Assam: 'बांग्लादेश से असम में प्रवेश कर सकेंगे भारतीय पासपोर्ट धारक', DGP बोले- घुसपैठियों पर करेंगे कार्रवाई
असम पुलिस महानिदेशक ने कहा कि असम पुलिस और सीमा सुरक्षा बल गैर-भारतीयों द्वारा देश में अवैध रूप से प्रवेश करने के किसी भी प्रयास को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। हमारी ओर से, निर्देश स्पष्ट है कि हम किसी को भी अवैध रूप से असम में प्रवेश करने की अनुमति नहीं देंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय पासपोर्ट धारकों को बांग्लादेश से असम में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इस बारे में असम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बृहस्पतिवार को पुष्टि की। वहीं, उन्होंने कहा कि अवैध रूप से असम में प्रवेश करने की अनुमति नहीं देंगे। कहा कि अगर कोई घुसपैठ की कोशिश करता है तो हम कानून के अनुसार कार्रवाई करेंगे।
पुलिस महानिदेशक ने तिनसुकिया में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि असम पुलिस और सीमा सुरक्षा बल गैर-भारतीयों द्वारा देश में अवैध रूप से प्रवेश करने के किसी भी प्रयास को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। हमारी ओर से, निर्देश स्पष्ट है कि हम किसी को भी अवैध रूप से असम में प्रवेश करने की अनुमति नहीं देंगे। असम और भारत के अन्य हिस्सों से कई छात्र बांग्लादेश में पढ़ रहे हैं। पिछले महीने की गड़बड़ी के दौरान, 78 छात्र वापस लौट आए, जिनमें से 60 असम से थे और 18 भारत के विभिन्न हिस्सों से थे। सिंह ने कहा कि इस बार भी निर्देश जारी किया गया है कि बांग्लादेश में सभी भारतीय पासपोर्ट धारकों को वापस लौटने की अनुमति दी जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संयुक्त गश्त कर रही बीएसएफ-असम पुलिस
डीजीपी ने आगे कहा, हम पिछले तीन दिनों से नियमित रूप से बांग्लादेश में स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। वहां के घटनाक्रम के बाद, हमने असम के सभी एसपी के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस की और उन्हें तदनुसार निर्देश दिए। हमने बीएसएफ के साथ भी वीडियो कॉन्फ्रेंस की है, जिसमें बीएसएफ डीजी, केंद्रीय गृह सचिव और अन्य अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि असम सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बीएसएफ के साथ असम के चार जिलों के डीसी और एसपी के साथ भी चर्चा की है। बीएसएफ और असम पुलिस सतर्क है। बीएसएफ और असम पुलिस अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संयुक्त गश्त कर रही है।
उल्फा (आई) समूह को बेअसर करने के लिए हुई चर्चा
सिंह ने कहा, हमारी जानकारी के अनुसार, असम-अरुणाचल प्रदेश क्षेत्रों में एक उल्फा (आई) समूह है। सुरक्षा समीक्षा बैठक में हमने चर्चा की है कि उस समूह को कैसे बेअसर किया जाए। सभी संबंधित लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। पुलिस, सीएपीएफ, सेना और सभी खुफिया एजेंसियों को जानकारी दे दी गई है। हमारा प्रयास असम के अंदर समूह द्वारा किसी भी कृत्य को रोकने का है। असम शांति की राह पर है और उन्होंने उल्फा (आई) से इस माहौल को नष्ट नहीं करने की अपील की।
निर्दोष लोगों को मारना उचित नहीं: डीजीपी
पुलिस महानिदेशक सिंह ने कहा, अगर किसी को कोई शिकायत है तो वे सरकार से बात कर सकता है, लेकिन निर्दोष लोगों को मारना उचित नहीं है। हम सतर्क हैं और इसे रोकने के लिए हर संभव कार्रवाई करेंगे। बैठक में असम पुलिस, भारतीय सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों ने भाग लिया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.