{"_id":"62acbeea6cef427e44530e89","slug":"assam-heavy-rain-flood-situation-worsens-due-to-floods-in-assam-11-lakh-people-affected-in-25-districts-latest-news-update","type":"story","status":"publish","title_hn":"Assam Flood: असम में बाढ़ से हालात बदतर, अब तक 55 मौतें, 25 जिलों में 11 लाख लोग प्रभावित","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Assam Flood: असम में बाढ़ से हालात बदतर, अब तक 55 मौतें, 25 जिलों में 11 लाख लोग प्रभावित
Fri, 17 Jun 2022 11:21 PM IST
अभिषेक दीक्षित
पीटीआई, गुवाहाटी
पीटीआई, गुवाहाटी
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Fri, 17 Jun 2022 11:21 PM IST
सार
सरकार ने बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन जैसी समस्याओं से निपटने के लिए चार समितियां बनाई हैं। हर समिति को एक कैबिनेट मंत्री लीड करेगा।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : social media
विस्तार
पिछले तीन-चार दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से असम में हलात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। असम समेत पूर्वोत्तर राज्यों, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी बाढ़ और भूस्खलन की वजह से बुरे हालात हैं। असम के करीब 25 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, इससे करीब 11 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। बाढ़ की वजह से 1,702 गांव प्रभावित हुए हैं जिसकी वजह से 68,000 लोग 150 राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हुए हैं।
विज्ञापन
असम में बाढ़ की स्थिति बहुत गंभीर है। सरकारी बुलेटिन के मुताबिक बाढ़ से दो बच्चों समेत नौ और लोगों की मौत हुई है। राज्य में इस साल बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 55 हो गई है।
विज्ञापन
अधिकारियों का कहना है कि राज्य के कई इलाकों में ब्रह्मपुत्र, मानस, गौरांग, कोपिली और पगलादिया नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर है। असम में 17 जून तक बारिश का अलर्ट है। वहीं, बाढ़ के चलते करीब 19,782.80 हेक्टेयर फसल भूमि पानी में डूब गई है। राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार, 72 राजस्व मंडलों के अंतर्गत आने वाले 1,510 गांव में पानी भरा है। प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है।
विज्ञापन
सरकार ने बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन जैसी समस्याओं से निपटने के लिए चार समितियां बनाई हैं। हर समिति को एक कैबिनेट मंत्री लीड करेगा। केंद्रीय जहाज, जलमार्ग और बंदरगाह मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ बैठक की और मौजूदा हालात की जानकारी ली। इधर, बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर और निर्देशक रोहित शेट्टी ने बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए सीएम राहत कोष में 5 लाख रुपये दिए हैं। मुख्यमंत्री सरमा ने दोनों का आभार जताया है।
डूबने और भूस्खलन से तीन की मौत
इधर, ताजा घटना में शोणितपुर जिले में जियाभराली नदी में नाव पलटने से एक शख्स डूब गया, जबकि उस पर सवार अन्य तीन यात्रियों बचा लिया गया। वहीं, असम में बाढ़ और भूस्खलन से इस साल अब तक मरने वालों की संख्या बृहस्पतिवार को 46 तक पहुंच गई, जब भूस्खलन में घर गिरने से दो बच्चे जिंदा दफन हो गए। अधिकारी के मुताबिक गुवाहाटी के कुछ क्षेत्रों समेत डिमा हसाउ, ग्वालपाड़ा, होजाई, कामरूप और कामरूप (मेट्रो) के कुछ हिस्सों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं।
मेघालय में राजमार्ग हुआ क्षतिग्रस्त, अरुणाचल में सुबनसिरी उफान पर
मेघालय में बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग 6 के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जिसकी वजह से त्रिपुरा, दक्षिणी असम, मिजोरम और मेघालय के कुछ हिस्सों को जोड़ने वाले अहम राजमार्ग को फिलहाल बंद कर दिया गया है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में सुबनसिरी नदी का जल स्तर बढ़ने से एनएचपीसी की निर्माणाधीन परियोजना पर कार्यरत लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।
ओडिशा : समुद्र में फंसे 12 मछुआरों को बचाया
ओडिशा पुलिस और तटरक्षक बल ने समुद्र में 12 घंटे से ज्यादा समय से फंसे 12 मछुआरों को बचा लिया। हालांकि जिस जहाज में वह सवार थे, उसके चालक दल का एक सदस्य लापता है। उसकी तलाश की जा रही है।
केंद्रपाड़ा जिले के तालचुआ मैरीन थाने के इंस्पेक्टर श्रीकांत बारिक ने बताया, तकनीकी खराबी के कारण मछुआरों का जहाज बृहस्पतिवार को समुद्र में फंस गया था। सूचना के बाद बचाव दल भेजा गया, लेकिन तेज समुद्री हवाओं के कारण इसे वापस नहीं लाया जा सका। बाद में इसे एक अन्य जहाज में बांधकर केंद्रपाड़ा में मछली पकड़ने के बंदरगाह तक लाया गया।