{"_id":"66bba0f71d7245430d063f4f","slug":"bangladesh-army-chief-discloses-they-have-given-shelter-to-some-influential-people-of-deposed-hasina-led-govt-2024-08-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bangladesh: 'मैंने शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के प्रभावशाली लोगों को दी शरण', सेना प्रमुख का खुलासा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Bangladesh: 'मैंने शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के प्रभावशाली लोगों को दी शरण', सेना प्रमुख का खुलासा
Tue, 13 Aug 2024 11:37 PM IST
निर्मल कांत
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ढाका
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ढाका
Published by: निर्मल कांत
Updated Tue, 13 Aug 2024 11:37 PM IST
सार
Bangladesh: बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वाकर उज जमान ने खुलासा किया कि उन्होंने पिछली अवामी लीग सरकार के कुछ प्रभावशाली लोगों को शरण दी। ताकि उन पर किसी तरह के हमले को रोका जा सके।
विज्ञापन
बांग्लादेश के सेना प्रमुख वाकर उज जमान
- फोटो : एएनआई (फाइल)
विस्तार
बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वाकर उज जमान ने मंगलवार को खुलासा किया कि उन्होंने पिछली अवामी लीग सरकार के कुछ प्रभावशाली लोगों को शरण दी। ताकि उन पर किसी तरह के हमले को रोका जा सके।
विज्ञापन
'डेली स्टार' अखबार की खबर के मुताबिक जनरल जमान ने राजशाही छावनी में सेना, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने बताया कि उन्होंने उन लोगों की उनकी पार्टी से जुड़ाव, विचारधारा और धर्म की परवाह किए बिना शरण दी। उन्होंने कहा, अगर उनके खिलाफ कोई आरोप लगता है और मामला दर्ज किया जाता है, तो उन्हें दंडित किया जाएगा। लेकिन हम उन पर हमला नहीं चाहते हैं। हमने उनकी जान के खतरे के कारण उन्हें शरण दी है।
विज्ञापन
हसीना सरकार के कानून मंत्री और निवेश मंत्री गिरफ्तार
जनरल जमान की टिप्पणी ऐसे दिन आई है, जब पूर्व कानून मंत्री अनुसुल हक और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के निजी उद्योग और निवेश मामलों के सलाहकार सलमान एफ. रहमान को ढाका में गिरफ्तार किया गया है। पूर्व विदेश मंत्री हसन महमूद और पूर्व राज्य मंत्री जुनैद अहमद को पिछले हफ्ते ढाका हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था। तब प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पद से इस्तीफा दे दिया था और देश छोड़ दिया था।
विज्ञापन
कई सांसद और कैबिनेट मंत्री छोड़ चुके देश
खबरों के मुताबिक, हसीना की अवामी लीग के कई शीर्ष नेता, सांसद और कैबिनेट मंत्री देश छोड़कर जा चुके हैं। कई अन्य मंत्रियों ने अपने सरकारी या निजी आवास छोड़ दिए हैं। बताया जा रहा है कि वे सुरक्षित ठिकानों पर छिपे हुए हैं।
अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाएंगे: सेना प्रमुख
ताजा स्थिति को लेकर विदेश से किसी भी दबाव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने ना में जवाब दिया। उन्होंने कहा, यह ऐसी स्थिति है जिसे हर कोई जानता है। अल्पसंख्यकों के मुद्दों पर कुछ चर्चा हुई है। 20 जिलों में अल्पसंख्यकों से जुड़े कुल 30 हमले हुए हैं। उन्होंने कहा, हम घटनाओं की जांच कर रहे हैं। हम अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाएंगे।
उन्होंने कहा, स्थिति सामान्य हो गई है। लेकिन पुलिस अभी भी सदमे में है। एक बार यह खत्म हो जाने के बाद पुलिस फिर से अपने दायित्वों को ठीक से निभाने में सक्षम होगी।
सेना पुलिस को दे रही सुरक्षा
सेना प्रमुख ने कहा कि पुलिस ने विभिन्न थानों में काम करना शुरू कर दिया है। हम पुलिस को सुरक्षा दे रहे हैं। जब वे पूरी तरह से काम करना शुरू कर देंगे, तो स्थिति सामान्य हो जाएगी। इसके बाद हम छावनी लौ जाएंगे। उन्होंने कहा, हम सरकार को हर संभव मदद मुहैया कराएंगे। सरकार कुछ सुधार चाहती है और एक स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराना चाहती है। हम इसको लेकर सभी प्रकार की मदद प्रदान करेंगे।
पुलिस से लूटे गए हथियार बरामद
उन्होंने कहा कि पुलिस से लूटे गए कई हथियार पहले ही बरामद किए जा चुके हैं। आने वाले दिनों में जल्द ही और हथियारों की बरामदगी की जाएगी।