{"_id":"678a020205b0245efc0b8c92","slug":"before-the-verdict-in-rg-kar-case-parents-of-the-victim-doctor-said-investigation-of-the-case-is-incomplete-2025-01-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"RG Kar: आरजी कर मामले में फैसले से पहले सामने आया पीड़ित डॉक्टर के माता-पिता का दर्द, कहा- जांच अब भी अधूरी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
RG Kar: आरजी कर मामले में फैसले से पहले सामने आया पीड़ित डॉक्टर के माता-पिता का दर्द, कहा- जांच अब भी अधूरी
Fri, 17 Jan 2025 12:39 PM IST
बशु जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
Published by: बशु जैन
Updated Fri, 17 Jan 2025 12:39 PM IST
सार
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले में सियालदाह कोर्ट शनिवार को फैसला सुनाएगी। कोर्ट के फैसले से एक दिन पहले पीड़ित जूनियर डॉक्टर के माता-पिता ने आरोप लगाया कि मामले की जांच आधी अधूरी है। अपराध में शामिल अन्य लोग खुलेआम घूम रहे हैं।
विज्ञापन
कोलकाता की घटना के विरोध में हुए थे प्रदर्शन (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : पीटीआई
विस्तार
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले में सियालदाह कोर्ट शनिवार को फैसला सुनाएगी। कोर्ट के फैसले से एक दिन पहले पीड़ित जूनियर डॉक्टर के माता-पिता ने आरोप लगाया कि मामले की जांच आधी अधूरी है। अपराध में शामिल अन्य लोग खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़िता के माता-पिता ने कहा कि वे तब तक लड़ाई जारी रखेंगे, जब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिल जाता।
विज्ञापन
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नौ अगस्त को ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने नागरिक स्वयंसेवक काम करने वाले संजय रॉय को गिरफ्तार किया था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद जांच पुलिस से सीबीआई को सौंपी गई। सीबीआई ने आरोपी संजय रॉय के लिए मौत की सजा की मांग की। सियालदह कोर्ट के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने इस मामले में सुनवाई नौ जनवरी को पूरी कर ली थी और शनिवार को फैसला सुनाया जाएगा।
विज्ञापन
अन्य अपराधी खुलेआम घूम रहे: पीड़िता की मां
पीड़ित डॉक्टर की मां ने कहा कि संजय राय दोषी है और कल उसके खिलाफ फैसला सुनाया जाएगा। लेकिन अन्य अपराधियों का क्या हुआ? जिनको अब तक पकड़ा नहीं गया है। मैंने देखा है कि वे खुलेआम घूम रहे हैं। मैंने उनको अस्पताल में घूमते देखा है। इसलिए मैं कह रही हूं कि जांच आधी-अधूरी है। मां ने यह भी कहा कि जैविक सबूतों ने रॉय को दोषी साबित कर दिया है, लेकिन प्रशासन अपराध में शामिल कई अन्य लोगों को बचा रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सारे सबूत या तो खो गए या मिटा दिए गए। जब तत्कालीन पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने अपराध स्थल का दौरा किया तो वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। ऐसा लग रहा था जैसे कोई मछली बाज़ार हो। अपराध स्थल पर मौजूद ऐसे लोगों को दंडित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे अभी तक पता नहीं चला है कि मेरी बेटी को इस तरह क्यों मारा गया। उसे क्यों जीने नहीं दिया गया?
जांच आधी-अधूरी: पीड़िता के पिता
मृत डॉक्टर के पिता ने भी दावा किया कि जांच अधूरी है। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि अपराध में संजय अकेला शामिल था। ऐसे अन्य लोग भी हैं जो अपराध में शामिल थे, लेकिन वे अभी भी आजाद हैं। मुझे उम्मीद है उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और उनका अपराध साबित होगा। तब तक बेटी को न्याय नहीं मिलेगा। उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है और शनिवार को फैसला आने पर हम अदालत में मौजूद रहेंगे।
पीड़िता की मां ने कहा कि मैं दोषियों के लिए सजा चाहती हूं। सजा की सीमा पर न्यायपालिका फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि हम बहुत ही साधारण परिवार से हैं। हमने अपनी बेटी को शिक्षित करने की पूरी कोशिश की। वह एक प्रतिभाशाली और बुद्धिमान लड़की थी। मुझे लगता है कि न्याय पाने के लिए हमें अभी एक लंबा रास्ता तय करना है।
आरजी कर दुष्कर्म मामले को लेकर पूरे देश में देखी गई नाराजगी
डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या के मामले में सुनवाई 12 नवंबर को शुरू हुई और इस दौरान 50 गवाहों से पूछताछ की गई। पीड़िता के माता-पिता ने अपराध में अन्य लोगों के शामिल होने का शक जताया है और अदालत में मांग की है कि इस मामले की और विस्तृत जांच की जाए। आरजी कर अस्पताल की घटना को लेकर पूरे देश में गुस्सा और नाराजगी देखी गई। माना जा रहा है कि आरोपी संजय रॉय को अदालत मौत या आजीवन कारावास की सजा दे सकती है।