Assam: महिला नेता ने श्रीनिवास बीवी के खिलाफ पुलिस में दर्ज कराई शिकायत, पार्टी ने भेजा कारण बताओ नोटिस
दत्ता ने यहां दिसपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि श्रीनिवास पिछले छह महीने से महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करके, अपशब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं।
विस्तार
असम युवा कांग्रेस की प्रमुख अंगकिता दत्ता ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी के खिलाफ उत्पीड़न और हाथापाई का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी की राज्य इकाई ने मंगलवार को उनके उस ट्वीट के लिए श्रीनिवास बीवी को कारण बताओ नोटिस जारी किया, जिसमें उन्होंने उन पर लिंग के आधार पर उनके साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया ।
दत्ता ने यहां दिसपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि श्रीनिवास पिछले छह महीने से महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करके, अपशब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं।
शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि फरवरी में रायपुर में पार्टी के महाधिवेशन के दौरान आरोपी ने उनके साथ धक्का-मुक्की की थी और उनका राजनीतिक करियर बर्बाद करने की धमकी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया, 'मुझे आज तक यह भी याद है कि उन्होंने 'अरे लड़की, तुम क्या लिखती रहती हो' शब्दों का इस्तेमाल किया था और यह भी पूछा था कि मैं कौन से मादक पेय पीती हूं।
पुलिस ने कहा कि वे वर्तमान में शिकायत की जांच कर रहे हैं और कानून के शासन का पालन किया जाएगा। दत्ता द्वारा दो दिन पहले ट्वीट किए जाने के कुछ घंटे बाद श्रीनिवास ने उन्हें कानूनी नोटिस जारी किया और दावा किया कि वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने की तैयारी में उन्हें बदनाम कर रही हैं।
इस बीच, असम कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा ने संवाददाताओं से कहा कि श्रीनिवास के खिलाफ आरोपों को ट्वीट करने के बाद दत्ता ने स्पष्टीकरण के लिए उन्हें अपने कार्यालय में बुलाया था, जिसके बाद दत्ता ने उनसे मुलाकात की थी। उन्होंने कहा, 'हमने राज्य उपाध्यक्ष (संचार) बबीता सरमा से इस मामले में एआईसीसी के साथ समन्वय करने के लिए कहा है और उन्हें पहले ही कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि दत्ता एआईसीसी की सदस्य हैं और राज्य इकाई उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं कर सकती। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को इस मामले के बारे में सूचित किया था। वह ऐसा कर सकती हैं, हालांकि, अगर वह मामले की जांच चाहती हैं तो उन्हें उचित प्रक्रिया का पालन करना चाहिए था।
बोरा ने कहा कि वह और जितेंद्र सिंह राज्य में एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रतिनिधि हैं और उन्हें अपनी शिकायतों के बारे में हम तीनों या संगठनात्मक सचिव के सी वेणुगोपाल को सूचित करना चाहिए था। दत्ता ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने श्रीनिवास बीवी नाम के व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, न कि कांग्रेस के खिलाफ।
उन्होंने कहा, मैं कांग्रेस सदस्यों के परिवार से हूं और मैं पार्टी की चौथी पीढ़ी की सदस्य हूं। मैं अब भी पार्टी के लिए काम कर रही हूं। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने उनके ट्वीट का स्वत: संज्ञान लिया है और आवश्यक कार्रवाई करने के लिए राज्य पुलिस को पत्र लिखा है।
और भी पढ़ें....
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.