फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Bharat Bandh Live Updates: बंगाल में कई जगहों पर हिंसा, दिल्ली-मुंबई में बंद का असर नहीं

Wed, 08 Jan 2020 06:22 PM IST
Sneha Baluni न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Sneha Baluni Updated Wed, 08 Jan 2020 06:22 PM IST
खास बातें

  • श्रमिकों संगठनों के बंद का मिश्रित असर, ट्रेन सेवाओं पर असर
  • पश्चिम बंगाल में आंशिक असर, आंदोलनकारियों ने ट्रेन-बस सेवाएं रोकीं
  • राहुल गांधी ने बंद का समर्थन किया, कांग्रेस का वार- पीएम उद्योगपतियों से मिलते हैं, कर्मचारियों से मिलने का समय नहीं
  • भारत बंद का यूपी में असर न के बराबर, प्रयागराज में प्रदर्शन

विज्ञापन
Bharat Bandh Today Live Updates trade union strike, left, delhi, west bengal, banking, protestors
भारत बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने रैलवे ट्रैक को ब्लॉक कर दिया - फोटो : ANI

लाइव अपडेट

06:13 PM, 08-Jan-2020
बंद का संज्ञान ले केंद्र सरकार, हर वर्ग दुखी : पायलट

राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि केंद्र सरकार को केंद्रीय श्रमिक संगठनों के भारत बंद का संज्ञान लेना चाहिए क्योंकि उसकी संवादहीनता के कारण देश का हर वर्ग दुखी है। कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में पायलट ने देशव्यापी हड़ताल का जिक्र करते हुए कहा कि हर वर्ग आज दुखी है, फिर चाहे वह सरकारी कर्मचारी हों, या मध्यम वर्ग, गरीब तबका या छात्र। सरकार को आज के बंद का संज्ञान लेना चाहिए। बंद या हड़ताल तब होती है जब सारे विकल्प विफल हो जाते हैं। मुझे लगता है कि केंद्र सरकार की तरफ से संवाद की बहुत कमी है। 
 

06:05 PM, 08-Jan-2020
दिल्ली-मुंबई में बंद का असर नहीं

दिल्ली में भारत बंद का खास असर नहीं दिखा। परिवहन सामान्य रहा और स्कूल-कॉलेज सामान्य रूप से खुले। बाजार भी अन्य दिनों की तरह खुले नजर आए। 

वहीं, महाराष्ट्र में भी राष्ट्रव्यापी बंद का कुछ खास असर देखने को नहीं मिला है क्योंकि देश की वित्तीय राजधानी कही जाने वाली मुंबई समेत कई जिलों में यातायात और बैंकिंग सेवाओं पर इसका कोई ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा। राज्य में अब तक किसी भी तरह की अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है। मुम्बई की ‘जीवन-रेखा’ कही जाने वाली उपनगरीय ट्रेनें, बसें, ऑटो-रिक्शा और अन्य सार्वजनिक वाहन सामान्य रूप से चल रहे हैं। पुणे में भी यातायात सेवा पर बंद का कोई प्रभाव नहीं पड़ा। शैक्षणिक संस्थान और कारोबारी प्रतिष्ठान भी आम दिन की तरह ही खुले हैं।
 
विज्ञापन
06:00 PM, 08-Jan-2020
नोबेल पुरस्कार विजेता लेविट हाउसबोट में फंसे 

अलापुझा, केरल: केरल सरकार के सरकारी मेहमान के तौर पर यहां पहुंचे नोबेल पुरस्कार विजेता माइकल लेविट कुट्टनाड में एक हाउसबोट में फंसे रह गए। भारत बंद के समर्थकों ने इस हाउसबोट को रोक दिया। 

 
04:48 PM, 08-Jan-2020

मध्य प्रदेश में बंद बेअसर, सिर्फ बैंक सेवाएं प्रभावित

मध्य प्रदेश में भी बुधवार को बंद का कोई बहुत ज्यादा असर देखने को नहीं मिला। प्रदेश में परिवहन व अन्य सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। इसके अलावा बाजार और पेट्रोल पंप भी खुले रहे। 

हालांकि आल इंडिया बैंक इम्पलॉइज एसोसिएशन (AIBEA) और आॅल इंडिया बैंक आफिसर्स एसोसिएशन के बैनर तले कुछ कर्मचारियों ने हड़ताल में हिस्सा लिया और भोपाल के एमपी नगर में रैली भी निकाली। मध्य प्रदेश बैंक कर्मचारी संघ के महासचिव वीके शर्मा के मुताबिक राज्य में हड़ताल की वजह से बैंक सेवाएं प्रभावित हुईं और ऐसी भी रिपोर्ट मिली हैं कि परिवहन, आयकर और डाक विभाग सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। 


 


 

