{"_id":"685d7668bc904ddd730745f1","slug":"arvind-kejriwal-may-be-in-new-trouble-acb-files-case-against-saurabh-bhardwaj-and-satyendra-jain-2025-06-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"AAP: नई मुसीबत में फंस सकते हैं केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज-सत्येंद्र जैन पर एसीबी ने दर्ज किया केस","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
AAP: नई मुसीबत में फंस सकते हैं केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज-सत्येंद्र जैन पर एसीबी ने दर्ज किया केस
Thu, 26 Jun 2025 10:27 PM IST
राहुल कुमार
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: राहुल कुमार
Updated Thu, 26 Jun 2025 10:27 PM IST
सार
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने केजरीवाल सरकार के मंत्रियों सत्येंद्र जैन और सौरभ भारद्वाज के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज कर लिया है। आम आदमी पार्टी के दोनों नेताओं पर दिल्ली में 24 अस्पतालों के निर्माण के मामले में अनियमितता बरतने और भ्रष्टाचार करने के मामले में केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अरविंद केजरीवाल एक और नई मुसीबत में फंस सकते हैं। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने केजरीवाल सरकार के मंत्रियों सत्येंद्र जैन और सौरभ भारद्वाज के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज कर लिया है। आम आदमी पार्टी के दोनों नेताओं पर दिल्ली में 24 अस्पतालों के निर्माण के मामले में अनियमितता बरतने और भ्रष्टाचार करने के मामले में केस दर्ज किया गया है। इस केस में पांच ठेकेदारों को भी आरोपी बनाया गया है। यह शिकायत वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की शिकायत पर दर्ज की गई थी। अब उपराज्यपाल वीके सक्सेना की अनुमति मिल जाने के बाद इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन
माना यह भी जा रहा है कि यदि यह मामला आगे बढ़ता है तो इसकी आंच स्वयं तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक भी जा सकती है। भाजपा का आरोप रहा है कि अरविंद केजरीवाल की सहमति के बिना सरकार या आम आदमी पार्टी में कुछ भी नहीं होता था। ऐसे में माना जा रहा है कि इस मामले की आंच केजरीवाल तक भी जा सकती है।
विज्ञापन
दरअसल, विजेंद्र गुप्ता ने पुलिस के सामने यह शिकायत दर्ज कराई थी कि तत्कालीन सरकार अस्पतालों के निर्माण के नाम पर धांधली कर रही है। दिल्ली सरकार ने 24 अस्पतालों के निर्माण को मंजूरी देकर इनके लिए धन आवंटित किया था, लेकिन अब तक एक भी अस्पताल का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है, जबकि इस दौरान अस्पतालों के निर्माण की लागत में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी।
विज्ञापन
कैसे बढ़ी लागत
विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया था कि अस्पतालों के निर्माण में अनियमितता की जा रही है और लागत बढ़ाकर बड़े घोटाले को अंजाम दिया जा रहा है। उनके अनुसार, एलएन अस्पताल में न्यू ब्लॉक के निर्माण के लिए पहली बार में 465.52 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया था, लेकिन योजना बनने के बाद भी चार वर्षों में यह काम नहीं पूरा किया गया। लेकिन इसी बीच इस योजना की लागत 465.52 करोड़ रूपये से बढ़ाकर 1125 करोड़ रुपये कर दी गई। यह शुरुआती लागत से लगभग तीन गुना ज्यादा है। गुप्ता ने इसी तरह कई अन्य निर्माणों में कई गुना लागत बढ़ाकर निर्माण कार्य किए जाने का आरोप लगाया था।
अब तक इस मामले में केस दर्ज करने को लेकर उपराज्यपाल की अनुमति नहीं मिली थी, इसलिए अब तक यह मामला लटका हुआ था। लेकिन अब वीके सक्सेना की अनुमति मिल जाने के बाद इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया।
कांग्रेस ने भाजपा-आप में सांठगांठ होने का आरोप लगाया
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग में हुए हजारों करोड़ के घोटाले में भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच सांठगांठ हो गई है। यही कारण है कि इस मामले में अब तक सरकार ढीला रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि जब इस मामले में निर्माण लागत मूल्य बढ़ाकर घोटाला करने के साक्ष्य सामने आ गए थे तब अब तक भाजपा सरकार ने इस मामले की जांच को आगे क्यों नहीं बढ़ाया।
देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने और उप पराज्यपाल भी उनके अनुसार होने के बाद भी इस मामले की अब तक जांच न कराना दोनों दलों के इरादों पर संदेह पैदा करता है। उन्होंने कहा कि इस मामले का परिणाम जल्द से जल्द जनता के सामने आना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए जिससे जनता से जुड़े मुद्दों पर कोई भ्रष्टाचार करने की हिम्मत न कर सके।