{"_id":"64a6d50842baa17582045f14","slug":"bastille-day-parade-contingent-of-three-armies-left-for-france-and-emmanuel-bonne-met-pm-modi-and-nsa-doval-2023-07-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"बैस्टिल डे परेड: फ्रांस रवाना हुआ तीनों सेनाओं का दल; इमैनुएल बोने ने पीएम मोदी और NSA डोभाल से की मुलाकात","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
बैस्टिल डे परेड: फ्रांस रवाना हुआ तीनों सेनाओं का दल; इमैनुएल बोने ने पीएम मोदी और NSA डोभाल से की मुलाकात
Thu, 06 Jul 2023 08:21 PM IST
शिव शरण शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Thu, 06 Jul 2023 08:21 PM IST
सार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगले सप्ताह पेरिस यात्रा को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने बृहस्पतिवार को फ्रांसीसी राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार इमैनुएल बोने के साथ बातचीत की। पीएम मोदी इस साल 14 जुलाई को पेरिस में बैस्टिल डे परेड में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
विज्ञापन
एनएसए अजीत डोभाल, फ्रांसीसी राष्ट्रपति के सलाहकार बोने और पीएम नरेंद्र मोदी।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
फ्रांस में अगले सप्ताह फ्रांस की सबसे बड़ी और सबसे पुरानी सैन्य परेड बैस्टिल डे परेड होनी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। वहीं, भारतीय सशस्त्र बलों की 269 सदस्यीय त्रि-सेवा टुकड़ी भी गुरुवार को पेरिस के लिए रवाना हो गई। सेना ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है। बयान में कहा गया है कि परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की 269 सदस्यीय त्रि-सेवा टुकड़ी अपने फ्रांसीसी समकक्षों के साथ मार्च करते हुए दिखाई देगी।
विज्ञापन
वायुसेना की मार्चिंग टुकड़ी का नेतृत्व महिला पायलट करेंगी
भारतीय वायु सेना की एक महिला हेलीकॉप्टर पायलट मार्चिंग दल का नेतृत्व करेंगी। अधिकारियों ने बताया कि स्क्वाड्रन लीडर सिंधु रेड्डी परेड में 68 सदस्यीय भारतीय वायुसेना दल का नेतृत्व करेंगी। एमआई-17 पायलट रेड्डी ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में भी भारतीय वायुसेना के मार्चिंग दस्ते का नेतृत्व किया था।
विज्ञापन
इमैनुएल मैक्रों के राजनयिक सलाहकार इमैनुएल बोने ने दी पीएम मोदी को जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगले सप्ताह पेरिस यात्रा को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने बृहस्पतिवार को फ्रांसीसी राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार इमैनुएल बोने के साथ बातचीत की। पीएम मोदी इस साल 14 जुलाई को पेरिस में बैस्टिल डे परेड में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। सूत्रों ने कहा, चर्चा का मुख्य एजेंडा मोदी की यात्रा की तैयारी और समग्र रणनीतिक सहयोग था।
विज्ञापन
फ्रांसीसी राष्ट्रपति के सलाहकार ने एनएसए डोभाल से की बातचीत
बोने ने पीएम मोदी से भी मुलाकात की और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के प्रगति की जानकारी दी। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ वार्ता करेंगे। फ्रांसीसी की रक्षा कंपनी डसॉल्ट एविएशन से 36 राफेल जेट की खरीद के बाद से भारत और फ्रांस के बीच रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग में बड़ी वृद्धि हुई है। फ्रांसीसी रक्षा कंपनी सफरान भारतीय सैन्य विमानों के लिए संयुक्त रूप से एक इंजन विकसित करेगी। पीएम मोदी की पेरिस यात्रा विशेष होगी क्योंकि मैक्रों के मौजूदा कार्यकाल में यह किसी विदेशी नेता की पहली बैस्टिल दिवस यात्रा होगी।
राफेल लड़ाकू विमान फ्रांसीसी जेट विमानों के साथ दिखाएंगे दम
सेना ने यह भी बताया कि इस अवसर पर भारतीय वायु सेना के तीन राफेल लड़ाकू विमान भी फ्रांसीसी जेट विमानों के साथ चैंप्स एलिसीज के ऊपर फ्लाईपास्ट में हिस्सा लेंगे।
बयान के मुताबिक, फ्रांस रवाना हुए त्रि-सेवा दल में सेना के 77 मार्चिंग कर्मी और उसके बैंड के 38 सदस्य शामिल हैं। इस टीम का नेतृत्व कैप्टन अमन जगताप कर रहे हैं। वहीं, भारतीय नौसेना दल का नेतृत्व कमांडर व्रत बघेल और भारतीय वायु सेना दल का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर सिंधु रेड्डी कर रहे हैं।
वहीं, सेना की टुकड़ी का प्रतिनिधित्व पंजाब रेजिमेंट द्वारा किया जा रहा है। पंजाब रेजिमेंट सेना की सबसे पुरानी रेजिमेंटों में से एक है। इस रेजिमेंट के सैनिकों ने दोनों विश्व युद्धों के साथ-साथ स्वतंत्रता के बाद के ऑपरेशनों में भी भाग लिया है। दल के साथ राजपूताना राइफल्स रेजिमेंट का बैंड भी है।
दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को 25 साल पूरे
जुलाई में होने वाली फ्रांस की सबसे बड़ी और सबसे पुरानी सैन्य परेड बैस्टिल डे परेड में प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल होंगे। वह इस परेड में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस परेड़ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था, जिसे पीएम मोदी ने स्वीकार कर लिया है। भारत और फ्रांस के रणनीतिक संबंधों को 25 साल पूरे हो रहे हैं।
दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों के इस पड़ाव के पूरे होने के मौके पर भारतीय सुरक्षा बलों का भी एक दल फ्रांस की इस सैन्य परेड में शामिल होगा। भारत और फ्रांस रणनीतिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक, अकादमिक और आर्थिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ा रहे हैं और पीएम मोदी का यह फ्रांस दौरा दोनों देशों के संबंधों के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
क्या है बैस्टिल डे परेड
14 जुलाई 1789 को सैन्य किले और जेल के रूप में मशहूर बैस्टिल पर गुस्साई भीड़ ने हमला कर उस पर कब्जा कर लिया था। इस घटना को फ्रांसिसी क्रांति की शुरुआत माना जाता है। यही वजह है कि साल 1880 से लगभग हर साल 14 जुलाई को फ्रांस में बैस्टिल डे परेड आयोजित की जाती है। इस दौरान पेरिस में सैन्य परेड निकाली जाती है और आतिशबाजी की जाती है। इस दिन को फ्रांस के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक माना जाता है। यही वजह है कि पीएम मोदी का इस परेड में मुख्य अतिथि बनना भारत-फ्रांस के मजबूत होते संबंधों का उदाहरण है।