02:44 PM, 08-Jan-2020

आंध्र प्रदेश में बंद में हिस्सा लेने वाले कांग्रेस, वाम नेताओं को हिरासत में लिया गया

आंध्र प्रदेश में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के बुधवार को 'भारत बंद' के आह्वान पर विशेषकर विशाखापत्तनम में सार्वजनिक क्षेत्र के विभिन्न उपक्रमों में अधिकतर कर्मचारी नदारद रहे। अधिकतर बैंक भी बंद रहे। विजयवाड़ा में राधम सेंटर से लेनिन सेंटर तक रैली निकाली गई। मचिलिपत्नाम में कोनेरू सेंटर से रैली निकाली गई। तिरुपति से मिली खबरों के अनुसार पुलिस ने युवा संगठनों को ‘शव यात्रा’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले ले जाने से रोका।
01:41 PM, 08-Jan-2020

हड़ताल से पंजाब-हरियाणा में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित

पंजाब और हरियाणा में सार्वजनिक बैंकों, परिवहन विभाग, डाक घर और किसानों के कई संगठनों ने हिस्सा लिया। सरकारी बैंकों के कर्मचारियों के हड़ताल में हिस्सा लेने से पंजाब और हरियाणा में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ा है।

ट्रेड यूनियन कर्मियों ने पंजाब में लुधियाना, जालंधर और बठिंडा समेत कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जालंधर में ट्रेड यूनियन कर्मियों द्वारा कारखाने में काम करने वाले कुछ लोगों को काम पर जाने से रोकने की खबर है। पंजाब में लुधियाना समेत कुछ जगहों पर सार्वजनिक परिवहन सेवा प्रभावित हुई है।

हरियाणा में, सार्वजनिक परिवहन सेवा पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है। हरियाणा परिवहन के कर्मियों के एक धड़े ने हड़ताल में शामिल होने की घोषणा की थी।


 
विज्ञापन
विज्ञापन
01:39 PM, 08-Jan-2020

केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के बंद का कर्नाटक में कोई असर नहीं

देशव्यापी हड़ताल का कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों जनजीवन पर कोई असर नहीं पड़ा। कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) सहित सरकारी बस सेवाओं और ट्रेन सेवाओं पर इसका कोई असर नहीं दिखा। स्कूल, कॉलेज और व्यापारिक प्रतिष्ठान भी खुले।


 
01:01 PM, 08-Jan-2020

बंद से असम में जनजीवन प्रभावित

असम में बंद से आम जनजीवन प्रभावित रहा और सड़कों से वाहन नदारद रहे तथा दुकानें भी बंद रहीं। दुकानें और बाजार बंद रहे, लेकिन दवा की दुकानें खुली रहीं। शैक्षणिक संस्थान खासकर स्कूल बंद रहे। कॉलेजों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में पूर्वनिर्धारित परीक्षाएं सामान्य तरीके से आयोजित हुईं। अधिकतर निजी कार्यालय बंद रहे लेकिन राज्य सरकार के कार्यालय खुले रहे। समूचे राज्य में अधिकतर बैंक बंद रहे।
12:57 PM, 08-Jan-2020

बंगाल में हिंसा की छिटपुट घटनाएं

पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में सड़क और रेल यातायात बाधित हुआ। कई स्थानों से हिंसा की छिटपुट घटनाएं भी सामने आई हैं। प्रदर्शनकारियों ने राज्य के कई स्थानों पर रेल एवं सड़क यातायात बाधित किया, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। पूर्वी बर्दवान जिले में विभिन्न स्थानों पर जलते हुए टायर डाले गए और सड़कें बाधित की गई। इसके अलावा रेलवे पटरियों को भी अवरुद्ध किया गया जिससे रेल यातायात बाधित हुआ। पूर्वी मिदनापुर जिले में बसों पर पथराव किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया जिसके बाद झड़प शुरू हो गई और इसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
12:55 PM, 08-Jan-2020

राजस्थान में भारत बंद का मिला जुला असर

केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के 'भारत बंद' के आह्वान का बुधवार को राजस्थान में मिला जुला असर देखने को मिला। ट्रेड यूनियन कर्मचारियों के इसमें शामिल होने के कारण बंद के शुरुआती घंटों में बैंकिंग सेवाओं, रोडवेज सेवाओं पर आंशिक असर देखने को मिला। बैंक कर्मचारियों की यूनियन के प्रतिनिधि महेश मिश्रा ने बताया कि जयपुर में एलआईसी भवन के सामने प्रदर्शन किया गया जिसमें बैंक और एलआईसी कर्मचारियों ने भाग लिया।

हड़ताल का असर चूरू, गंगानगर, सीकर में बसों के संचालन पर पड़ा है। हालांकि जयपुर शहर में बाजार खुले हैं और सार्वजनिक परिवहन सेवा पर ज्यादा असर देखने को नहीं मिला है।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed