यूपी, पंजाब, हिमाचल समेत 18 राज्यों की 51 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लाइव अपडेट
हिमाचल उपचुनाव: धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए दोनों विधानसभा क्षेत्रों में बने 202 मतदान केंद्रों पर आज सुबह आठ बजे मतदान जारी है। धर्मशाला में 9 बजे तक 7.80 प्रतिशत वोटिंग हुई है। मतदान का अगला बुलेटिन 11.30 बजे जारी होगा।
राजस्थान की मंडावा (झुन्झुनूं) एवं खींवसर (नागौर) दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। ओडिशा के बारगढ़ जिले में बीजेपुर विधानसभा सीट पर भी हो रहे उपचुनाव पर लोगों की नजर बनी हुई है। इस सीट से मुख्यमंत्री नवीन पटनायक विधायक थे।
अरूणाचल प्रदेश की एक और तमिलनाडु की दो सीटों पर वोटिंग
अरूणाचल प्रदेश की खोंसा पश्चिम विधानसभा सीट पर मतदान हो रहा है। यहा चुनावी मैदान में केवल दो निर्दलीय उम्मीदवार है। तमिलनाडु की विक्रवंदी और नानगुनेरी विधानसभा सीट के लिए भी मतदान जारी है।
असम की चार और सिक्किम की तीन विधानसभा सीटों पर मतदान जारी
असम में चार विधानसभा सीटों- रंगपारा, सोनारी, रतबारी और जनिया पर हो रहे उपचुनाव में मतदान करने के लिए लंबी कतारें लगी हैं। इन सीटों पर 20 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सिक्किम की तीन विधानसभा सीटों पोकलोक कामरंग, गंगटोक और मरताम-रुमटेक में वोटिंग जारी है।
केरल के पांच, तेलंगाना और पुडुचेरी की एक-एक सीट पर मतदान
केरल की तिरुवनंतपुरम, अरूर (अलप्पुझा), कोन्नी (पथनामथिट्टा), एर्नाकुलम और मंजेश्वरम (कासरगोड) सीट पर उपचुनाव हो रहा है। तेलंगाना की हुजूरनगर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में बड़ी संख्या में मतदाता पोलिंग बूथ पहुंचे थे। पुदुचेरी के कामराजनगर सीट के लिए भी आज वोटिंग हो रही है।
उपचुनाव: गुजरात की छह और मध्यप्रदेश की एक सीट पर मतदान जारी
गुजरात में अमराईवाड़ी, खेरालू, थराद, लुणावाडा, बयाड और राधनपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। मध्यप्रदेश की झाबुआ सीट पर भी मतदान हो रहा है।
छत्तीसगढ़ में चित्रकूट विधानसभा सीट पर मतदान जारी
छत्तीसगढ़ में चित्रकूट विधानसभा में स्थित मतदान केंद्रों पर लोग वोट डालने पहुंचे हैं। नक्सल प्रभावित चित्रकूट (अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीट) से कांग्रेस विधायक दीपक बैज के बस्तर लोकसभा सीट से निर्वाचित होने के कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।
मुकेरियां से कांग्रेस प्रत्यशी इन्दू बाला ने आर्य स्कूल में मतदान किया। आर्य स्कूल में ही भाजपा प्रत्याशी जंगी लाल महाजन ने भी परिवार के साथ मतदान किया। मुकेरियां विधानसभा में सुबह नौ बजे तक 12 फीसदी मतदान हुआ है।
धर्मशाला में सात और पच्छाद में पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके बाद 24 अक्तूबर को सुबह 8 बजे मतगणना आरंभ होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की मतगणना राजगढ़ कॉलेज, जबकि धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र की मतगणना धर्मशाला कॉलेज के प्रयास भवन में होगी।
यूपी विधानसभा की 11 सीटों पर उपचुनाव
विधानसभा की 11 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान सुबह सात से शाम पांच बजे तक होगा। उपचुनाव में 109 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं। 2307 मतदान केन्द्रों के 4529 मतदान बूथों पर 41 लाख 8 हजार 328 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उत्तर प्रदेश में चतुष्कोणीय मुकाबले की संभावना है क्योंकि भाजपा, बसपा, सपा और कांग्रेस ने सभी 11 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। पूर्व में इन सीटों में से आठ सीटें भाजपा और एक सीट भाजपा की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के पास थीं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि 21 अक्तूबर को सहारनपुर जिले की गंगोह, रामपुर जिले की रामपुर, अलीगढ़ की इगलास, लखनऊ की कैंट, कानपुर नगर की गोविंद नगर, चित्रकूट की मानिकपुर, प्रतापगढ़ की प्रतापगढ़, बाराबंकी की जैदपुर, आंबेडकर नगर की जलालपुर, बहराइच की बलहा और मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव होगा। 5435 ईवीएम, 5435 बैलेट यूनिट और 5888 वीवीपैट मशीनें लगाई गई हैं। 22 लाख 13 हजार 466 पुरुष और 18 लाख 94 हजार 724 महिला मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगी। उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए 1142 भारी वाहन, 1263 हल्के वाहन और 21 हजार 584 कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
उपचुनाव में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष मतदान के लिए 11 सामान्य प्रेक्षक, 11 व्यय प्रेक्षक, 337 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 60 जोनल मजिस्ट्रेट, 471 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 520 माइक्रो पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। उपचुनाव के लिए पर्याप्त मात्रा में अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। 429 संवेदनशील बूथों पर वेबकास्टिंग भी कराई जाएगी।
धर्मशाला और पच्छाद में आज डाले जाएंगे वोट
धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए आज वोट डाले जाएंगे। दो विस क्षेत्रों में 202 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। कुल 1 लाख 56 हजार 624 वोटर ईवीएम का बटन दबाकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। 31 संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
धर्मशाला में वृद्ध मतदाताओं के लिए दाड़ी स्थित वृद्धाश्रम में सहायक मतदान केंद्र जबकि कुछ आदर्श मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। पच्छाद में 452 और धर्मशाला में 356 मतदान कर्मी तैनात किए गए हैं। धर्मशाला में सात और पच्छाद में पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। हालांकि दोनों विस क्षेत्रों से निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनौती दे रहे हैं। 24 अक्तूबर को सुबह 8 बजे मतगणना आरंभ होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की मतगणना राजगढ़ कॉलेज, जबकि धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र की मतगणना धर्मशाला कॉलेज के प्रयास भवन में होगी। अमर उजाला भी मतदाताओं से अपील करता है कि वे मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लें।
5243 मतदाता डालेंगे पहली बार वोट
धर्मशाला में 18 व 19 वर्ष के 2108 और पच्छाद में 3135 मतदाता पहली वार उपचुनाव में अपने मत का प्रयोग करेंगे। नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए चुनाव आयोग ने विशेष अभियान चलाया हुआ है।