इसी वजह से उन्होंने प्रधानमंत्री पद ठुकराने के उनके फैसले को राजनीतिक त्याग मानने पर सवाल उठाए।

आपातकाल और राजीव गांधी को लेकर किताब में क्या लिखा?
भाजपा ने सोनिया गांधी के उस दावे को भी खारिज किया, जिसमें उन्होंने लिखा है कि उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी आपातकाल के खिलाफ थे। त्रिवेदी ने कहा कि राजीव गांधी ने अलग-अलग मौकों पर आपातकाल का समर्थन किया था। उन्होंने सोनिया गांधी की ओर से आपातकाल के लिए अपने देवर संजय गांधी को जिम्मेदार ठहराने पर भी सवाल उठाए। भाजपा प्रवक्ता का कहना था कि संस्मरण में इस पूरे मामले को जिस तरह पेश किया गया है, उससे कई सवाल खड़े होते हैं। इस तरह भाजपा ने किताब में आपातकाल के घटनाक्रम से जुड़ी सोनिया गांधी की बातों को चुनौती दी।

मेनका गांधी के साथ रिश्तों पर भाजपा ने क्या टिप्पणी की?
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में संजय गांधी की पत्नी मेनका गांधी के साथ रिश्तों में आई दूरी का भी जिक्र किया है। इस पर सुधांशु त्रिवेदी ने तंज कसते हुए कहा कि किताब में यह प्रसंग आपातकाल की कहानी से ज्यादा एक देसी देवरानी और विदेशी जेठानी के बीच गहरी नाराजगी की कहानी जैसा लगता है। उन्होंने आरोप लगाया कि संस्मरण में इस मामले को लेकर एक-दूसरे पर दोष डालने की कोशिश दिखाई देती है। भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सोनिया गांधी की किताब को लेकर राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है।

भाजपा की आलोचना पर क्या बोले सैम पित्रोदा?
भाजपा की आलोचना के बाद इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा उनके समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि यह सोनिया गांधी की कहानी है, किसी दूसरे की अपनी बनाई हुई कहानी नहीं। शिकागो से बातचीत में पित्रोदा ने कहा कि उन्होंने अभी किताब नहीं पढ़ी है, लेकिन उनके मुताबिक यह प्रेम, साहस, प्रतिबद्धता और चरित्र से भरी किताब है। उन्होंने कहा कि विदेशी मूल की होने के बावजूद सोनिया ने अपना जीवन भारतीय परिवार, संस्कृति और लोगों को समर्पित किया।

पित्रोदा ने कहा कि किसी किताब पर टिप्पणी करने से पहले उसे पूरा पढ़ना और उसके संदर्भ को समझना चाहिए। पाठक लेखक की बात से सहमत या असहमत हो सकते हैं, लेकिन जल्दबाजी में निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए। दरअसल, भाजपा ने सोनिया के संस्मरण पर आरोप लगाया था कि उन्होंने 1975 के आपातकाल को सही ठहराने और 1984 के सिख विरोधी दंगों में राजीव गांधी को क्लीन चिट देने की कोशिश की है। पार्टी ने किताब को 'व्हाइटवॉशिंग' तक बताया था। वहीं, दिल्ली के प्रमुख बुक स्टोरों पर किताब खरीदने के लिए पाठकों की कतारें लगी थीं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed