नौशेरा से पुंछ तक एक साथ जवाबी कार्रवाई की तैयारी में सेना
बैट हमले के बाद पाकिस्तान के साथ बढ़ी तनातनी के बीच एलओसी पर भारतीय सेना ने रणनीति में तब्दीली की है। इसके तहत अब पूरी एलओसी पर नौशेरा से लेकर पुंछ तक दुश्मन के नापाक साजिशों पर एक साथ जवाबी कार्रवाई की तैयारियां की जा रही हैं।
इसके लिए एलओसी से सटे डेट यूनिट (गोला भंडारण यूनिट) में गोला बारूद का जखीरा भेजा जा रहा है। हालांकि सेना का कहना है ये तैयारियां रूटीन के तहत ही की जा रही हैं। किसी भी प्रकार का अतिरिक्त इंतजाम नहीं किया जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि डेट यूनिट में गोला बारूद भरपूर स्टोर कर लिया गया है। जरूरत के अनुसार इनकी फारवर्ड पोस्टों पर सप्लाई की जाएगी। तैयारी है कि यदि पाक ने किसी पोस्ट पर नापाक कोशिश की तो इसका एक साथ मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
बैट हमले के बाद एलओसी पर सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अकेले में जवानों की पेट्रोलिंग बंद कर दी गई है। पेट्रोलिंग के लिए ग्रुप में ही जवानों को भेजा जा रहा है।
फारवर्ड पोस्ट पर निगरानी बढ़ाई गई
भारत की ओर से फारवर्ड पोस्ट पर निगरानी बढ़ाई गई है। दुश्मन के पोस्टों पर हो रही हलचल पर बारीक निगाह रखी गई है। नौशेरा सेक्टर के झंगड़, कलसियां, राजोरी, बालाकोट, कृष्णा घाटी, मनकोट सेक्टर सहित पूरी एलओसी पर जवानों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सेना की हलचल तेज है। रोजाना बख्तरबंद गाड़ियां सैन्य ठिकाने पर पहुंच रही हैं। कहा जा रहा है कि इनमें गोला बारूद लाया जा रहा है।
ग्रामीणों में दहशत
ग्रामीणों का कहना है कि सेना की ओर से जिस प्रकार की तैयारियां की जा रही हैं, उससे लगता है कि जल्द ही कोई बड़ी कार्रवाई हो सकती है। ग्रामीणों को इस बात का भय सता रहा है कि दोनों ओर से गोलाबारी में जान माल का नुकसान उठाना पड़ सकता है। पहले भी लोगों को जान माल का नुकसान उठाना पड़ा है।